फोर्टिस अस्पताल पर कार्रवाई करेगी दिल्ली सरकार, बेटे की मौत पर CM रेखा गुप्ता से शिकायत की थी
दिल्ली के शालीमार बाग स्थित फोर्टिस अस्पताल पर कार्रवाई की तलवार लटक गई है। एक परिवार ने अपने बेटे की मौत को लेकर मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता से शिकायत की थी। इस घटना से आहत मुख्यमंत्री ने अस्पताल में बरती जा रही लापरवाही को देखते हुए जांच के आदेश दिए थे। जांच के दौरान कई अनियमितताएं पाई गईं।

दिल्ली के शालीमार बाग स्थित फोर्टिस अस्पताल में अनियमिताएं और मरीजों के इलाज में गंभीर लापरवाही बरतने की बात सामने आई है। इन शिकायतों को देखते हुए मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने अस्पताल के खिलाफ जांच के आदेश के दिए थे। गुरुवार को विभिन्न विभागों की टीम ने अस्पताल की जांच की और वहां कई अनियमितताएं पाई। इसके बाद सरकार ने फोर्टिस अस्पताल के खिलाफ कार्रवाई करने का निर्णय लिया है।
परिवार ने मुख्यमंत्री से शिकायत की थी
गौरतलब है कि हाल ही मुख्यमंत्री जनसेवा सदन में सुनवाई के दौरान एक परिवार ने मुख्यमंत्री को शिकायत की थी। परिवार का कहना था कि शालीमार बाग क्षेत्र में उनके बेटे को चाकू मारकर घायल कर दिया गया था। उनके बेटे को फोर्टिस अस्पताल ले जाया गया। परिवार ने आरोप लगाया कि अस्पताल ने उसका इलाज करने से पहले उनसे पैसे की मांग की। त्वरित और सही समय पर इलाज नहीं मिलने से उनके बेटे की मौत हो गई। इस घटना से आहत मुख्यमंत्री ने अस्पताल में बरती जा रही अनियमितताओं व मरीजों के इलाज में बरती जा रही गंभीर लापरवाही को देखते हुए जांच के आदेश जारी किए थे।
…तो उसकी जान बच जाती
गुरुवार को मध्य-उत्तरी जिला के डीएम एसएस परिहार के नेतृत्व ने स्वास्थ्य, नगर निगम, अग्निशमन और अन्य विभागों ने अस्पताल की जांच की। इस दौरान उन्हें कई शिकायतें मिलीं। बिल्डिंग बायलॉज का दुरुपयोग, अवैध निर्माण, आग बुझाने के सिस्टम में गड़बड़ी, बेसमेंट का मिसयूज और चिकित्सीय नियमों के लिए बनाई गई एसओपी में भी गंभीर लापरवाही पाई गई। टीम ने सीसीटीवी फुटेज की जांच कर पाया कि जो युवक चाकू लगने से मारा गया था, वह खुद चलकर इमरजेंसी में पहुंचा था। इससे यह अहसास होता है कि अगर उसका सही समय पर इलाज होता तो उसकी जान बच जाती।
विस्तृत रिपोर्ट तैयार की जा रही
टीम ने इमरजेंसी विभाग के रिकॉर्ड की भी जांच की है। डीएम के अनुसार इन अनियमितताओं और मरीजों के इलाज में बरती गई लापरवाही को ध्यान में रखते हुए अस्पताल के खिलाफ कार्रवाई का निर्णय लिया गया है। जांच की विस्तृत रिपोर्ट तैयार की जा रही है।
अस्पताल का सहयोग देने का भरोसा
उधर, एक बयान में फोर्टिस अस्पताल ने इस मामले में पूरा सहयोग देने का भरोसा दिया है। अस्पताल ने कहा कि फोर्टिस मरीजों की देखभाल, क्लिनिकल एक्सीलेंस और नियमों के पालन के सबसे ऊंचे स्टैंडर्ड्स को बनाए रखने के लिए प्रतिबद्ध है। जब हमें औपचारिक रूप से जानकारी दी जाएगी तो हम उसकी समीक्षा करेंगे और अधिकारियों को पूरा सहयोग देंगे।


