Hindi Newsएनसीआर Newsdelhi igi airport flight operations better eighty flights cancelled one hundred fifty affected
दिल्ली IGI एयरपोर्ट पर फ्लाइट ऑपरेशन में सुधार, कल 80 उड़ानें रद्द और 150 प्रभावित

दिल्ली IGI एयरपोर्ट पर फ्लाइट ऑपरेशन में सुधार, कल 80 उड़ानें रद्द और 150 प्रभावित

संक्षेप:

दिल्ली के IGI एयरपोर्ट पर मंगलवार को उड़ान संचालन में सुधार दिखा, जहां सोमवार की तुलना में अव्यवस्था कम रही, हालांकि इंडिगो की 80 उड़ानें रद्द होने और लगभग 150 उड़ानों के प्रभावित होने से यात्रियों को टिकट रिफंड और पुनर्निर्धारित यात्रा का विकल्प दिया गया।

Dec 10, 2025 05:43 am ISTAnubhav Shakya लाइव हिन्दुस्तान, नई दिल्ली
share Share
Follow Us on

इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे (आईजीआई) पर मंगलवार को भी उड़ान संचालन प्रभावित रहा, लेकिन सोमवार की तुलना में हालात काफी बेहतर दिखे। इसमें 80 उड़ाने रद्द और 150 उड़ाने प्रभावित हुईं।

मंगलवार सुबह के समय जहां कुछ देरी और रद्द उड़ानों की सूचना मिली, वहीं दोपहर बाद व्यवस्था धीरे-धीरे पटरी पर लौटती दिखाई दी। यात्रियों की संख्या भी सामान्य दिनों की अपेक्षा काफी कम रही, जिसके कारण पूछताछ केंद्रों पर भी लंबी कतारें नहीं लगीं। प्राप्त जानकारी के अनुसार, मंगलवार रात 12 बजे से दोपहर 12 बजे के बीच इंडिगो की कुल 76 उड़ानें रद्द की गईं। इसके साथ ही इतनी ही उड़ानें यहां से रद्द होने के कारण दिल्ली नहीं पहुंच सकीं। यानी कुल मिलाकर लगभग 150 से अधिक उड़ानें प्रभावित रहीं। हालांकि, दोपहर के बाद स्थिति में तेजी से सुधार हुआ और शाम सात बजे तक इंडिगो की केवल चार उड़ानें ही रद्द हुईं। एयरलाइंस की ओर से यात्रियों को लगातार सूचित किया जा रहा है और टिकट रिफंड अथवा पुनर्निर्धारण का विकल्प दिया जा रहा है।

हवाई अड्डे पर मंगलवार को भीड़ बहुत कम दिखाई दी। सुरक्षा जांच लाइनें भी सुचारू रहीं और अधिकांश टर्मिनलों पर अव्यवस्था जैसी कोई स्थिति नहीं बनी। यात्रा करने पहुंचे कुछ यात्रियों ने भी यही अनुभव साझा किया कि सोमवार की तुलना में मंगलवार को हालात काफी सामान्य दिखे।

परेशानी नहीं हुई

दिल्ली से बेंगलुरु जाने वाले एक यात्री ने बताया कि उनकी इंडिगो उड़ान समय पर थी और उन्हें किसी प्रकार की परेशानी का सामना नहीं करना पड़ा। उन्होंने कहा कि स्टाफ यात्रियों की मदद के लिए अधिक सतर्क दिखे और जानकारी भी समय पर मिलती रही। हालांकि, मैं एयरपोर्ट आने से पहले बार-बार वेबसाइट और अपना मैसेज देख रहा था कि कहीं किसी तरह के बदलाव की सूचना तो नहीं है।

लगातार रख रहे निगरानी

एयरलाइन कंपनियों और हवाई अड्डा प्रबंधन ने बताया कि वे मौसम और परिचालन से जुड़ी परिस्थितियों पर लगातार निगरानी कर रहे हैं। एयरपोर्ट पर तैनात डायल (दिल्ली इंटरनेशनल एयरपोर्ट लिमिटेड) की टीमों ने विभिन्न एजेंसियों के साथ समन्वय बढ़ाकर व्यवस्था को स्थिर किया है।

हवाई अड्डा प्रबंधन ने यात्रियों से अनुरोध किया है कि वे यात्रा से पहले अपनी उड़ान की स्थिति एयरलाइन की वेबसाइट या ऐप पर अवश्य जांच लें। कई उड़ानें पुनर्निर्धारित की जा रही हैं, इसलिए समय से पहले हवाई अड्डे पहुंचना और सूचनाओं पर नजर रखना आवश्यक है।

माइक से भी दी जा रही है सूचना

डायल की तरफ से एयरपोर्ट में प्रवेश से पहले बाहर भी लगाए गए डिस्प्ले बोर्ड पर विमानों के आवागमन की पूरी जानकारी डिस्प्ले पर अंकित हो रहा था। यही नहीं, मंगलवार सुबह के समय इंडिगो के कर्मचारी माइक के माध्यम से भी लोगों को रद किए गए विमानों की सूचना दे रहे थे। एयरलाइन कर्मचारियों ने कहा कि यात्रियों की सुविधा के लिए हर उपाय किए जा रहे हैं। उन्हें मदद पहुंचाई जा रही है।

ऑटोमेटिक हुई रिफंड प्रक्रिया

एयरलाइन के अनुसार, वेबसाइट पर प्रकाशित सभी उड़ानें अब संशोधित नेटवर्क के साथ तय समय के अनुसार संचालित होंगी। कंपनी ने कहा कि मंगलवार को 1800 से अधिक उड़ानें संचालित कर रही है, जो नेटवर्क के सभी 138 स्टेशनों को जोड़ती हैं और बुधवार को लगभग 1900 उड़ानें संचालित करने की योजना है। इंडिगो का ऑन-टाइम परफॉर्मेंस भी सामान्य स्तर पर लौट आया है। यात्रियों की सुविधा के लिए एयरलाइन ने कैंसिलेशन पर ‘नो क्वेश्चन्स आस्क्ड’ नीति के तहत पूर्ण रिफंड की प्रक्रिया पूरी तरह ऑटोमेटिक कर दी है, जो वेबसाइट पर सरलता से उपलब्ध है।

Anubhav Shakya

लेखक के बारे में

Anubhav Shakya
भारतीय जनसंचार संस्थान नई दिल्ली से पत्रकारिता की पढ़ाई करने के बाद जी न्यूज से करियर की शुरुआत की। इसके बाद नवभारत टाइम्स में काम किया। फिलहाल लाइव हिंदुस्तान में बतौर सीनियर कंटेंट प्रोड्यूसर काम कर रहे हैं। किताबों की दुनिया में खोए रहने में मजा आता है। जनसरोकार, सामाजिक और राजनीतिक मुद्दों में गहरी दिलचस्पी है। एनालिसिस और रिसर्च बेस्ड स्टोरी खूबी है। और पढ़ें
;;;