काम की बात: दिल्ली सरकार 2.25 लाख घरों में मुफ्त लगाएगी सोलर पैनल; पोर्टल लॉन्च, किन्हें मिलेगा?
PM Surya Ghar Scheme: दिल्ली की सीएम रेखा गुप्ता ने सोमवार को 'दिल्ली सोलर पोर्टल' लॉन्च किया। दिल्ली सरकार 2.25 लाख घरों में मुफ्त सोलर पैनल लगाएगी। विस्तृत जानकारी के लिए पढ़ें यह रिपोर्ट…

दिल्ली की सीएम रेखा गुप्ता ने बिजली उपभोक्ताओं के घरों की छतों पर मुफ्त सोलर पैनल लगाने के लिए सोमवार को एक नया पोर्टल शुरू किया। उन्होंने सचिवालय में आयोजित एक कार्यक्रम में 'पीएम सूर्य घर योजना' के तहत 'दिल्ली सोलर पोर्टल' लॉन्च किया। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने बताया कि दिल्ली सरकार 3 किलोवाट तक के सोलर पैनल लगाने का पूरा खर्च उठाएगी। इसके अलावा 3 किलोवाट से अधिक क्षमता वाले सोलर पैनल लगाने पर दिल्ली सरकार और केंद्र सरकार मिलकर 1.56 लाख रुपये तक की सब्सिडी देंगी।
2.25 लाख घरों में लगेंगे सोलर पैनल
दिल्ली की सीएम रेखा गुप्ता ने बताया कि राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में 'पहले आओ-पहले पाओ' के आधार पर 2.25 लाख घरों में सोलर पैनल लगाए जाएंगे। इस पहल को ग्रीन एनर्जी को बढ़ावा देने की दिशा में एक बड़ा कदम माना जा रहा है।
पिछली AAP सरकार पर निशाना
सीएम ने कहा कि पिछली सरकारें मुफ्त की चीजों की राजनीति में लगी रहती थीं जबकि मौजूदा सरकार विकास की राजनीति करती है। 'पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना' दिल्ली में ग्रीन एनर्जी पैदा करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगी।
3 किलोवाट क्षमता तक का सोलर पैनल फ्री
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि दिल्ली सरकार 3 किलोवाट क्षमता तक के सोलर पैनल लगाने का पूरा खर्च उठाएगी। इसके लिए उपभोक्ता को एक भी रुपया खर्च नहीं करना पड़ेगा।
3 किलोवाट से अधिक के लिए केंद्र से भी मदद
वहीं 3 किलोवाट से अधिक के लिए केंद्र सरकार के 78,000 रुपये और दिल्ली सरकार के 78,000 रुपये मिलाकर 1.56 लाख रुपये तक की सब्सिडी मिलेगी। इससे अधिक की लागत का खर्च लोगों को खुद उठाना होगा।
किन्हें मिलेगा सोलर पैनल?
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि सरकार की ओर से 2.25 लाख घरों में मुफ्त सोलर पैनल लगाने का काम 'पहले आओ-पहले पाओ' के तहत पर आगे बढ़ेगा। योजना के तहत'पहले आओ-पहले पाओ' के तहत सोलर पैनल का आवंटन किया जाएगा यानी जिनका पहले रजिस्ट्रेशन होगा उनको प्राथमिकता दी जाएगी। दिल्ली के निवासी 'दिल्ली सोलर पोर्टल' पर जाकर रजिस्ट्रेशन कर सकते हैं।
क्या है पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना
'पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना' केंद्र सरकार की एक प्रमुख योजना है। इसको प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने फरवरी 2024 में लॉन्च किया था। इसका मुख्य मकसद रूफटॉप सोलर सिस्टम लगाने को बढ़ावा देकर पूरे भारत में 1 करोड़ (10 मिलियन) घरों को मुफ्त बिजली (हर महीने 300 यूनिट तक) उपलब्ध कराना है।

