
दिल्ली में सरकारी स्कूल के छात्रों को नीट-जेईई और CUET की मिलेगी फ्री कोचिंग
दिल्ली के सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाले छात्रों को दिल्ली सरकार जेईई, नीट और सीयूईटी सहित अलग-अलग परीक्षाओं की तैयारी कराएगी। शिक्षा निदेशालय ने सर्कुलर में कहा है कि प्रवेश परीक्षाएं 12 अक्टूबर से 26 अक्टूबर के बीच सरकारी स्कूलों में आयोजित की जाएंगी।
राजधानी दिल्ली के सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाले छात्रों को दिल्ली सरकार जेईई, नीट और सीयूईटी सहित अलग-अलग परीक्षाओं की तैयारी कराएगी। शिक्षा निदेशालय (डीओई) ने महामना पंडित मदन मोहन मालवीय विद्या शक्ति मिशन के तहत कॉमन एंट्रेंस टेस्ट (सीईटी-2025) के लिए रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया की घोषणा की है। इसका उद्देश्य सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाले छात्रों को मार्गदर्शन और कोचिंग सहायता प्रदान करना है।

शिक्षा निदेशालय ने सर्कुलर में कहा है कि प्रवेश परीक्षाएं 12 अक्टूबर से 26 अक्टूबर के बीच सरकारी स्कूलों में आयोजित की जाएंगी। इस योजना से छात्रों को जेईई (मेन/एडवांस्ड), नीट, सीएलएटी, सीए फाउंडेशन और सीयूईटी (यूजी) सहित प्रतियोगी प्रवेश परीक्षाओं की तैयारी में मदद मिलेगी। इस योजना के तहत विभिन्न पाठ्यक्रमों में 2,200 सीटें उपलब्ध हैं। इनमें से जेईई, नीट, सीएलएटी और सीए फाउंडेशन परीक्षाओं में से प्रत्येक में लड़कियों के लिए 50 सीटें आरक्षित हैं।
सीयूईटी में 150 सीट लड़कियों के लिए आरक्षित : सीयूईटी में एक हजार सीट होंगी। इनमें से 150 सीट लड़कियों के लिए आरक्षित की हैं। यह कोचिंग दिल्ली के सूचीबद्ध संस्थानों के माध्यम से प्रदान की जाएगी। इसमें पाठ्यक्रम शुल्क, अध्ययन सामग्री और परीक्षा पत्र शामिल होंगे। 11वीं क्लास के छात्र जेईई, नीट, सीएलएटी और सीए फाउंडेशन प्रवेश परीक्षा की तैयारी के लिए पात्र हैं।
वहीं, कक्षा 12 के सभी स्ट्रीम के छात्र सीयूईटी कोचिंग के लिए आवेदन कर सकते हैं। विभाग ने स्कूलों के प्रमुखों को 30 सितंबर तक छात्रों का रजिस्ट्रेशन करने का निर्देश दिया है। छात्र केवल एक ही कोर्स के लिए रजिस्ट्रेशन कर सकते हैं।
यह है योजना
● जेईई और नीट के साथ सीयूईटी परीक्षा की तैयारी के लिए होगा एंट्रेंस टेस्ट का आयोजन
● इस पहल के तहत जेईई, नीट, क्लैट, सीए और सीयूईटी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे छात्रों को मार्गदर्शन दिया जाएगा
● महामना पंडित मदन मोहन मालवीय विद्या शक्ति मिशन के लिए काॅमन एंट्रेस टेस्ट होगा



