दिल्ली के गाजीपुर में बड़ा हादसा, खड़े ट्रक से टकराई तेज रफ्तार कार; दो महिलाओं की मौत
दिल्ली के गाजीपुर इलाके में NH-9 पर सुबह-सुबह एक दर्दनाक हादसा हुआ। विनोद नगर डिपो के सामने एक तेज रफ्तार कार सड़क पर खड़े कंटेनर से टकरा गई। इस हादसे में दो महिलाओं, दीपांजलि और नीलम गर्ग की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चालक और दो छोटे बच्चे गंभीर रूप से घायल हैं।

राजधानी दिल्ली के गाजीपुर इलाके में सुबह-सुबह बड़ा सड़क हादसा हुआ है। NH-9 पर MCD टोल के पास विनोद नगर डिपो के सामने तेज रफ्तार कार सड़क पर खड़े कंटेनर ट्रक से टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार पूरी तरह क्षत-विक्षत हो गई। इस हादसे में दो महिलाओं की मौके पर ही मौत हो गई।
दो महिलाओं की मौत
हादसे में कार में सवार दो महिलाओं दीपांजलि (38 वर्ष) और नीलम गर्ग (55 वर्ष) की मौके पर ही मौत हो गई। एक महिला कार से बाहर गिरकर सड़क पर मिलीं, जबकि दूसरी कार की आगे बाईं तरफ वाली यात्री सीट में फंसी हुई थीं। पूरी घटना देखते ही देखते हो गई, जिससे आसपास के लोग भी हैरान रह गए।
चालक और दो छोटे बच्चे घायल, अस्पताल में भर्ती
कार चला रहे दीपांशु गर्ग गंभीर रूप से घायल हो गए। उनके साथ सफर कर रहे दो बच्चे भी चोटिल हुए। तीनों को तुरंत मैक्स हॉस्पिटल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। परिवार के सदस्य अभी सदमे में हैं, क्योंकि छुट्टियां मनाकर लौटते वक्त यह हादसा इतनी तेजी से हुआ कि किसी को अंदाजा भी नहीं था।
पुलिस और क्राइम टीम ने शुरू की जांच
हादसे की सूचना मिलते ही गाजीपुर पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। क्राइम टीम ने पूरी घटनास्थल का निरीक्षण किया, फोटोग्राफी और जरूरी सबूत जुटाए। मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए एल.बी.एस. मोर्चरी भेज दिया गया। पुलिस ने बताया कि आगे जांच जारी है।
यह हादसा एक बार फिर याद दिलाता है कि NH-9 जैसे व्यस्त हाईवे पर सुबह के समय भी कितना जोखिम रहता है। टोल प्लाजा के पास खड़े ट्रकों से टकराव की घटनाएं पहले भी होती रही हैं।


