कॉकरोच जनता पार्टी को दिल्ली हाईकोर्ट से झटका, X अकाउंट तुरंत बहाल करने इनकार

लाइव हिन्दुस्तान, नई दिल्ली, एचटी
Follow us on Google News
share

दिल्ली हाईकोर्ट ने नए बने एक ऑनलाइन ग्रुप 'कॉकरोच जनता पार्टी' (Cockroach Janta Party) के सोशल मीडिया हैंडल ‘एक्स’ अकाउंट को तुरंत बहाल करने का निर्देश देने से इनकार कर दिया।  

कॉकरोच जनता पार्टी को दिल्ली हाईकोर्ट से झटका, X अकाउंट तुरंत बहाल करने इनकार

दिल्ली हाईकोर्ट ने आज 'कॉकरोच जनता पार्टी' (CJP) के ब्लॉक किए गए सोशल मीडिया हैंडल ‘एक्स’ अकाउंट को तुरंत बहाल करने का निर्देश देने से इनकार कर दिया। हाईकोर्ट ने CJP की याचिका पर सुनवाई के दौरान कहा कि इस पेज पर मौजूद कंटेंट कुछ आपत्तिजनक लग रहा है। CJP के संस्थापक अभिजीत दीपके ने कॉकरोच जनता पार्टी के 'एक्स' पर अकाउंट को ब्लॉक करने के खिलाफ दिल्ली हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाया था।

बेंच ने याचिका की सुनवाई करते हुए अभिजीत दीपके को कोई भी अंतरिम राहत देने से मना कर दिया। बेंच ने कहा कि इस मामले पर पूरी तरह से विचार करने की जरूरत है। इसमें कोई भी आदेश केंद्र सरकार और 'एक्स' का पक्ष सुनने के बाद ही दिया जाएगा।

हाईकोर्ट ने केंद्र और 'एक्स' से मांगा डिटेल एफिडेविट

अभिजीत दीपके की ओर से पेश हुए वकील अखिल सिब्बल ने हाईकोर्ट से 'एक्स' अकाउंट बहाल करने का आदेश देने का आग्रह किया। वकील ने कहा कि बेशक कथित तौर पर आपत्तिजनक पोस्ट को अस्थायी रूप से ब्लॉक रहने दिया जाए। सिब्बल ने तर्क दिया कि इससे पहले भी ऐसे ही पांच मामलों में भी इसी तरह की अंतरिम राहत दी गई थी। कोर्ट ने केंद्र और ‘एक्स’ से एक डिटेल एफिडेविट दाखिल करने को भी कहा है।

दीपके को रिव्यू कमेटी के पास जाने का दिया मौका

हाईकोर्ट ने इस मामले की अगली सुनवाई 6 जुलाई तक के लिए टाल दी है। हालांकि, कोर्ट ने दीपके को ब्लॉकिंग ऑर्डर्स की जांच करने वाली केंद्र की रिव्यू कमेटी के सामने अपना पक्ष रखने का मौका दिया है। कोर्ट ने रिव्यू कमेटी से ‘अकाउंट ब्लॉक करने’ के मामले पर फैसला लेने और अगली सुनवाई पर उसे इससे अवगत कराने को कहा है।

CJI की टिप्पणियों के बाद 15 मई को बनी थी पार्टी

गौरतलब है कि, आम आदमी पार्टी (आप) के पूर्व सदस्य अभिजीत दीपके ने 15 मई को एक वकील के वरिष्ठ पद से संबंधित याचिका की सुनवाई के दौरान चीफ जस्टिस ऑफ इंडिया सूर्यकांत की ‘कॉकरोच’ और 'परजीवी' वाली टिप्पणियों पर विवाद के बीच कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) की शुरुआत की थी। हालांकि, सीजेआई सूर्यकांत 16 मई को अपनी टिप्पणी को लेकर स्पष्टीकरण जारी किया था। उन्होंने कहा था कि वह ऐसी खबरों से ‘आहत’ हैं, जिनमें उन पर युवाओं की आलोचना करने का संकेत मिलता है। प्रधान न्यायाधीश ने कहा था कि उनकी टिप्पणियां विशेष रूप से उन लोगों के खिलाफ थीं, जो ‘फर्जी और अवैध डिग्रियों’ के जरिये कानूनी पेशे में घुस आए हैं और मीडिया के एक वर्ग ने उनकी बातों को ‘गलत तरीके से पेश’ किया।

नए नाम से बनाया 'एक्स' हैंडल

'एक्स' पर कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) का मेन हैंडल 21 मई को भारत में 'ब्लॉक' कर दिया गया था। इसके बाद इस ग्रुप ने 'कॉकरोच इज बैक' नाम से नए हैंडल के साथ वापसी की, जिसके वर्तमान में 2.27 लाख से अधिक फॉलोअर्स हैं। सीजेपी का दावा है कि उसका मकसद युवाओं की आवाज को मजबूत करने और सरकार को जवाबदेह ठहराने के लिए युवाओं द्वारा संचालित एक स्वतंत्र आंदोलन खड़ा करना है।

(भाषा के इनपुट के साथ)

Praveen Sharma

लेखक के बारे में

Praveen Sharma
प्रवीण शर्मा लाइव हिन्दुस्तान में स्टेट टीम का हिस्सा हैं। एक दशक से भी अधिक समय से पत्रकारिता के क्षेत्र में सेवाएं दे रहे प्रवीण साल 2014 में डिजिटल पत्रकारिता में आने से पहले प्रिंट मीडिया में भी काम कर चुके हैं। प्रवीण ने अपने करियर की शुरुआत हरिभूमि अखबार से की थी और वर्ष 2018 में लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े। प्रवीण मूलरूप से उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ जिले के निवासी हैं, लेकिन इनका जन्म और स्कूली शिक्षा दिल्ली से हुई है। हालांकि, पत्रकारिता की पढ़ाई इन्होंने हरियाणा के हिसार स्थित गुरु जम्भेश्वर विश्वविद्यालय से की है। वह दिल्ली-एनसीआर की सियासी घटनाओं के साथ ही जन सरोकार से जुड़ी सभी छोटी-बड़ी खबरों पर भी पैनी नजर रखते हैं। और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News , Delhi News , Ghaziabad News , Noida News , Gurgaon News , Faridabad News और दिल्ली में आज का मौसम सहित पूरे NCR की खबरें पढ़ने के लिए Live Hindustan App अभी डाउनलोड करें।