
दिल्ली में तेज रफ्तार का कहर, डिवाइडर से टकरा कर दूर तक घसीटती गई SUV; एक की मौत
नई दिल्ली के सनलाइट कॉलोनी इलाके में बारापुला फ्लाईओवर पर रविवार देर रात एक तेज रफ्तार एसयूवी डिवाइडर से टकरा कर पलट गई। हादसे में एसयूवी में मौजूद सात लोग घायल हो गए।
नई दिल्ली के सनलाइट कॉलोनी इलाके में बारापुला फ्लाईओवर पर रविवार देर रात एक तेज रफ्तार एसयूवी डिवाइडर से टकरा कर पलट गई। हादसे में एसयूवी में मौजूद सात लोग घायल हो गए। घायलों में शामिल एक युवक को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। हादसे की सूचना के बाद पहुंची सनलाइट कॉलोनी थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घायलों शामिल एक शख्स की हालत गंभीर बनी हुई है, जबकि पांच लोगों को प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया है।
पुलिस उपायुक्त डॉ. हेमंत तिवारी ने बताया कि मृतक 26 साल का हर्ष अपने परिवार के साथ मेरठ में रहता है। जबकि घायल निखिल, गगन, भीष्म, युवराज, मान और हिमांशु हापुड़ और मेरठ के रहने वाले हैं। पुलिस उपायुक्त ने बताया कि सभी दोस्त थे और मेरठ से अपने एक दोस्त की सगाई के कार्यक्रम में शामिल होने के लिए दिल्ली के सरोजनी नगर स्थित उल्लास भवन आए थे। सगाई का कार्यक्रम खत्म होने के बाद सभी ने पार्टी की और देर रात मेरठ जाने के लिए निकल पड़े। इसी दौरान बारापुला फ्लाईओवर पर रात करीब 2 बजे तेज रफ्तार एसयूवी डिवाइडर से टकरा गई।
यह भी पढ़ें: दिल्ली में 4 दिन से लापता थी 4 साल की बच्ची, नाले में पड़ी मिली लाश; मां को किस बात का संदेह
टक्कर इतनी तेज थी कि एसयूवी पलट गई और दूर तक घसीटते हुए गई। हादसे में गाड़ी में मौजूद सात लोग घायल हो गए। राहगीरों ने मामले की सूचना पुलिस को दी। सनलाइट थाना पुलिस मौके पर पहुंची और तुंरत सभी घायलों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती किया। जहां डॉक्टरों हर्ष को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर हादसे की जानकारी उनके परिजनों को दी। फिलहाल मामले में पुलिस ने संबंधित धारा में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस यह जानकारी जुटाने की कोशिश कर रही है कि एसयूवी डिवाइडर से कैसे टकराई।
यह भी पढ़ें: दिल्ली आ जाओ, साथ में रील बनाएंगे…; इन्फ्लुएंसर ने लग्जरी लाइफ का झांसा देकर लड़की का किया रेप
हादसे के वक्त हर्ष चला रहा था गाड़ी
पुलिस की जांच में यह भी सामने आया है कि हादसे के समय स्कॉर्पियो हर्ष चला रहा था। वह सीजीएल परीक्षा की तैयारी कर रहा था। तेज गति के कारण गाड़ी पर नियंत्रण नहीं रह सका और यह दर्दनाक हादसा हो गया। पुलिस ने संबंधित धाराओं में केस दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।





