Delhi hot weather alert for april temperature was 2.4 degrees higher in March Delhi Weather : दिल्ली में इस बार खूब सताएगी गर्मी! मार्च में ही 2.4°C हाई रहा राजधानी का पारा, Ncr Hindi News - Hindustan
Hindi Newsएनसीआर NewsDelhi hot weather alert for april temperature was 2.4 degrees higher in March

Delhi Weather : दिल्ली में इस बार खूब सताएगी गर्मी! मार्च में ही 2.4°C हाई रहा राजधानी का पारा

दिल्लीवालों को जनवरी और फरवरी के बाद मार्च में भी गर्म मौसम का सामना करना पड़ा है। मार्च में राजधानी का पारा सामान्य से लगभग ढाई डिग्री ज्यादा रहा। चिंता की बात यह है कि अप्रैल में भी सामान्य से ज्यादा गर्मी पड़ने की संभावना है।

Praveen Sharma लाइव हिन्दुस्तान, नई दिल्ली। हिन्दुस्तानTue, 1 April 2025 05:43 AM
share Share
Follow Us on
Delhi Weather : दिल्ली में इस बार खूब सताएगी गर्मी! मार्च में ही 2.4°C हाई रहा राजधानी का पारा

दिल्लीवालों को जनवरी और फरवरी के बाद मार्च में भी गर्म मौसम का सामना करना पड़ा है। मार्च में राजधानी का पारा सामान्य से लगभग ढाई डिग्री ज्यादा रहा। चिंता की बात यह है कि अप्रैल में भी सामान्य से ज्यादा गर्मी पड़ने की संभावना है।

दिल्ली समेत पूरे उत्तर भारत में मॉनसून के बाद पश्चिमी विक्षोभ मौसम में सबसे बड़े बदलाव लाते हैं। पश्चिमी विक्षोभ के चलते नियमित अंतराल में मैदानी इलाकों में हल्की या मध्यम बारिश होती है। वहीं, उच्च हिमालयी क्षेत्रों में हिमपात होता है। इसका असर एक बड़े क्षेत्र में देखने को मिलता है, लेकिन इस बार पश्चिमी विक्षोभ अपेक्षाकृत कमजोर रहे हैं। इसके चलते इस पूरे इलाके में बारिश भी सामान्य से बेहद कम हुई है। इससे वायुमंडल में नमी की मात्रा कम है। सुबह से ही निकलने वाली तेज धूप के चलते अधिकतम तापमान ज्यादातर दिनों में सामान्य से ज्यादा रहा।

तीन साल में सबसे गर्म रहा : मौसम विभाग के आंकड़े बताते हैं कि मार्च में दिल्ली का औसत अधिकतम तापमान 29.9 डिग्री सेल्सियस रहता है, लेकिन इस बार यह 32.3 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से 2.4 डिग्री ज्यादा है। इससे पहले वर्ष 2022 के मार्च का औसत अधिकतम तापमान 33.4 डिग्री सेल्सियस था। यानी मार्च बीते तीन साल में सबसे गर्म रहा है। इससे पहले जनवरी का अधिकतम पारा भी सामान्य से एक डिग्री ज्यादा रहा था। वहीं, फरवरी में औसत अधिकतम तापमान सामान्य से 2.5 डिग्री ज्यादा रहा।

इस बीच, सोमवार को मानक वेधशाला सफदरजंग का अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से 2.4 डिग्री सेल्सियस ज्यादा है। हालांकि, आसमान साफ रहने के चलते रात का तापमान अभी अपेक्षाकृत आरामदायक बना हुआ है। सोमवार को यह 13.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

गर्मी और सताएगी : अगले सप्ताह में तापमान में तेजी से इजाफा होने की संभावना है। अगले छह दिनों में दिल्ली का अधिकतम तापमान बढ़कर 38 डिग्री तक पहुंच सकता है।

दिल्ली में जनवरी से मार्च तक एक्यूआई पिछले 5 वर्षों में सबसे कम

न्यूज एजेंसी भाषा के मुताबिक, दिल्ली में जनवरी से मार्च की अवधि के दौरान औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 231 दर्ज किया गया, जो पिछले पांच वर्षों में इस तिमाही के दौरान सबसे कम रहा। 

दिल्ली-एनसीआर के लिए वायु गुणवत्ता प्रबंधन योजना तैयार करने वाले वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग (सीएक्यूएम) ने सोमवार को बताया कि 2025 में जनवरी से मार्च की अवधि के दौरान पिछले पांच सालों में वायु गुणवत्ता सबसे अच्छी दर्ज की गई।

सीएक्यूएम ने बताया कि जनवरी से मार्च का औसत एक्यूआई 231 था, जबकि 2024 में यह 250, 2023 में 240, 2022 में 241 और 2021 में एक्यूआई 278 रहा था। सीएक्यूएम के मुताबिक, 2025 में एक भी दिन ऐसा नहीं रहा जब एक्यूआई 400 के पार गया हो।

सीएक्यूएम ने बताया कि 2021 में छह दिन, 2022 में एक, 2023 में तीन और 2024 में तीन दिन एक्यूआई 400 के पार रहा था।

सीएक्यूएम के मुताबिक, 2025 की पहली तिमाही के दौरान दिल्ली में 36 दिन एक्यूआई 200 से नीचे रहा था, जबकि 2021 में 13 दिन, 2022 में 27, 2023 में 35 और 2024 में 41 दिन एक्यूआई 200 से नीचे रहा था।

आयोग ने बताया कि मौसम की अनुकूल स्थिति और विभिन्न एजेंसियों के प्रयासों से दिल्ली की वायु गुणवत्ता में सुधार हुआ है।

बता दें कि,  एक्यूआई शून्य से 50 के बीच ‘अच्छा’, 51 से 100 के बीच ‘संतोषजनक’, 101 से 200 के बीच ‘मध्यम’, 201 से 300 के बीच ‘खराब’, 301 से 400 के बीच ‘बहुत खराब’ और 401 से 500 के बीच ‘गंभीर’ माना जाता है।