
दिल्ली में 70 एकड़ में बनने जा रही फलों और सब्जियों की नई थोक मंडी, योजना पर शुरू हुआ काम
इस बारे में जानकारी देते हुए अधिकारियों ने बताया कि दिल्ली में इस प्रोजेक्ट को फिर से शुरू किया गया है, और एक कंसल्टेंट कम एडवाइजर नियुक्त करने की प्रक्रिया शुरू की गई है ताकि यह मंडी आखिरकार शुरू हो सके।
सबकुछ योजना के अनुसार रहा तो दिल्ली में जल्द ही फलों और सब्जियों की एक नई थोक मंडी शुरू हो जाएगी, जो शहर की अन्य मंडियों का बोझ कम करेगी। दरअसल दिल्ली सरकार ने उत्तर-पश्चिम दिल्ली के टिकरी खमपुर इलाके में आधुनिक सुविधाओं वाली फलों और सब्जियों की एक नई थोक मंडी बनाने की योजना बनाई है। यह मंडी PPP यानी पब्लिक-प्राइवेट पार्टनरशिप मोड के तहत बनेगी और इसके शुरू होने के बाद यह आजादपुर में स्थित एशिया की सबसे बड़ी फल और सब्जी की मंडी में भीड़ को कम करने में मदद करेगी। इस प्रस्तावित फल और सब्जी की नई थोक मंडी के लिए GT करनाल रोड पर टिकरी खमपुर में लगभग 70.62 एकड़ जमीन का अधिग्रहण भी कर लिया है।
इस बारे में जानकारी देते हुए अधिकारियों ने बताया कि इस योजना पर काम भी शुरू हो गया है और दिल्ली एग्रीकल्चरल मार्केटिंग बोर्ड (DAMB) ने इस प्रोजेक्ट के लिए एक कंसल्टेंट नियुक्त करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। इस बारे में जारी एक निविदा पत्र में कहा गया है कि प्रोजेक्ट का मॉडल ऐसा होगा कि दिल्ली सरकार या DAMB पर कोई आर्थिक बोझ नहीं आएगा, और पूरी योजना पब्लिक-प्राइवेट पार्टनरशिप मोड पर लागू की जाएगी। टेंडर डॉक्यूमेंट में कहा गया है कि DAMB द्वारा नियुक्त कंसल्टेंट प्रोजेक्ट की प्लानिंग से संबंधित पूरी सेवाएं देगा, जिसमें बाजार का विश्लेषण, जगह की जरूरत, ट्रेड पैटर्न, वित्तीय पहलू, रेवेन्यू जेनरेशन और निवेश के मुकाबले रिटर्न पर फोकस किया जाएगा।
DAMB (दिल्ली कृषि विपणन परिषद) को राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र में कृषि उत्पादों की मार्केटिंग को रेगुलेट करने और उनकी मंडियां स्थापित करने और अन्य संबंधित मामलों की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
बता दें कि दिल्ली के आजादपुर में स्थित एशिया की सबसे बड़ी फल और सब्जी की मंडी का संचालन फिलहाल APMC (एग्रीकल्चरल प्रोड्यूस मार्केटिंग कमेटी) किया जा रहा है। उत्तर-पश्चिम दिल्ली में 76 एकड़ जमीन पर बनी यह मंडी अब समय के साथ छोटी पड़ने लगी है। दरअसल समय के साथ शहर व आसपास के इलाकों की आबादी बढ़ने की वजह से आजादपुर मंडी में कामकाज और लोगों की भीड़ कई गुना बढ़ गई है। इसके अलावा यहां पर बड़ी संख्या में पड़ोसी राज्यों से किसान व व्यापारी अपनी-अपनी फल और सब्जियां लेकर आते हैं, ऐसे में मालवाहक वाहनों के आने से मंडी में बहुत ज्यादा भीड़ होने लगी है।
इस स्थिति से निपटने और आधुनिक टेक्नोलॉजी के साथ बेहतर मार्केटिंग इंफ्रास्ट्रक्चर प्रदान करने के लिए, DAMB ने फल और सब्जियों के लिए नई मंडी बनाने वास्ते जमीन अधिग्रहित की है। दिल्ली में काफी पहले से एक नई थोक मंडी की जरूरत महसूस की जा रही है और यह दिल्ली सरकार का एक लंबे समय से रुका हुआ प्रोजेक्ट है।
अधिकारियों ने बताया कि दिल्ली में नई सरकार के साथ एकबार फिर इस प्रोजेक्ट को फिर से शुरू किया गया है, और एक कंसल्टेंट कम एडवाइजर नियुक्त करने की प्रक्रिया शुरू की गई है ताकि यह सुविधा आखिरकार शुरू हो सके।





