अवैध हिरासत से रिहा शख्स को दोबारा सीधे गिरफ्तार नहीं कर सकते; HC ने बताया पुलिस को क्या करना होगा
सत्र अदालत ने उसकी गिरफ्तारी को चुनौती देने वाली याचिका खारिज करते हुए उसे दो दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया। इसके बाद याचिकाकर्ता के वकील ने उच्च न्यायालय में उसकी दोबारा गिरफ्तारी को चुनौती दी।

रिपोर्ट- हेमलता कौशिक
दिल्ली उच्च न्यायालय ने कहा है कि किसी आरोपी को अवैध हिरासत से रिहा किए जाने के बाद सीधे तौर पर दोबारा गिरफ्तार नहीं किया जा सकता। इससे जुड़े एक मामले की सुनवाई के दौरान हाई कोर्ट ने कहा कि दूसरी बार गिरफ्तारी से पहले जांच एजेंसी को संबंधित अदालत तथा अपने उच्च प्राधिकारी से अनुमति लेनी होगी। इस मामले में मनोज चौधरी नामक व्यक्ति ने न्यू उस्मानपुर थाने में उसके खिलाफ दर्ज FIR के आधार पर गिरफ्तारी को चुनौती दी थी।
जस्टिस नवीन चावला और जस्टिस अरुण भारद्वाज की पीठ ने पॉक्सो (यौन अपराधों से बच्चों का संरक्षण) मामले के आरोपी को तुरंत रिहा करने का निर्देश देते हुए यह आदेश दिया। पीठ ने पाया कि तय प्रक्रिया का पालन नहीं किए जाने के कारण आरोपी की दोबारा गिरफ्तारी अवैध थी।
20 जुलाई को रिहा, 21 अगस्त को गिरफ्तार
याचिकाकर्ता आरोपी को पुलिस ने पहली बार 20 जुलाई को हिरासत में लिया था। हालांकि मजिस्ट्रेट अदालत ने उसे रिहा करने का आदेश दिया। इसके बाद आरोपी को 21 अगस्त को फिर से गिरफ्तार किया गया। तब सत्र अदालत ने उसकी गिरफ्तारी को चुनौती देने वाली याचिका खारिज करते हुए उसे दो दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया।
याचिकाकर्ता ने पुलिस कार्रवाई को अवैध बताया
इसके बाद याचिकाकर्ता के वकील ने उच्च न्यायालय में उसकी दोबारा गिरफ्तारी को चुनौती दी। याचिकाकर्ता ने कहा कि यह अवैध है, तय प्रक्रिया का उल्लंघन है तथा भारत के संविधान के अनुच्छेद 22 (कुछ मामलों में गिरफ्तारी और हिरासत से संरक्षण) के तहत मिले मौलिक अधिकारों का उल्लंघन है।
कोर्ट ने बताया दोबारा गिरफ्तारी से पहले क्या करना होगा
याचिकाकर्ता को राहत देते हुए अदालत ने कहा कि दोबारा गिरफ्तारी से पहले जांच अधिकारी को एक रिपोर्ट भेजनी होगी। अपने उच्च प्राधिकारी से अनुमति लेनी होगी। साथ ही उसे संबंधित अदालत में आवेदन दायर करके यह बताना होगा कि आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ करने की जरूरत क्यों है।
'केवल इस आधार पर दोबारा गिरफ्तारी को सही नहीं ठहरा सकते'
पीठ ने अपने आदेश में कहा कि चूंकि आरोपी को दोबारा गिरफ्तार करने से पहले प्रतिवादी ने उचित प्रक्रिया का पालन नहीं किया। उसे केवल इस आधार पर फिर गिरफ्तार किया गया कि FIR में उसके खिलाफ पॉक्सो अधिनियम, 2012 के तहत कुछ और धाराएं जोड़ दी गई थीं, इसलिए उसकी दोबारा गिरफ्तारी उचित नहीं ठहराई जा सकती। अदालत ने कहा कि यह अवैध व उसके मौलिक अधिकारों का उल्लंघन है और इसके साथ ही पीठ ने निर्देश दिया कि याचिकाकर्ता को तुरंत रिहा किया जाए।


