
सेलिना जेटली के भाई की हिरासत का मामला; HC ने विदेश मंत्रालय से पूछा खास सवाल, एक चीज पर लगाई रोक
सुनवाई के बाद मंगलवार दोपहर सेलिना जेटली को दिल्ली हाईकोर्ट से बाहर निकलते हुए देखा गया, हालांकि अदालत से मिले निर्देश का पालन करते हुए उन्होंने इस मामले पर मीडिया में कोई बयान नहीं दिया। अब मामले की अगली सुनवाई 12 फरवरी को निर्धारित की गई है।
दिल्ली हाईकोर्ट ने बॉलीवुड अभिनेत्री सेलिना जेटली के भाई मेजर (रिटायर्ड) विक्रांत कुमार जेटली की UAE (संयुक्त अरब अमीरात) में हिरासत से जुड़े मामले में केंद्र सरकार से महत्वपूर्ण सवाल किया है। समाचार एजेंसी ANI के अनुसार, हाईकोर्ट ने विदेश मंत्रालय से पूछा है कि क्या अभिनेत्री के भाई से अदालत की सीधी बातचीत कराई जा सकती है।
इस दौरान अदालत ने विदेश मंत्रालय के वकील को निर्देश दिया कि वह मंत्रालय या संबंधित भारतीय वाणिज्य दूतावास से संपर्क कर यह सुनिश्चित करें कि मेजर (रिटायर्ड) विक्रांत जेटली की अदालत से बातचीत संभव हो सके। विक्रांत जेटली पिछले साल सितंबर महीने से संयुक्त अरब अमीरात (UAE) में हिरासत में हैं। इसके साथ ही अदालत ने मामले के सभी पक्षों को बिना अनुमति मीडिया से बातचीत नहीं करने का निर्देश भी दिया है।
सुनवाई के बाद मंगलवार दोपहर सेलिना जेटली को दिल्ली हाईकोर्ट से बाहर निकलते हुए देखा गया, हालांकि अदालत से मिले निर्देश का पालन करते हुए उन्होंने इस मामले पर मीडिया में कोई बयान नहीं दिया। अब मामले की अगली सुनवाई 12 फरवरी को निर्धारित की गई है।
पिछले हफ्ते HC ने दिया था यह निर्देश
बता दें कि पिछले सप्ताह दिल्ली हाईकोर्ट ने विदेश मंत्रालय को आदेश दिया था कि वह UAE की कानूनी फर्म अल मरी पार्टनर्स को वहां की अदालत में एक्ट्रेस सेलिना जेटली के भाई मेजर (रिटायर्ड) विक्रांत जेटली का प्रतिनिधित्व करने की अनुमति दे। यह फर्म दुबई और अबू धाबी में पूरी तरह नि:शुल्क (प्रो बोनो) तरीके से मामले की पैरवी करेगी।
इस कानूनी फर्म का नाम सेलिना जेटली के वकील राघव कैकर ने सुझाया था, जिनकी सहायता अधिवक्ता माधव अग्रवाल और सुराधीश वत्स ने की। अदालत को बताया गया था कि फर्म ने केस की जानकारी खुद से हासिल की है और वह बिना किसी शुल्क के कानूनी सहायता देने को तैयार है।
अवैध रूप से अगवा कर हिरासत में रखने का आरोप
सेलिना जेटली ने अपनी याचिका में आरोप लगाते हुए दावा किया है कि उनके भाई को सितंबर 2024 से अवैध रूप से अगवा करके UAE में हिरासत में रखा गया है। एक्ट्रेस का कहना है कि एक साल से ज्यादा समय बीत जाने के बावजूद केंद्र सरकार उनके भाई की कानूनी स्थिति और स्वास्थ्य से जुड़ी बुनियादी जानकारी भी हासिल नहीं कर सकी है।
इससे पहले पिछले साल 3 नवंबर को दिल्ली हाईकोर्ट ने विदेश मंत्रालय को विक्रांत जेटली को कानूनी सहायता उपलब्ध कराने, भाई-बहन के बीच बातचीत को आसान बनाने और केस के लिए एक नोडल अधिकारी नियुक्त करने के निर्देश दिए थे।

लेखक के बारे में
Sourabh Jainसौरभ जैन पिछले 16 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं और वर्तमान में लाइव हिन्दुस्तान में स्टेट टीम में कार्यरत हैं। वह दिल्ली-एनसीआर, उत्तराखंड, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, राजस्थान, झारखंड, हिमाचल प्रदेश और गुजरात से जुड़े घटनाक्रम पर खबरें और विश्लेषण लिखते हैं।
विस्तृत बायो
परिचय और अनुभव: सौरभ जैन भारतीय डिजिटल मीडिया जगत का एक हिस्सा हैं, जिन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में 16 वर्षों से ज्यादा का अनुभव है। वर्तमान में, वह भारत के अग्रणी समाचार संस्थान 'लाइव हिन्दुस्तान' (हिन्दुस्तान टाइम्स ग्रुप) में स्टेट सेक्शन में अपनी सेवाएं दे रहे हैं। वे पिछले लगभग तीन सालों से यहां कार्यरत हैं। सौरभ का करियर टीवी मीडिया से शुरू होकर डिजिटल मीडिया की गतिशीलता तक फैला हुआ है, जो उन्हें खबरों को गहराई और सटीकता के साथ प्रस्तुत करने में सक्षम बनाता है।
शैक्षणिक पृष्ठभूमि और कार्य अनुभव
सौरभ ने बैचलर ऑफ कॉमर्स की डिग्री लेने के बाद पत्रकारिता के क्षेत्र में कदम रखा और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया से पोस्ट ग्रेजुएशन का कोर्स किया। इस क्षेत्र में साल 2009 से सक्रिय होने के बाद सौरभ ने पहले टीवी के क्षेत्र में अलग-अलग डेस्क पर कार्य अनुभव लिया, इस दौरान उन्होंने टिकर डेस्क से शुरुआत करने के बाद न्यूज डेस्क में कॉपी राइटिंग का अनुभव हासिल किया, इस दौरान क्षेत्रीय विषयों से लेकर राष्ट्रीय व अंतर्राष्ट्रीय विषयों पर खबरें लिखीं। इसके बाद उन्हें बॉलीवुड और हेल्प-लाइन डेस्क में भी काम करने का मौका मिला। हेल्प लाइन डेस्क में काम करने के दौरान उन्हें स्वास्थ्य, करियर और आम लोगों से जुड़े कई विषयों को जानने व समझने का मौका मिला।
इसके बाद साल 2016 में उन्होंने डिजिटल मीडिया की दुनिया में कदम रखा और स्पोर्ट्स डेस्क के साथ शुरुआत की। सौरभ ने अपने करियर की शुरुआत ZEE24 छत्तीसगढ़ न्यूज चैनल से की थी। इसके बाद वे IBC24 और दैनिक भास्कर जैसी संस्थाओं में भी सेवाएं दे चुके हैं। सौरभ साल 2023 से लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े हुए हैं और यहां पर स्टेट डेस्क में कार्यरत हैं। सौरभ मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के रहने वाले हैं और उन्होंने अपनी स्कूली पढ़ाई और ग्रेजुएशन दोनों यहीं से किया है। इसके बाद उन्होंने माखनलाल चतुर्वेदी पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय से पत्रकारिता में मास्टर्स की डिग्री ली है।
सौरभ जैन का मानना है कि एक पत्रकार की पहली जिम्मेदारी सही तथ्यों व आसान भाषा में पाठकों तक खबरें पहुंचाना है। इस काम में तेजी जितनी जरूरी है, सटीकता भी उतनी ही महत्वपूर्ण है। फिर चाहे वह आम जीवन की खबरें हों, राजनीति की खबरें हों, खेल की खबरें हों या फिर चकाचौंध से भरे बॉलीवुड की खबरें हों। कोई भी खबर सही तथ्यों के साथ रीडर्स तक पहुंचनी चाहिए। हड़बड़ी में तथ्यों की पुष्टि ना होने पर गलत जानकारी पाठकों तक पहुंचने का खतरा बना रहता है। इसलिए सौरभ का मानना है कि पत्रकारिता का मतलब केवल पाठकों तक सूचना पहुंचाना ही नहीं, बल्कि सही और निष्पक्ष जानकारी पहुंचाते हुए उनकी बुद्धिमत्ता और विवेक को भी जागृत करना होता है।




