दिल्ली में अचानक इतनी तेज बारिश क्यों हुई, इस साल राजधानी का मॉनसून क्यों दिख रहा है अलग?
दिल्ली में अचानक हुई बारिश ने मौसम का रुख एकदम से बदल दिया है। IMD के वैज्ञानिक ने इसके पीछे की वजह बताई है। साथ ही जानिए इस साल राजधानी के मॉनसून में क्या बदलाव देखने को मिला है।

दिल्ली-NCR में सोमवार सुबह हुई तेज बारिश ने लोगों को उमस और गर्मी से राहत तो दी, लेकिन कई इलाकों में जलभराव और ट्रैफिक की परेशानी भी बढ़ा दी। जनकपुरी में सबसे ज्यादा 67 मिमी बारिश दर्ज की गई। इसके बाद छतरपुर में 57 मिमी, फरीदाबाद में 54 मिमी और गुरुग्राम में 52 मिमी बारिश हुई। लेकिन सवाल है कि दिल्ली में अचानक इतनी तेज बारिश क्यों हुई? इसके साथ ही जानिए इस साल के मॉनसून पैटर्न में क्या बदलाव दिखाई दे रहे हैं।
दो दिशाओं से आई हवाओं की टक्कर बनी बारिश की वजह
भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के वैज्ञानिक डॉ. शशिकांत के मुताबिक दिल्ली में सोमवार की तेज बारिश के पीछे मुख्य रूप से दो अलग-अलग दिशाओं से आने वाली हवाओं का आपस में मिलना है।
- एक तरफ उत्तर दिशा से सूखी उत्तरी हवाएं दिल्ली की ओर आ रही थीं। दूसरी तरफ पश्चिम बंगाल के आसपास बन रहे कम दबाव वाले क्षेत्र के कारण बंगाल की खाड़ी से नमी से भरी पूर्वी हवाएं दिल्ली की ओर पहुंच रही थीं।
- जब ये दोनों अलग-अलग प्रकृति की हवाएं दिल्ली के वातावरण में मिलीं तो वातावरण में अस्थिरता बढ़ी। इसका परिणाम तेज गरज-चमक और कम समय में भारी बारिश के रूप में सामने आया।
बंगाल की खाड़ी से आई नमी ने बढ़ाया असर
बारिश की इस पूरी प्रक्रिया में बंगाल की खाड़ी से आने वाली नमी महत्वपूर्ण रही। कम दबाव वाले क्षेत्र ने नम हवाओं को उत्तर-पश्चिम की तरफ बढ़ने में मदद की। दिल्ली में पहले से मौजूद गर्म और नम वातावरण के साथ इन हवाओं के मिलने से बादल तेजी से विकसित हुए और कई इलाकों में तेज बारिश हुई।
IMD ने दिल्ली के कई जिलों के लिए तीन घंटे का रेड अलर्ट जारी किया था। बाद में पूरे दिन के लिए ऑरेंज अलर्ट रखा गया। मौसम विभाग ने बारिश के साथ बिजली गिरने और करीब 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की भी चेतावनी दी।
गर्मी और उमस के बाद क्यों हुई इतनी तेज बारिश?
दिल्ली में पिछले कुछ दिनों से बारिश के बीच लंबे सूखे अंतराल देखने को मिले हैं। ऐसे दौर में वातावरण में नमी जमा होती रहती है। जब इसके साथ तापमान बढ़ता है तो उमस और वायुमंडलीय अस्थिरता बढ़ जाती है।
ऐसी स्थिति में जब नमी से भरी हवाओं को किसी मौसम प्रणाली का सहारा मिलता है तो अचानक तेज बारिश हो सकती है। यही वजह है कि इस बार दिल्ली में मानसून का व्यवहार भी काफी अस्थिर नजर आया है- कई दिनों तक बारिश नहीं हुई और फिर अचानक कुछ घंटों में तेज बारिश देखने को मिली।
इस साल दिल्ली का मानसून क्यों दिख रहा है अलग?
इस साल दिल्ली में दक्षिण-पश्चिम मानसून 2 जुलाई को पहुंचा, जबकि सामान्य तौर पर इसके 27 जून तक पहुंचने की उम्मीद रहती है। यानी इस बार मानसून पांच दिन देर से आया। इसके बाद भी बारिश लगातार एक जैसी नहीं रही। जुलाई के पहले सप्ताह से दिल्ली में लंबे सूखे दौर और उसके बाद अचानक तेज बारिश का पैटर्न देखने को मिला है।
मौसम में इस तरह के बदलावों को जलवायु परिवर्तन और बदलते बारिश के पैटर्न से भी जोड़कर देखा जा रहा है। सोमवार की बारिश इसी अस्थिर मानसूनी पैटर्न का एक और उदाहरण रही, जिसमें गर्मी, उमस, बंगाल की खाड़ी से आई नमी और दो अलग-अलग दिशाओं से आने वाली हवाओं की स्थिति ने मिलकर तेज बारिश का माहौल बनाया।

