जंतर-मंतर पर बड़ा बवाल; सौरभ भारद्वाज, आतिशी और संजय सिंह समेत 500 हिरासत में, इंटरनेट बंद
दिल्ली के जंतर-मंतर पर बड़ा बवाल हो गया। ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग पर प्रदर्शन कर रहे सौरभ भारद्वाज, आतिशी और संजय सिंह समेत 500 नेता हिरासत में लिए गए हैं। इंटरनेट सेवा भी बंद।

Jantar Mantar Protest: मुख्य चुनाव आयुक्त (सीईसी) ज्ञानेश कुमार के खिलाफ दिल्ली के जंतर-मंतर पर विपक्षी दलों के प्रदर्शन के दौरान भारी बवाल हो गया। पुलिस ने ऐक्शन लेते हुए आम आदमी पार्टी के बड़े नेताओं सौरभ भारद्वाज, आतिशी और संजय सिंह समेत 500 नेताओं को हिरासत में ले लिया है। जंतर-मंतर पर बीएनएसएस की धारा 163 लागू कर दी गई है। बवाल के बीच दिल्ली मेट्रो के कई स्टेशन बंद किए गए हैं। साथ ही 12 घंटे के लिए इंटरनेट सेवा भी निलंबित है।
जंतर-मंतर पर विभिन्न राजनीतिक दल समेत आइसा, एसएफआई, एनएसयूआई तथा अन्य छात्र संगठन एसआईआर में कथित अनियमितताओं और बड़े पैमाने पर मतदाताओं के नाम हटाए जाने को लेकर मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर प्रदर्शन कर रहे हैं।
500 से अधिक नेता अरेस्ट
पुलिस ने कहा कि उसने भारद्वाज ने 'एक्स' पर एक पोस्ट में कहा कि शांतिपूर्ण प्रदर्शन के बावजूद उन्हें और संजीव झा को हिरासत में लिया गया। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों से आंदोलन जारी रखने और जंतर-मंतर पहुंचने का आग्रह किया। पुलिस के एक सूत्र ने बताया कि एसएफआई के करीब 700 कार्यकर्ताओं ने जंतर-मंतर पहुंचने की कोशिश की और उन्हें अशोका रोड गोलचक्कर पर रोक दिया गया। 500 से अधिक प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया गया है।
एसएफआई की महासचिव आइशी घोष ने कहा कि डीवाईएफआई और एसएफआई के कई कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया गया है। घोष ने कहा, ''दिल्ली पुलिस राजधानी में अपराधों को रोकने में सक्षम नहीं है, लेकिन जब ज्ञानेश कुमार जैसे किसी व्यक्ति की सुरक्षा की बात आती है, तो वे सड़कों पर उतर आते हैं।'' उन्होंने कहा, ''यह लोकतंत्र नहीं है। अगर पुलिस को लगता है कि वे हमें हिरासत में लेकर आंदोलन को रोक सकते हैं, तो हम उन्हें बताना चाहते हैं कि यह तो सिर्फ शुरुआत है।''
सड़क पर आप नेताओं का गुस्सा भड़का
एक वीडियो संदेश में भारद्वाज ने कहा कि पुलिस ने उन्हें बताया कि प्रदर्शन की अनुमति नहीं दी गई थी, लेकिन उन्होंने सवाल उठाया कि जब जंतर-मंतर एक निर्धारित प्रदर्शन स्थल है तो लोकतंत्र में प्रदर्शन करने के लिए अनुमति की क्या आवश्यकता है। भारद्वाज ने यह भी कहा कि पार्टी ने करीब एक हफ्ते पहले प्रदर्शन की अनुमति मांगने के लिए पत्र सौंपे थे। भारद्वाज ने कहा, ''हम अपनी चिंताओं को उठाने के लिए अपने लोकतांत्रिक अधिकार का प्रयोग कर रहे हैं।''
मेट्रो स्टेशन बंद; 12 घंटे इंटरनेट पर रोक
उन्होंने कहा कि जंतर-मंतर के पास के कई मेट्रो स्टेशन बंद कर दिए गए हैं और लोगों से अपील की कि वे निकटतम खुले मेट्रो स्टेशन तक यात्रा करें और यदि संभव हो तो पैदल चलकर प्रदर्शन स्थल तक पहुंचे। दिल्ली मेट्रो ने राजीव चौक, केंद्रीय सचिवालय और जंतर-मंतर सहित 12 स्टेशनों पर प्रवेश और निकास बंद कर दिए हैं। जंतर-मंतर के आसपास 12 घंटे के लिए इंटरनेट सेवाएं भी निलंबित कर दी गई हैं।

