दिल्ली सरकार ने किया बड़ा प्रशासनिक बदलाव, 36 IAS सहित 72 सीनियर अफसरों का ट्रांसफर

Feb 16, 2026 10:08 am ISTPraveen Sharma नई दिल्ली, भाषा
share Share
Follow Us on

दिल्ली सरकार ने प्रशासनिक फेरबदल करते हुए 72 वरिष्ठ अधिकारियों का तबादला कर दिया है। इन अधिकारियों में एजीएमयूटी कैडर के भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) के अधिकारी भी शामिल हैं, जिन्हें विभिन्न विभागों में अतिरिक्त प्रभार दिए गए हैं।

दिल्ली सरकार ने किया बड़ा प्रशासनिक बदलाव, 36 IAS सहित 72 सीनियर अफसरों का ट्रांसफर

दिल्ली सरकार ने प्रशासनिक फेरबदल करते हुए 72 वरिष्ठ अधिकारियों का तबादला कर दिया है। इन अधिकारियों में एजीएमयूटी कैडर के भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) के अधिकारी भी शामिल हैं, जिन्हें विभिन्न विभागों में अतिरिक्त प्रभार दिए गए हैं।

36 आईएएस और 36 दानिक्स अफसर हुए इधर-उधर

दिल्ली सरकार के सेवा विभाग द्वारा शनिवार को जारी आदेश के अनुसार, अरुणाचल प्रदेश-गोवा-मिजोरम एवं संघ राज्य क्षेत्र (एजीएमयूटी) कैडर के 36 आईएएस अधिकारियों को या तो अतिरिक्त जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं या विभिन्न विभागों में ट्रांसफर किया गया है। इस फेरबदल में 36 दानिक्स (दिल्ली, अंडमान एवं निकोबार द्वीप समूह सिविल सेवा) अधिकारियों को भी शामिल किया गया है।

संतोष डी. वैद्य बनाए गए प्रधान सचिव (गृह)

1998 बैच के आईएएस अधिकारी संतोष डी. वैद्य को प्रधान सचिव (गृह) नियुक्त किया गया है। वे वित्त, योजना और उद्योग विभागों का अतिरिक्त प्रभार भी संभालेंगे। वर्तमान में अतिरिक्त मुख्य सचिव (समाज कल्याण) का पदभार संभाल रहे 1992 बैच के आईएएस अफसर बिपुल पाठक को अनुसूचित जाति/जनजाति/पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है।

दिल्ली शहरी आश्रय सुधार बोर्ड (डूसिब) के मुख्य कार्यकारी अधिकारी 2006 बैच के आईएएस अधिकारी रूपेश कुमार ठाकुर को सचिव (स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण) नियुक्त किया गया है। वो 2002 बैच के आईएएस अधिकारी निखिल कुमार का स्थान लेंगे, जिन्हें आयुक्त (व्यापार एवं कर) बनाया गया है।

संजीव आहूजा शिक्षा सचिव नियुक्त

हाल ही में दिल्ली सरकार में शामिल हुए 2011 बैच के आईएएस अधिकारी संजीव आहूजा को सचिव (शिक्षा) नियुक्त किया गया है। वे उच्च शिक्षा और तकनीकी शिक्षा का अतिरिक्त प्रभार भी संभालेंगे।

2004 बैच के आईएएस अधिकारी पांडुरंग पोले जो शिक्षा सचिव थे, का अब सामान्य प्रशासन विभाग में ट्रांसफर कर दिया गया है और उन्हें श्रम आयुक्त का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है।

पद्मा जायसवाल प्रशासनिक सुधार विभाग में विशेष सचिव बनीं

2003 बैच के आईएएस अधिकारी राजस्व सचिव एवं मंडलायुक्त नीरज सेमवाल को बिजली विभाग के सचिव का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है, जबकि पोस्टिंग की प्रतीक्षा कर रहीं 2003 बैच की आईएएस अधिकारी पद्मा जायसवाल को प्रशासनिक सुधार विभाग में विशेष सचिव नियुक्त किया गया है।

शहरी विकास सचिव 2005 बैच के आईएएस अधिकारी विजय बिधूड़ी को दिल्ली प्रदूषण नियंत्रण समिति (डीपीसीसी) का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है। वहीं, पोस्टिंग की प्रतीक्षा कर रहे 2008 बैच के आईएएस अधिकारी यशपाल गर्ग को सचिव (योजना) नियुक्त किया गया है और उन्हें भूमि एवं भवन विभाग का अतिरिक्त प्रभार भी दिया गया है।

नई दिल्ली के जिला मजिस्ट्रेट 2018 बैच के आईएएस अधिकारी सनी कुमार सिंह को विशेष सचिव (बिजली) का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है।

Praveen Sharma

लेखक के बारे में

Praveen Sharma
प्रवीण शर्मा लाइव हिन्दुस्तान में स्टेट टीम का हिस्सा हैं। एक दशक से भी अधिक समय से पत्रकारिता के क्षेत्र में सेवाएं दे रहे प्रवीण साल 2014 में डिजिटल पत्रकारिता में आने से पहले प्रिंट मीडिया में भी काम कर चुके हैं। प्रवीण ने अपने करियर की शुरुआत हरिभूमि अखबार से की थी और वर्ष 2018 में लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े। प्रवीण मूलरूप से उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ जिले के निवासी हैं, लेकिन इनका जन्म और स्कूली शिक्षा दिल्ली से हुई है। हालांकि, पत्रकारिता की पढ़ाई इन्होंने हरियाणा के हिसार स्थित गुरु जम्भेश्वर विश्वविद्यालय से की है। वह दिल्ली-एनसीआर की सियासी घटनाओं के साथ ही जन सरोकार से जुड़ी सभी छोटी-बड़ी खबरों पर भी पैनी नजर रखते हैं। और पढ़ें
;;;