दिल्ली में कब से मिलेंगे ग्रीन पटाखे, कितनी होगी कीमत? पूरा प्लान समझिए

दिल्ली में कब से मिलेंगे ग्रीन पटाखे, कितनी होगी कीमत? पूरा प्लान समझिए

संक्षेप:

दिल्ली में ग्रीन पटाखों की बिक्री के लिए विक्रेताओं को दो दिन के भीतर लाइसेंस जारी होंगे और 18 से 20 अक्टूबर तक केवल क्यूआर कोड वाले ग्रीन पटाखे ही बिक सकेंगे, जबकि सामान्य पटाखों के खिलाफ सघन अभियान चलाया जाएगा और इनकी कीमत आम पटाखों से लगभग दोगुनी तक हो सकती है।

Oct 16, 2025 06:00 am ISTAnubhav Shakya लाइव हिन्दुस्तान, नई दिल्ली
share

राजधानी दिल्ली में ग्रीन पटाखा विक्रेताओं को दो दिन के भीतर लाइसेंस जारी होंगे। विशेष क्यूआर कोड से ग्रीन पटाखों की पहचान हो सकेगी। वहीं, अत्यधिक प्रदूषण फैलाने वाले सामान्य पटाखों के खिलाफ गुरुवार से सघन अभियान चलाया जाएगा। इस दौरान, प्रतिबंधित पटाखा बेचने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

LiveHindustan को अपना पसंदीदा Google न्यूज़ सोर्स बनाएं – यहां क्लिक करें।

दिल्ली में ग्रीन पटाखों की बिक्री को लेकर बुधवार शाम पर्यावरण मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा ने दिल्ली सरकार, पुलिस, नगर निगम व अन्य संबंधित एजेंसियों के साथ बैठक की। ग्रीन पटाखा विक्रेताओं के साथ भी अलग से बैठक की गई।

पर्यावरण मंत्री ने कहा कि सुप्रीम कोर्ट का फैसला उन लोगों के लिए राहत लेकर आया है जो पारंपरिक तरीके से दीवाली मनाना चाहते थे। सिरसा ने बताया कि दिल्ली पुलिस को पटाखा बिक्री लाइसेंस के मामलों को दो दिन के भीतर निपटाने के निर्देश दिए गए हैं ताकि पटाखा बेचने वालों को पर्याप्त समय मिल सके। जबकि, इनकी बिक्री का स्थान जिलाधिकारियों और पुलिस उपायुक्तों द्वारा तय किया जाएगा।

क्यूआर कोड वाले पटाखे ही बिकेंगे

सिरसा ने बताया कि नीरी और पेसो द्वारा निर्धारित मानकों के अनुसार ग्रीन पटाखों की ही दिल्ली में बिक्री होगी। इन पटाखों पर विशेष क्यूआर कोड लगा होगा। जिनसे इनकी पहचान होगी। उन्होंने कहा कि ग्रीन पटाखा विक्रेता भी सरकार के अभियान का हिस्सा हैं। उन्हें बताया गया है कि वे लोगों को जागरूक करें कि सिर्फ ग्रीन पटाखे चलाना और तय समय पर चलाना क्यों जरूरी है। अगर दिल्ली के लोग अनुशासन दिखाएंगे तो यह अस्थायी राहत स्थायी नियम बन सकती है।

वापसी के लिए मिलेंगे दो दिन

सिरसा ने बताया कि पटाखों की बिक्री केवल 18 से 20 अक्तूबर तक यानी तीन दिन ही की जा सकेगी। दीवाली के बाद दो दिन का समय विक्रेताओं को दिया जाएगा ताकि बचा हुआ माल लौटाया या सुरक्षित तरीके से इसका निपटान किया जा सके। सुप्रीम कोर्ट ने गश्ती दल को पटाखों के रैंडम नमूने लेने और जांच के लिए पेसो लैब में भेजने को कहा है। साथ ही कहा कि जांच में पाया जाता कि अप्रमाणित उत्पाद यानी पटाखे बेचे जा रहे या गए हैं तो उक्त उत्पादों के निर्माण या बिक्री में शामिल लोगों की जिम्मेदारी होगी, जिन्हें न केवल दंडित किया जाएगा और लाइसेंस/पंजीकरण भी रद्द किया जाएगा।

कितनी होती है कीमत

आम पटाखों के मुकाबले ग्रीन पटाखों को बनाने के लिए अलग तरीके का इस्तेमाल होता है, ऐसे में इसका असर कीमतों पर भी पड़ता है। सामान्य के मुकाबले ग्रीन पटाखों की कीमत लगभग दोगुना तक हो सकती है। उदाहरण के तौर पर जो फुलझड़ी 200 रुपये तक मिल जाती है, वो ग्रीन पटाखों में 400 से ज्यादा की मिलेगी। इसके अलावा अनार का पैकेट 250 से 300 में मिलता है, वो ग्रीन क्रैकर्स में 500 तक का मिल सकता है।

चोरी छिपे तो पहले से हो रही बिक्री

दिल्ली में भले ही अभी हरित पटाखे जलाने की अनुमति मिली हो, लेकिन ये पटाखे बाजारों में चोरी-छिपे कई दिनों से बिक रहे हैं। आपके अपने अखबार हिन्दुस्तान ने 11 अक्तूबर के अंक में छापा था कि पुरानी दिल्ली के बाजारों में न सिर्फ ग्रीन पटाखे, बल्कि ऑर्डर देने पर सामान्य पटाखे भी बिक रहे हैं। यह पूरा खेल बच्चों के लिए लाए गए छोटे पटाखों की आड़ में चल रहा था।

इनके कारण इतनी खराब हो रही हवा

  • परिवहन 47%
  • डोमेस्टिक बर्निंग 05%
  • सड़क की धूल 20%
  • अन्य 28%

त्योहार की रात ही दिखने लगता है असर

दिल्ली की हवा में पटाखों के चलते होने वाले प्रदूषण का असर दिखता रहा है। आमतौर पर दीवाली की रात को ही प्रदूषण में तेजी से बढ़ोतरी होती है। माना जाता है कि दीवाली की रात सड़कों पर कम वाहन के बावजूद प्रदूषण में बढ़ोतरी हो जाती है।

Anubhav Shakya

लेखक के बारे में

Anubhav Shakya
भारतीय जनसंचार संस्थान नई दिल्ली से पत्रकारिता की पढ़ाई करने के बाद जी न्यूज से करियर की शुरुआत की। इसके बाद नवभारत टाइम्स में काम किया। फिलहाल लाइव हिंदुस्तान में बतौर सीनियर कंटेंट प्रोड्यूसर काम कर रहे हैं। किताबों की दुनिया में खोए रहने में मजा आता है। जनसरोकार, सामाजिक और राजनीतिक मुद्दों में गहरी दिलचस्पी है। एनालिसिस और रिसर्च बेस्ड स्टोरी खूबी है। और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News , Delhi Blast, बॉलीवुड न्यूज , बिजनेस न्यूज , क्रिकेट न्यूज , धर्म ज्योतिष , एजुकेशन न्यूज़ , राशिफल और पंचांग पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।