काम की बात: दिल्लीवालों को सस्ती बिजली पाने को हर साल कराना होगा रजिस्ट्रेशन! चूके तो बंद होगी सुविधा

नई दिल्ली, पीटीआई
Follow us on Google News
share

Delhi Electricity Subsidy : अगर आप दिल्ली में रहते हैं और अपनी बिजली सब्सिडी सुविधा का लाभ अब छोड़ना चाहते हैं तो दिल्ली सरकार आपको जल्द इसका विकल्प दे सकती है। सरकार एक वेबसाइट बनाने जा रही है, जिस पर आवेदन करने के बाद ही आपकी सब्सिडी जारी रहेगी।

Rekha Gupta electricity subsidy
दिल्ली की रेखा गुप्ता सरकार बिजली उपभोक्ताओं को देगी सब्सिडी छोड़ने का विकल्प।

दिल्ली की रेखा गुप्ता सरकार बिजली उपभोक्ताओं को सब्सिडी छोड़ने का विकल्प देने पर विचार कर रही है। अधिकारियों ने शुक्रवार को इस बारे में जानकारी देते हुए बताया कि जिस नए सिस्टम पर विचार हो रहा है, उसके तहत बिजली उपभोक्ताओं को तभी सब्सिडी दी जाएगी जब वो इसे लेने का विकल्प चुनेंगे। उन्होंने कहा कि बीते कुछ सालों में बिजली उपभोक्ताओं की संख्या बढ़ने के चलते सरकार पर सब्सिडी का बोझ काफी बढ़ गया है।

सब्सिडी जारी रखने को हर साल कराना होगा रजिस्ट्रेशन

दिल्ली सरकार के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि जल्द ही एक ऐसी वेबसाइट बनाई जाएगी, जिससे आर्थिक रूप से सक्षम उपभोक्ता अपनी मर्जी से उस सब्सिडी को छोड़ सकेंगे जो उन्हें अभी मिल रही है। वहीं जो उपभोक्ता सब्सिडी वाली बिजली लेना चाहते हैं, उन्हें इस सुविधा का लाभ जारी रखने के लिए हर वित्तीय वर्ष में रजिस्ट्रेशन कराना होगा।

200 यूनिट तक मुफ्त है बिजली

वर्तमान में दिल्ली मौजूदा सब्सिडी योजना के तहत सरकार महीने में 200 यूनिट तक बिजली इस्तेमाल करने वाले घरेलू उपभोक्ताओं को मुफ्त बिजली देती है। वहीं जो उपभोक्ता महीने में 201 से 400 यूनिट के बीच बिजली इस्तेमाल करते हैं, उन्हें 50 प्रतिशत सब्सिडी मिलती है, जिसकी अधिकतम सीमा 800 रुपये है।

बजट में बिजली सब्सिडी फंड में कटौती

पिछले एक दशक में घरेलू बिजली उपभोक्ताओं की संख्या में बढ़ोतरी के चलते दिल्ली सरकार का बिजली सब्सिडी का बोझ दोगुने से भी ज्यादा हो गया है। दिल्ली सरकार की ओर से फरवरी 2026 तक बिजली सब्सिडी के लिए आवंटित राशि 4037.63 करोड़ रुपये तक पहुंच गई। मौजूदा वित्त वर्ष (2026-27) के लिए सरकार ने इस मद में 3500 करोड़ रुपये का बजट रखा है।

दिल्ली में 73 लाख से ज्यादा घरेलू बिजली उपभोक्ता

पिछले दशक में दिल्ली में बिजली उपभोक्ताओं की संख्या में करीब 40 फीसदी का इजाफा हुआ है और वर्तमान में यह संख्या 73 लाख से अधिक है। ताजा आर्थिक सर्वेक्षण रिपोर्ट के अनुसार, कुल उपभोक्ताओं में घरेलू श्रेणी का हिस्सा सबसे अधिक 84.1 प्रतिशत है। हालांकि, कैग की एक रिपोर्ट में बताया गया है कि बिजली सब्सिडी नीति का लाभ समाज के जरूरतमंद और वंचित वर्गों तक नहीं पहुंच सका है क्योंकि ज्यादातर लाभार्थी अधिक बिजली खपत वाले दायरे में आते थे।

AAP सरकार लाई थी योजना

बता दें कि, 2022 में दिल्ली में अरविंद केजरीवाल की अगुवाई वाली आम आदमी पार्टी (AAP) की सरकार ने बिजली सब्सिडी सिर्फ उन घरेलू उपभोक्ताओं को देनी शुरू की थी, जिन्होंने इसके लिए आवेदन किया था। उस वक्त सब्सिडी पाने के लिए उपभोक्ताओं को एक मोबाइल नंबर पर मिस्ड कॉल करनी करनी होती थी। इस फैसले के पीछे यह तर्क था कि कई लोग बिजली सब्सिडी का लाभ छोड़ना चाहते थे।

Praveen Sharma

लेखक के बारे में

Praveen Sharma
प्रवीण शर्मा लाइव हिन्दुस्तान में स्टेट टीम का हिस्सा हैं। एक दशक से भी अधिक समय से पत्रकारिता के क्षेत्र में सेवाएं दे रहे प्रवीण साल 2014 में डिजिटल पत्रकारिता में आने से पहले प्रिंट मीडिया में भी काम कर चुके हैं। प्रवीण ने अपने करियर की शुरुआत हरिभूमि अखबार से की थी और वर्ष 2018 में लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े। प्रवीण मूलरूप से उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ जिले के निवासी हैं, लेकिन इनका जन्म और स्कूली शिक्षा दिल्ली से हुई है। हालांकि, पत्रकारिता की पढ़ाई इन्होंने हरियाणा के हिसार स्थित गुरु जम्भेश्वर विश्वविद्यालय से की है। वह दिल्ली-एनसीआर की सियासी घटनाओं के साथ ही जन सरोकार से जुड़ी सभी छोटी-बड़ी खबरों पर भी पैनी नजर रखते हैं। और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News , Delhi News , Ghaziabad News , Noida News , Gurgaon News , Faridabad News , Delhi Protest Live और दिल्ली में आज का मौसम सहित पूरे NCR की खबरें पढ़ने के लिए Live Hindustan App अभी डाउनलोड करे और पाएं पल-पल की ताज़ा खबर
Hindi Newsएनसीआर Newsदिल्ली में सस्ती बिजली पाने को हर साल कराना होगा ये काम! चूके तो बंद होगी सुविधा