67 रुपये की लड़ाई कोर्ट तक आई, 32 साल चला केस; दिल्ली हाईकोर्ट ने DTC पर ठोका 1 लाख का जुर्माना
डीटीसी को अपने एक बस कंडक्टर द्वारा 67 रुपये का गबन करने के आरोप से जुड़े मामले को 32 साल तक खींचना बहुत महंगा पड़ा गया। दिल्ली हाईकोर्ट ने इसे कानूनी प्रक्रिया का दुरुपयोग बताते हुए डीटीसी पर 1 लाख रुपये का जुर्माना लगाया है। जानिए क्या है पूरा मामला।

दिल्ली हाईकोर्ट ने 17 महीने के बकाया वेतन के भुगतान को लेकर एक बस कंडक्टर के खिलाफ 32 साल तक मुकदमा लड़ने के लिए दिल्ली परिवहन निगम (डीटीसी) पर एक लाख रुपये का जुर्माना लगाया है। हाईकोर्ट ने डीटीसी की इस लंबी मुकदमेबाजी को कानूनी प्रक्रिया का दुरुपयोग बताया।
जस्टिस अमित महाजन ने कंडक्टर के पक्ष में इंडस्ट्रियल ट्रिब्यूनल के 2004 के आदेश के खिलाफ डीटीसी की अपील खारिज करते हुए कहा कि 'असाधारण रूप से इतने लंबे समय' तक विभाग द्वारा मुकदमा जारी रखना सार्वजनिक धन का ऐसा खर्च था, जिसे टाला जा सकता था।
जिम्मेदार अफसर से जुर्माना वसूलने की छूट
जस्टिस महाजन ने 2 सितंबर को पारित आदेश में कहा कि डीटीसी को यह हर्जाना उस अधिकारी से वसूलने की छूट है, जो इस 'मामूली विवाद' को इतने लंबे समय तक आगे बढ़ाने के लिए जिम्मेदार था।
क्या है पूरा मामला?
यह मामला नवंबर 1994 की एक घटना से जुड़ा है। आरोप था कि बस कंडक्टर ने तीन यात्रियों से 67 रुपये का निर्धारित किराया लेने के बावजूद उन्हें टिकट नहीं दिया था।
हाईकोर्ट ने अपने आदेश में कहा, ''दावे की सीमित प्रकृति के बावजूद जिस तरह से मौजूदा कार्यवाही को आगे बढ़ाया गया है, वह संबंधित अधिकारियों पर हर्जाना लगाने को उचित ठहराता है।''
जुर्माने में से कंडक्टर को मिलेंगे 25 हजार रुपये
आदेश में कहा गया, ''तदनुसार, एक लाख रुपये का हर्जाना याचिकाकर्ता विभाग द्वारा अदा किया जाएगा। इसमें से 25,000 रुपये डीएचएलएससी (दिल्ली हाईकोर्ट विधि सेवा समिति), 50,000 रुपये प्रधानमंत्री राहत कोष और 25,000 रुपये प्रतिवादी (कंडक्टर) को दिए जाएंगे।"
कथित घटना के बाद कंडक्टर को सस्पेंड कर दिया गया था। हालांकि, जांच अधिकारी ने उसके पक्ष में फैसला दिया, लेकिन अनुशासनात्मक प्राधिकारी इससे सहमत नहीं थे और कंडक्टर को सेवा से हटाने के लिए कारण बताओ नोटिस जारी कर दिया।
इसके बाद अनुशासनात्मक प्राधिकारी ने कंडक्टर को अगस्त 1996 से प्रभावी रूप से सेवा से बर्खास्त कर दिया। हालांकि, डीटीसी के अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक ने अपील पर इस बर्खास्तगी के आदेश को रद्द कर दिया।
वर्ष 1998 में डीटीसी के अध्यक्ष ने निर्देश दिया कि कंडक्टर को बिना बकाया वेतन (बैक वेजेज) और कम वेतनमान पर दोबारा सेवा में बहाल किया जाए।
इसके बाद यह मामला इंडस्ट्रियल ट्रिब्यूनल के पास पहुंचा, जिसने वर्ष 2004 में यह माना कि दी गई सजा गैर-कानूनी और बिना किसी आधार के थी।
इंडस्ट्रियल ट्रिब्यूनल की राय थी कि कंडक्टर अपने नियमित वेतनमान के हिसाब से वेतन पाने का हकदार था और उसे अगस्त 1996 से जनवरी 1998 तक के नियमित वेतन के साथ-साथ कम किए गए वेतन का बकाया भी मिलना चाहिए था। ट्रिब्यूनल के इस फैसले के खिलाफ डीटीसी ने अपील की थी।

