दिल्ली में 'वन जोन-वन ऑपरेटर' व्यवस्था, सीवर और वाटर सप्लाई पर खर्च होंगे 18000 करोड़

हिन्दुस्तान, नई दिल्ली
share

दिल्ली में सीवर और वाटर सप्लाई में सुधार के लिए ‘वन जोन, वन ऑपरेटर’ की व्यवस्था लागू की जाएगी। दिल्ली जल बोर्ड ने इसके लिए करीब 18 हजार करोड़ रुपए की परियोजनाओं को मंजूरी दी है। इसमें दक्षिणी दिल्ली में वाटर सप्लाई पर 6044.05 करोड़ रुपए खर्च किए जाएंगे। 

दिल्ली में सीवर और वाटर सप्लाई खर्च होंगे 18000 करोड़ रुपए।
दिल्ली में सीवर और वाटर सप्लाई खर्च होंगे 18000 करोड़ रुपए।

राजधानी दिल्ली में सीवर और पानी की व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए दिल्ली जल बोर्ड ने करीब 18 हजार करोड़ (17,970) की परियोजनाओं को मंजूरी दी है। दिल्ली में अब सीवर व्यवस्था को आठ जोन में बांटकर ‘वन जोन, वन ऑपरेटर’ की व्यवस्था लागू की जाएगी। इसके तहत सीवर लाइन, मैनहोल, पंपिंग स्टेशन से लेकर शिकायतों के निपटारे तक की जवाबदेही एक ही एजेंसी की होगी। ये एजेंसी ही 10 साल तक सीवर लाइनों की सफाई, पंपिंग स्टेशनों का संचालन और मेंटेनेंस भी करेंगी।

बड़ी परियोजनाओं के तहत दक्षिणी दिल्ली में पानी की आपूर्ति पर 6044.05 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। 328 एमजीडी अतिरिक्त सीवेज ट्रीटमेंट क्षमता विकसित करने के लिए 7373 करोड़ रुपये और वजीराबाद जलापूर्ति परियोजना के लिए 1214.58 करोड़ रुपये खर्च होंगे। यमुना में बिना शोधित सीवेज पहुंचने से रोकने के लिए दिल्ली जल बोर्ड ने 13 नए सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट के टेंडर आमंत्रित करने को मंजूरी दी है। वहीं, वजीराबाद जलापूर्ति परियोजना के लिए बोर्ड ने 1214 करोड़ रुपये के पैकेज को प्रशासनिक मंजूरी दी है। इसमें 80 एमजीडी का नया वाटर ट्रीटमेंट प्लांट, ऑटोमेटेड रॉ-वॉटर इंटेक और 15 वर्ष का संचालन व रखरखाव शामिल है। मौजूदा 40 एमजीडी के प्लांट को भी दुरुस्त किया जाएगा।

दक्षिणी दिल्ली में 2.44 लाख लोगों को लाभ होगा

दक्षिणी दिल्ली की जलापूर्ति को बेहतर बनाने के लिए स्वीकृत की परियोजना के तहत 247 वर्ग किलोमीटर क्षेत्र और 12 विधानसभा क्षेत्रों में स्मार्ट मीटर, बल्क फ्लो मीटर, क्लोरीन सेंसर और प्रेशर सेंसर लगाए जाएंगे। इनके जरिए पानी की खपत, आपूर्ति, दबाव और गुणवत्ता की रियल-टाइम निगरानी की जाएगी। जल ऑडिट के जरिए पानी के नुकसान की पहचान की जाएगी। इससे 2,44,381 घरेलू उपभोक्ताओं को फायदा मिलेगा। दिल्ली सरकार में वाटर मिनिस्टर प्रवेश वर्मा ने कहा कि इस व्यवस्था के लागू होने से समस्या की जानकारी सिस्टम को मिल जाएगी। इसे ठीक करने की जिम्मेदारी ऑपरेटर की होगी।

आग लगने पर संकरी गलियों में तत्काल मदद

दिल्ली में आग लगने पर अब संकरी गलियों में तत्काल मदद मिलेगी। इसके लिए अग्निशमन विभाग ने फायर बाइक और क्विक रिस्पांस व्हीकल (क्यूआरवी) खरीदे हैं। बुधवार को मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने सेवा संकल्प अभियान के तहत 20 फायर बाइक और 26 क्यूआरवी को हरी झंडी दिखाकर किया रवाना। इस दौरान उन्होंने गीतांजलि फायर स्टेशन का उद्घाटन भी किया। इसके बाद अब अग्निशमन केंद्रों की संख्या बढ़कर हुई 71 हो गई है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा, राजधानी की बढ़ती आबादी के साथ फायर सेफ्टी व्यवस्था को भी आधुनिक तकनीक, बेहतर संसाधनों और तेज प्रतिक्रिया क्षमता से लैस करना जरूरी है। दिल्ली फायर सर्विस की क्षमताओं को चरणबद्ध तरीके से मजबूत किया जा रहा है।

रोहिणी में स्पोर्ट्स कॉम्पलेक्स शुरू होगा

दिल्ली विकास प्राधिकरण (डीडीए) आज गुरुवार को रोहिणी के सेक्टर-33 में आधुनिक व भव्य खेल स्पोर्ट्स कॉम्पलेक्स को शुरू कर रहा है। इस खेल परिसर में स्विमिंग पूल, क्रिकेट ग्राउंड, क्रिकेट अभ्यास के लिए पिच, मिनी फुटबॉल फील्ड समेत कई खेल सुविधाएं युवाओं व छात्रों को प्रदान होगी।

Subodh Kumar Mishra

लेखक के बारे में

Subodh Kumar Mishra

सुबोध कुमार मिश्रा पिछले 19 साल से हिंदी पत्रकारिता में योगदान दे रहे हैं। वर्तमान में वह 'लाइव हिन्दुस्तान' में स्टेट डेस्क पर बतौर चीफ कंटेंट प्रोड्यूसर अपनी सेवाएं दे रहे हैं। दूरदर्शन के 'डीडी न्यूज' से इंटर्नशिप करने वाले सुबोध ने पत्रकारिता की विधिवत शुरुआत 2007 में दैनिक जागरण अखबार से की। दैनिक जागरण के जम्मू एडीशन में बतौर ट्रेनी प्रवेश किया और सब एडिटर तक का पांच साल का सफर पूरा किया। इस दौरान जम्मू-कश्मीर को बहुत ही करीब से देखने और समझने का मौका मिला। दैनिक जागरण से आगे के सफर में कई अखबारों में काम किया। इनमें दिल्ली-एनसीआर से प्रकाशित होने वाली नेशनल दुनिया, नवोदय टाइम्स (पंजाब केसरी ग्रुप), अमर उजाला और हिन्दुस्तान जैसे हिंदी अखबार शामिल हैं। अखबारों के इस लंबे सफर में खबरों को पेश करने के तरीकों से पड़ने वाले प्रभावों को काफी बारीकी से समझने का मौका मिला।

ज्यादातर नेशनल और स्टेट डेस्क पर काम करने का अवसर मिलने के कारण राजनीतिक और सामाजिक विषयों से जुड़ी खबरों में दिलचस्पी बढ़ती गई। कई लोकसभा और विधानसभा चुनावों की खबरों की पैकेजिंग टीम का हिस्सा रहने के कारण भारतीय राजनीति के गुणा-भाग को समझने का मौका मिला।

शैक्षणिक योग्यता की बात करें तो सुबोध ने बीएससी (ऑनर्स) तक की अकादमिक शिक्षा हासिल की है। साइंस स्ट्रीम से पढ़ने के कारण उनके पास चीजों को मिथ्यों से परे वैज्ञानिक तरीके से देखने की समझ है। समाज से जुड़ी खबरों को वैज्ञानिक कसौटियों पर जांचने-परखने की क्षमता है। उन्होंने मास कम्यूनिकेशन में पोस्ट ग्रेजुएट डिप्लोमा किया है। इससे उन्हें खबरों के महत्व, खबरों के एथिक्स, खबरों की विश्वसनीयता और पठनीयता आदि को और करीब से सीखने और लिखने की कला में निखार आया। सुबोध का मानना है कि खबरें हमेशा प्रमाणिकता की कसौटी पर कसा होना चाहिए। सुनी सुनाई और कल्पना पर आधारित खबरें काफी घातक साबित हो सकती हैं, इसलिए खबरें तथ्यात्मक रूप से सही होनी चाहिए। खबरों के चयन में क्रॉस चेकिंग को सबसे महत्वपूर्ण कारक मानने वाले सुबोध का काम न सिर्फ पाठकों को केवल सूचना देने भर का है बल्कि उन्हें सही, सुरक्षित और ठोस जानकारी उपलब्ध कराना भी है।

और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News , Delhi News , Ghaziabad News , Noida News , Gurgaon News , Faridabad News और दिल्ली में आज का मौसम सहित पूरे NCR की खबरें पढ़ने के लिए Live Hindustan App अभी डाउनलोड करे और पाएं पल-पल की ताज़ा खबर
Hindi Newsएनसीआर Newsदिल्ली में 'वन जोन-वन ऑपरेटर' व्यवस्था लागू होगी, सीवर-वाटर सप्लाई पर जोर