दिल्ली में सोशल मीडिया पर कमेंट किया तो चाकू से कर दी हत्या, 5 नाबालिगों समेत 8 गिरफ्तार
दिल्ली के जैतपुर में सोशल मीडिया वीडियो विवाद सुलझाने के बहाने बुलाकर दोस्तों पर चाकू से हमला किया गया, जिसमें 21 वर्षीय कृष्णा की मौत हो गई और पुलिस ने मामले में आठ आरोपियों को हिरासत में लिया है।

दिल्ली में सोशल मीडिया पर वीडियो डालने को लेकर शुरू हुए विवाद ने एक और युवक की जान ले ली। राजधानी के दक्षिण-पूर्वी जिले के जैतपुर इलाके में गुरुवार देर रात समझौते के बहाने बुलाकर तीन दोस्तों पर ताबड़तोड़ चाकू से हमला किया गया। इस हमले में 21 वर्षीय कृष्णा साहू की मौत हो गई, जबकि उसके दोस्त सन्नी और प्रिंस गंभीर रूप से घायल हो गए। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। पुलिस ने पांच नाबालिगों समेत आठ आरोपियों को पकड़ लिया है।
परिवार में इकलौता कमाने वाला था
पुलिस उपायुक्त दक्षिण-पूर्व जिला डॉ. हेमंत तिवारी ने बताया कि मृतक कृष्णा साहू अपने परिवार के साथ हरी नगर एक्सटेंशन, शुक्र बाजार रोड इलाके में रहता था। वह एक फैक्टरी में काम करता था और परिवार का इकलौता कमाने वाला था। उसके परिवार में बुजुर्ग माता-पिता और तीन बहनें हैं। हमले में घायल 21 वर्षीय सन्नी और 19 वर्षीय प्रिंस जैतपुर इलाके के रहने वाले हैं। सन्नी की हालत गंभीर बनी हुई है, उसके पेट और जांघों पर चाकू के आधा दर्जन से अधिक घाव हैं, जबकि प्रिंस को प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।
अग्रवाल धर्मशाला के पास हुई चाकूबाजी
पुलिस के अनुसार, 15 जनवरी की देर रात कंट्रोल रूम को मीठापुर स्थित अग्रवाल धर्मशाला के पास चाकूबाजी की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही जैतपुर थाना पुलिस, क्राइम टीम और एफएसएल की टीम मौके पर पहुंची। जांच में पता चला कि तीनों घायलों को एम्स ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया है। पुलिस टीम जब अस्पताल पहुंची तो डॉक्टरों ने कृष्णा साहू को मृत घोषित कर दिया। इसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और घायल प्रिंस के बयान के आधार पर हत्या और हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
सोशल मीडिया वीडियो को लेकर विवाद
प्रिंस ने पुलिस को बताया कि मीठापुर निवासी दीपक कुमार से उसका सोशल मीडिया पर वीडियो डालने को लेकर विवाद चल रहा था। आरोप है कि दीपक सोशल मीडिया पर प्रिंस की महिला मित्र का वीडियो पोस्ट करने के बाद लगातार उसे अपशब्द कहकर परेशान कर रहा था। इस बात को लेकर दोनों के बीच पहले भी कई बार झगड़ा हो चुका था।
15 जनवरी को भी हुई थी कहासुनी
15 जनवरी को भी इसी मुद्दे पर कहासुनी हुई थी। बाद में दीपक और उसके साथियों ने मामले को सुलझाने की बात कहकर प्रिंस को अग्रवाल धर्मशाला के पास बुलाया। प्रिंस अपने दोस्तों कृष्णा और सन्नी के साथ वहां पहुंचा, जहां पहले से ही दीपक और उसके कई साथी मौजूद थे। शुरू में समझौते की बातचीत हुई, लेकिन कुछ ही देर में बहस ने हिंसक रूप ले लिया। आरोप है कि दीपक और उसके साथियों ने अचानक चाकू निकालकर तीनों पर हमला कर दिया।
फुटेज की मदद से पकड़े
डीसीपी डॉ. हेमंत तिवारी ने बताया कि केस दर्ज करने के बाद पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। साथ ही स्थानीय मुखबिरों की मदद से आरोपियों की पहचान की गई। इसके बाद अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी कर दीपक कुमार, आशीष, नीरज कुमार और पांच नाबालिगों को गिरफ्तार किया गया। आरोपियों के पास से वारदात में इस्तेमाल किए गए चाकू, घटना के समय पहने कपड़े और एक दोपहिया वाहन बरामद किया गया है। पांचों नाबालिगों को जेजे बोर्ड के समक्ष पेश किया गया है।
जल्द आने की बात कही थी
मृतक के ताऊ देश सिंह ने बताया कि कृष्णा रोज की तरह फैक्टरी से काम करके शाम करीब छह बजे घर लौटा था। कुछ देर बाद एक युवक घर आया और झगड़ा होने की बात कहकर उसे साथ चलने को बोला। कृष्णा यह कहकर घर से निकल गया कि वह थोड़ी देर में लौट आएगा। रात करीब साढ़े दस बजे पुलिस ने कॉल कर कृष्णा की मौत की सूचना दी थी। देश सिंह ने कहा कि कृष्णा का किसी से झगड़ा नहीं था।





