गुड न्यूज; कूड़े के पहाड़ों के खात्मे की ओर दिल्ली, 100 एकड़ जमीन हो गई खाली
दिल्ली के कदम कूड़े के पहाड़ों से मुक्ति की ओर तेजी से बढ़ चले हैं। दिल्ली सरकार ने ओखला, भलस्वा और गाजीपुर में 2.16 करोड़ मीट्रिक टन कचरे की प्रोसेसिंग कर के 100 एकड़ जमीन खाली कराई है।

अमित झा, नई दिल्ली
दिल्ली सरकार ने ओखला, भलस्वा और गाजीपुर के कूड़े के पहाड़ों को हटाने की दिशा में बड़ी उपलब्धि हासिल की है। इन तीनों लैंडफिल साइटों पर अब तक करीब 2.16 करोड़ मीट्रिक टन कचरे को प्रोसेस किया जा चुका है। इन जगहों पर कुल 100 एकड़ जमीन को खाली भी कराया गया है। प्रोसेसिंग के बाद निकले मटेरियल का इस्तेमाल सड़कों के निर्माण और निचले क्षेत्रों को भरने में किया जा रहा है। इससे इन क्षेत्रों के आसपास रहने वालों को स्वच्छ वातावरण हासिल होगा।
सरकार को मिली 100 एकड़ जमीन
दिल्ली सरकार की ओर से साझा की गई जानकारी के मुताबिक, तीन स्थानों (ओखला, भलस्वा और गाजीपुर) पर बने हुए कूड़े के पहाड़ों से 216 लाख मीट्रिक टन कूड़े का निस्तारण किया जा चुका है। इसके चलते जहां पहले कूड़े के पहाड़ थे, इन स्थानों पर सरकार को लगभग 100 एकड़ जमीन हासिल हुई है। यह जानकारी रविवार को मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो साझा कर दी।
ओखला में 35 एकड़ जमीन हुई खाली
मुख्यमंत्री रेखा गुप्तान ने कहा कि दिल्ली सरकार ने ओखला से अभी तक 70 लाख मीट्रिक टन कूड़ा हटाकर उसका निस्तारण कर दिया है। इसकी वजह से वहां लगभग 35 एकड़ जमीन दिल्ली सरकार को हासिल हुई है।
भालस्वा में 45 एकड़ जमीन खाली
भलस्वा में 102 लाख मीट्रिक टन कूड़ा सरकार हटा चुकी है और वहां लगभग 45 एकड़ जमीन खाली हो गई है।
गाजीपुर में 20 एकड़ जमीन खाली
मुख्यमंत्री ने कहा कि गाजीपुर में भी तेजी से कूड़े का निस्तारण किया जा रहा है। यहां से कूड़े का काफी इस्तेमाल सड़कों के नीचे किया गया है। दिल्ली सरकार ने यहां से लगभग 44 लाख मीट्रिक टन कूड़े का निस्तारण किया है जिससे लगभग 20 एकड़ जमीन हासिल हुई है। बचे हुए कचरे को भी जल्द हटाने का काम किया जा रहा है।
पूरी तरह खत्म हो जाएंगे कूड़े के पहाड़
सीएम रेखा गुप्ता ने बताया कि दिल्ली में 4 नए वेस्ट टू एनर्जी प्लांट लगाए जा रहे हैं। इनके बनने से दिल्ली में कूड़े का पहाड़ पूरी तरह खत्म हो जाएगा। इतना ही नहीं भविष्य में भी कूड़े के पहाड़ नहीं बनेंगे क्योंकि इन प्लांटों में प्रतिदिन घरों से निकलने वाले कूड़े का 100 फीसदी निस्तारण हो जाएगा।
लोगों के जीवन स्तर में सुधार आएगा
मुख्यमंत्री ने कहा कि कूड़े के पहाड़ के आसपास रहने वाले लोगों को इससे परेशानी होती थी। कूड़े के पहाड़ कम होने से न केवल लोगों की परेशानी कम हो रही है बल्कि उनके जीवन स्तर में भी सुधार हो रहा है। उन्होंने कहा कि कूड़े के पहाड़ हटने से यहां रहने वाले लोगों की संपत्ति की कीमत में भी वृद्धि देखने को मिलेगी। इसके साथ ही उनका स्वास्थ्य भी बेहतर होगा।


