
दिल्ली से बावल-करनाल तक दौड़ेगी नमो भारत ट्रेन, कई शहरों को जोड़ने की योजना
केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल ने 18वें अर्बन मोबिलिटी इंडिया सम्मेलन में घोषणा की कि नमो भारत ट्रेन रूट का निर्माण दिल्ली के सराय काले खां से बावल और करनाल तक जल्द किया जाएगा, साथ ही मुंबई, हैदराबाद और बेंग्लुरु को भी इस सेवा से जोड़ा जाएगा।
दिल्ली के सराय काले खां से गुरुग्राम होते हुए बावल तक और सराय काले खां से करनाल तक नमो भारत ट्रेन के रूट का निर्माण जल्द किया जाएगा। वहीं,मुंबई, हैदराबाद और बेंग्लुरु को भी नमो भारत ट्रेन से जोड़ा जाएगा।

ये बात केंद्रीय आवासन एवं शहरी मंत्री मनोहर लाल ने शुक्रवार से शुरू तीन दिवसीय 18वें अर्बन मोबिलिटी इंडिया सम्मेलन एवं प्रदर्शन के उद्घाटन मौके पर मुख्य अतिथि के तौर पर कहीं।
उन्होंने कहा कि बावल तक मेट्रो रूट के निर्माण की योजना अंतिम चरण में है। साथ ही, दिल्ली के द्वारका में निर्मित यशोभूमि कन्वेंशन सेंटर की तर्ज पर मिलेनियम सिटी में कन्वेंशन सेंटर तैयार किया जाएगा। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी से आग्रह किया जाएगा कि वे कन्वेंशन सेंटर बनाने के लिए केंद्र सरकार को जमीन उपलब्ध करवाएं। केंद्र सरकार अपने बजट से इस कन्वेंशन सेंटर को तैयार करेगी। केंद्रीय मंत्री ने गुरुग्राम में कन्वेंशन सेंटर के निर्माण को समय की जरूरत बताया।
बता दें कि दिल्ली में यशो भूमि कन्वेंशन सेंटर आधुनिक सुविधाओं, पर्यावरण-अनुकूल डिजाइन और भारतीय संस्कृति से प्रेरित सजावट के साथ बनाया गया है। इसमें 11 हजार लोगों के बैठने की व्यवस्था है।
मेट्रो में लग्जरी बोगी का इंतजाम किया जाएगा
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि बेहतर सार्वजनिक परिवहन सेवा के लिए मेट्रो में आर्थिक रूप से संपन्न लोगों के लिए लग्जरी बोगी का इंतजाम किया जाएगा। इसमें किराया अधिक होगा। डीएमआरसी को दिशा-निर्देश दिए जाएंगे। दिल्ली में प्रदूषण कम करने के लिए हर वह प्रयास किया जाएगा।





