MCD ठेला उठा ले गई तो पहुंच गया HC, अदालत ने कहा- ट्रैफिक जाम गंभीर समस्या; राहत से इनकार
दिल्ली हाई कोर्ट ने सराय काले खां स्थित रिंग रोड पर लगातार लगने वाले जाम को गंभीर समस्या बताते हुए चिंता जताई है। अदालत ने कहा कि लंबे समय से यहां ट्रैफिक बाधित हो रहा है, जिसमें बड़ी संख्या में ठेला लगाने वालों की भी भूमिका है। अदालत ने वहां ठेला लगाने की अनुमति देने से इनकार कर दिया।

दिल्ली हाई कोर्ट से भी एक ठेले वाले को राहत नहीं मिली। उसने याचिका दायर कर कहा कि एमसीडी ने सराय काले खां, रिंग रोड से उसका लाइसेंसधारी ठेला हटा लिया। उसने सामान लौटाने और वहां छेला लगाने की अनुमति देने की मांग की थी। याचिका पर सुनवाई करते हुए हाई कोर्ट ने सराय काले खां स्थित रिंग रोड पर लगातार लगने वाले जाम को गंभीर समस्या बताते हुए चिंता जताई है। अदालत ने कहा कि लंबे समय से यहां ट्रैफिक बाधित हो रहा है, जिसमें अवैध रूप से खड़े वाहनों और बड़ी संख्या में मोबाइल विक्रेताओं की भी भूमिका है। अदालत ने वहां ठेला लगाने की अनुमति देने से इनकार कर दिया।
एमसीडी की ओर से पेश की गई तस्वीरों पर चिंता जताते हुए अदालत ने कहा कि जाम से निपटने के लिए संबंधित एजेंसियों को ठोस कदम उठाने होंगे। न्यायमूर्ति प्रतिभा एम सिंह और न्यायमूर्ति मधु जैन की पीठ ने एक दिव्यांग मोबाइल विक्रेता की याचिका पर सुनवाई करते हुए संबंधित स्थान पर ठेला लगाने की अनुमति देने से इनकार कर दिया। हालांकि, अदालत ने मानवीय आधार पर एमसीडी को उसे वैकल्पिक स्थान उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। वहीं अन्य विक्रेताओं की याचिकाएं खारिज कर दी गईं।
एमसीडी ने अदालत को बताया कि यह क्षेत्र बस अड्डा, रेलवे स्टेशन और मेट्रो स्टेशन के पास होने के कारण अत्यधिक व्यस्त रहता है। बड़ी संख्या में ठेले और वाहनों के कारण रिंग रोड पर रोजाना जाम की स्थिति बनती है, जिसे नियंत्रित करने में पुलिस को काफी मशक्कत करनी पड़ती है। सुनवाई के दौरान एमसीडी ने तस्वीरें पेश कीं, जिनमें इलाके में अव्यवस्था, ठेलों की भीड़ और गंदगी साफ नजर आई।
यात्री होते हैं परेशान
एमसीडी की तरफ से कहा गया कि यहां आने वाले यात्रियों को इन ठेले वालों की वजह से दिक्कत उठानी पड़ती है। इलाके में हमेशा भीड़भाड़ का माहौल रहता है। गंदगी भी फैली रहती है। इसकी वजह से यात्रियों को सामान के साथ स्टेशन, बस अड्डा पहुचने में देरी भी हो जाती है।
ठेला उठाने की थी शिकायत
50 फीसदी दिव्यांग व्यक्ति ने हाईकोर्ट में याचिका दायर कर कहा कि एमसीडी ने सराय काले खां, रिंग रोड से उसका लाइसेंसधारी ठेला हटा लिया। उसने सामान लौटाने की मांग की। अदालत ने वहां ठेला लगाने की अनुमति से इनकार किया, लेकिन वैकल्पिक स्थान देने और आयुक्त से मिलने को कहा।
शालीमार बाग में जाम खत्म करने की तैयारी
शालीमार बाग स्थित पीडब्ल्यूडी की रोड नंबर 320 पर जाम की समस्या जल्द कम होगी। रेलवे अंडर ब्रिज से मोहल्ला क्लीनिक तक सड़क चौड़ी करने की योजना तैयार की गई है, जिस पर करीब 16.24 करोड़ रुपये खर्च होंगे।करीब 1.5 किलोमीटर लंबी इस सड़क को लगभग 10 मीटर तक चौड़ा किया जाएगा, जिससे यातायात सुगम होगा। आरयूबी के पास अक्सर लगने वाले जाम से वाहन चालकों को राहत मिलेगी।
लेखक के बारे में
Subodh Kumar Mishraसुबोध कुमार मिश्रा पिछले 19 साल से हिंदी पत्रकारिता में योगदान दे रहे हैं। वर्तमान में वह 'लाइव हिन्दुस्तान' में स्टेट डेस्क पर बतौर चीफ कंटेंट प्रोड्यूसर अपनी सेवाएं दे रहे हैं। दूरदर्शन के 'डीडी न्यूज' से इंटर्नशिप करने वाले सुबोध ने पत्रकारिता की विधिवत शुरुआत 2007 में दैनिक जागरण अखबार से की। दैनिक जागरण के जम्मू एडीशन में बतौर ट्रेनी प्रवेश किया और सब एडिटर तक का पांच साल का सफर पूरा किया। इस दौरान जम्मू-कश्मीर को बहुत ही करीब से देखने और समझने का मौका मिला। दैनिक जागरण से आगे के सफर में कई अखबारों में काम किया। इनमें दिल्ली-एनसीआर से प्रकाशित होने वाली नेशनल दुनिया, नवोदय टाइम्स (पंजाब केसरी ग्रुप), अमर उजाला और हिन्दुस्तान जैसे हिंदी अखबार शामिल हैं। अखबारों के इस लंबे सफर में खबरों को पेश करने के तरीकों से पड़ने वाले प्रभावों को काफी बारीकी से समझने का मौका मिला।
ज्यादातर नेशनल और स्टेट डेस्क पर काम करने का अवसर मिलने के कारण राजनीतिक और सामाजिक विषयों से जुड़ी खबरों में दिलचस्पी बढ़ती गई। कई लोकसभा और विधानसभा चुनावों की खबरों की पैकेजिंग टीम का हिस्सा रहने के कारण भारतीय राजनीति के गुणा-भाग को समझने का मौका मिला।
शैक्षणिक योग्यता की बात करें तो सुबोध ने बीएससी (ऑनर्स) तक की अकादमिक शिक्षा हासिल की है। साइंस स्ट्रीम से पढ़ने के कारण उनके पास चीजों को मिथ्यों से परे वैज्ञानिक तरीके से देखने की समझ है। समाज से जुड़ी खबरों को वैज्ञानिक कसौटियों पर जांचने-परखने की क्षमता है। उन्होंने मास कम्यूनिकेशन में पोस्ट ग्रेजुएट डिप्लोमा किया है। इससे उन्हें खबरों के महत्व, खबरों के एथिक्स, खबरों की विश्वसनीयता और पठनीयता आदि को और करीब से सीखने और लिखने की कला में निखार आया। सुबोध का मानना है कि खबरें हमेशा प्रमाणिकता की कसौटी पर कसा होना चाहिए। सुनी सुनाई और कल्पना पर आधारित खबरें काफी घातक साबित हो सकती हैं, इसलिए खबरें तथ्यात्मक रूप से सही होनी चाहिए। खबरों के चयन में क्रॉस चेकिंग को सबसे महत्वपूर्ण कारक मानने वाले सुबोध का काम न सिर्फ पाठकों को केवल सूचना देने भर का है बल्कि उन्हें सही, सुरक्षित और ठोस जानकारी उपलब्ध कराना भी है।


