दिल्ली सरकार ने आशा कार्यकर्ताओं को दी सौगात, 3,000 की जगह 6,000 रुपये हुआ भत्ता
दिल्ली के एलजी तरनजीत सिंह संधू और CM रेखा गुप्ता ने मंगलवार को त्यागराज स्टेडियम में आयोजित कार्यक्रम में कई महत्वपूर्ण जनकल्याणकारी योजनाओं का शुभारंभ किया।

अमित झा, नई दिल्ली
दिल्ली के उपराज्यपाल तरनजीत सिंह संधू और मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने त्यागराज स्टेडियम में कई महत्वपूर्ण जनकल्याणकारी योजनाओं की शुरुआत की। ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत राज्य स्तरीय ‘आशा सम्मेलन-2026 और आशा सम्मान समारोह’ का भव्य आयोजन किया गया। इसमें आशा कार्यकर्ताओं के प्रोत्साहन भत्ते में ऐतिहासिक वृद्धि की घोषणा की गई। लगभग 6,690 आशा कार्यकर्ताओं का प्रोत्साहन भत्ता 3,000 रुपये से बढ़ाकर 6,000 रुपये कर दिया गया। समारोह में उत्कृष्ट कार्य करने वाली कार्यकर्ताओं को सम्मानित किया गया।
आशा कार्यकर्ताओं के योगदान को सम्मान
इस अवसर पर उपराज्यपाल तरनजीत सिंह संधू ने कहा कि स्वस्थ नागरिक ही विकसित दिल्ली की आधारशिला हैं। आशा कार्यकर्ता स्वास्थ्य व्यवस्था में आगे रहते हुए गर्भवती महिलाओं, बच्चों और परिवारों तक स्वास्थ्य सेवाएं एवं जागरूकता पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। उनके मासिक मानदेय को 3,000 रुपये से बढ़ाकर 6,000 रुपये किया जाना उनके योगदान और समर्पण के प्रति सम्मान का प्रतीक है।
बच्चों के जन्म के 72 घंटे के भीतर 63 बीमारियों की जांच
कार्यक्रम के दौरान मिशन 'अनमोल' के विस्तार की शुरुआत की गई। इस योजना के तहत नवजात शिशुओं की गंभीर बीमारियों की समय पर पहचान की जाएगी। इसके लिए जांच, सही समय पर बीमारी का पता लगाने और इलाज की व्यवस्था को मजबूत किया गया है। बच्चों के जन्म के 24 से 72 घंटे के भीतर 63 बीमारियों की जांच की जाएगी। इससे स्वास्थ्य समस्याओं को शुरुआती समय में ही पहचानकर उनके असर को कम किया जा सकेगा। दिल्ली सरकार हर साल जांच का दायरा 1.5 लाख से बढ़ाकर 2.5 लाख नवजात शिशुओं तक करने पर काम कर रही है।
सीएम ने की अंगदान की अपील
इस मौके पर मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि अंगदान मानवता, संवेदना और जीवन के प्रति सम्मान का प्रतीक है। किसी व्यक्ति के निधन के बाद उसके अंग जरूरतमंद व्यक्ति को नया जीवन दे सकते हैं। मैंने खुद सोटो पोर्टल के जरिए देहदान का रजिस्ट्रेशन कराया है। उन्होंने आशा कार्यकर्ताओं से परिवारों और वरिष्ठ नागरिकों तक अंगदान का संदेश पहुंचाने और इच्छुक लोगों को इसकी प्रक्रिया की जानकारी देने की अपील की। सीएम ने कहा कि अंगदान का संकल्प दूसरे के जीवन में उम्मीद की नई किरण जला सकता है।
स्वास्थ्य व्यवस्था को मजबूत करने की पहल
वहीं दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. पंकज कुमार सिंह ने कहा कि स्वास्थ्य व्यवस्था को मजबूत करने के लिए 6,690 आशा कार्यकर्ताओं की प्रोत्साहन राशि 3,000 से बढ़ाकर 6,000 रुपये की गई है। आशा कार्यकर्ताओं की प्रोत्साहन राशि में बढ़ोतरी का मुद्दा करीब एक दशक से लंबित था। कोरोना के कठिन दौर में भी इन कार्यकर्ताओं ने पूरी निष्ठा से सेवा की लेकिन उनके सम्मान के लिए अपेक्षित कदम नहीं उठाए गए। अब सरकार ने इसमें बढ़ोतरी की है। यही नहीं मिशन अनमोल का विस्तार किया गया है। मिशन अनमोल के तहत जन्म के 24-72 घंटे के भीतर 63 प्रकार की जन्मजात स्वास्थ्य समस्याओं की जांच की जा रही है।

