24 से 26 डिग्री पर ही चलाएं AC, बेवजह लाइट न जलाएं, बिजली बचाने को दिल्ली सरकार का नया आदेश

Praveen Sharma हिन्दुस्तान, नई दिल्ली
Follow us on Google News
share

दिल्ली सरकार ने बिजली बचाने और एसी चलाने को लेकर एक नया आदेश जारी किया है। बता दें कि, इस बार पड़ रही भीषण गर्मी के चलते राजधानी में बिजली डिमांग 8000 मेगावाट को पार कर गई है।

24 से 26 डिग्री पर ही चलाएं AC, बेवजह लाइट न जलाएं, बिजली बचाने को दिल्ली सरकार का नया आदेश

राजधानी में भीषण गर्मी के बीच दिल्ली सरकार ने बिजली बचाने और एसी चलाने को लेकर एक नया आदेश सामने आया है। यह आदेश ऐसे वक्त में आया है, जब दिल्ली में आए दिन एयर कंडीशन (एसी) से आग लगने की घटनाएं सामने आ रही हैं। बता दें कि, इस बार गर्मी के मौसम में दिल्ली में बिजली की मांग 8000 मेगावाट को पार कर चुकी है, और लगातार बढ़ रही है।

दिल्ली सरकार ने विभिन्न विभागों को बिजली बचाने के निर्देश दिए हैं। इसके लिए दफ्तरों में बेवजह जलने वाली लाइटों को बंद करने एवं एसी को 24 से 26 डिग्री पर चलाने की सलाह दी गई है। इसके लिए दिल्ली सरकार के प्रशासनिक विभाग की तरफ से सर्कुलर जारी किया गया है।

जानकारी के अनुसार, दिल्ली सरकार द्वारा ईंधन बचाने के लिए कई प्रयास किए जा रहे हैं। इसमें मेट्रो मंडे, घर से काम करने और मुख्यमंत्री एवं मंत्रियों के काफिले छोटा करना शामिल है। दिल्ली सरकार के सामान्य प्रशासनिक विभाग की तरफ से विभिन्न विभागों को कहा गया है कि वह बिजली बचाने का प्रयास करें।

एसी में धमाके से आग, पूर्व आईएएस की मौत

बता दें कि, दक्षिण दिल्ली के हौज खास इलाके में बुधवार देर रात एक मकान में अचानक आग लग गई। इस हादसे में रिटायर्ड आईएएस अफसर धनेंद्र कुमार की मौत हो गई। हादसे में उनका बेटा धुएं की चपेट में आने के कारण अस्पताल में भर्ती है। राहत की बात यह है कि उसकी हालत अब खतरे से बाहर बताई जा रही है। शुरुआती जांच में हादसे की वजह एसी के इंडोर यूनिट में धमाका होना माना जा रहा है। फिलहाल हौजखास थाना पुलिस मामले की जांच कर रही है। डीसीपी अनंत कुमार ने बताया कि रिटायर्ड आईएएस अफसर धनेंद्र कुमार परिवार के साथ हौजखास स्थित आर-15 मकान नंबर में रहते थे। वह 1967 बैच के हरियाणा कैडर के वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी थे और वर्ल्ड बैंक के एक्जीक्यूटिव डायरेक्टर रहे थे। अपने लंबे प्रशासनिक कार्यकाल के दौरान हरियाणा के मुख्य सचिव, सीसीआई चेयरमैन, नेशनल हाईवे अथॉरिटी के चेयरमैन आदि पदों पर भी रहे। धनेन्द्र कुमार गर्ग मूलत: गंगोह के रहने वाले थे। वह अपने इलाके के पहले आईएएस अफसर थे। उनके साथ पत्नी के अलावा घर में बेटा और दो घरेलू सहायक रहते हैं। पुलिस उपायुक्त ने बताया कि धनेंद्र कुमार के शरीर पर किसी तरह की जलने की चोट नहीं मिले है, लेकिन अधिक धुआं अंदर जाने के कारण उनकी हालत गंभीर हो गई थी। उन्होंने इलाज के दौरान एम्स ट्रॉमा सेंटर में दम तोड़ दिया।

फ्लैट में आग के बीच फंसा परिवार बाल-बाल बचा

वहीं, दिल्ली के शाहदरा स्थित कबूल नगर इलाके में गुरुवार को सुबह एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। यहां एक रिहायशी फ्लैट में लगे स्प्लिट एसी के इंडोर यूनिट में अचानक धमाके के साथ आग लग गई। गनीमत यह रही कि परिवार के सभी सदस्यों ने समय रहते फ्लैट से बाहर भागकर अपनी जान बचा ली। हालांकि, इस भीषण अग्निकांड में घर में रखा लाखों रुपये का कीमती सामान जलकर पूरी तरह खाक हो गया।

इससे पहले, मई महीने की शुरुआत में पूर्वी दिल्ली के विवेक विहार में भी एक इमारत में एसी फटने से कई फ्लैटों में आग लग गई थी, जिसमें कुल 9 लोगों की बुरी तरह जलकर मौत हो गई थी।

Praveen Sharma

लेखक के बारे में

Praveen Sharma
प्रवीण शर्मा लाइव हिन्दुस्तान में स्टेट टीम का हिस्सा हैं। एक दशक से भी अधिक समय से पत्रकारिता के क्षेत्र में सेवाएं दे रहे प्रवीण साल 2014 में डिजिटल पत्रकारिता में आने से पहले प्रिंट मीडिया में भी काम कर चुके हैं। प्रवीण ने अपने करियर की शुरुआत हरिभूमि अखबार से की थी और वर्ष 2018 में लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े। प्रवीण मूलरूप से उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ जिले के निवासी हैं, लेकिन इनका जन्म और स्कूली शिक्षा दिल्ली से हुई है। हालांकि, पत्रकारिता की पढ़ाई इन्होंने हरियाणा के हिसार स्थित गुरु जम्भेश्वर विश्वविद्यालय से की है। वह दिल्ली-एनसीआर की सियासी घटनाओं के साथ ही जन सरोकार से जुड़ी सभी छोटी-बड़ी खबरों पर भी पैनी नजर रखते हैं। और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News , Delhi News , Ghaziabad News , Noida News , Gurgaon News और Faridabad News सहित पूरी NCR News पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।