
खूनी सोमवार से दहली दिल्ली! 24 घंटे में 6 हत्याएं, कहीं कारोबारी को भूना तो कहीं छात्र का कत्ल
राजधानी दिल्ली में बीते 24 घंटों में छह हत्याओं से सनसनी फैल गई है। बवाना में कारोबारी की दिनदहाड़े हत्या, मंगोलपुरी में छात्र का कत्ल और मामूली विवादों में तीन अन्य लोगों की जान ले ली गई।
दिल्ली में अलग-अलग स्थानों पर 24 घंटे में हत्या की छह घटनाएं सामने आई हैं। बवाना में 35 वर्षीय कारोबारी की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी गई। गोकुलपुरी में पति ने पत्नी के दोस्त को मौत के घाट उतारा। मंगोलपुरी में दसवीं के छात्र की चाकू मारकर हत्या का मामला सामने आया है। कल्याणपुरी में मोबाइल चार्जर न देने पर दुकानदार की चाकू से गोदकर हत्या कर दी गई। मोती नगर के डीडीए पार्क में आपसी विवाद के दौरान एक यवुक की मौत हो गई।
1. कारोबारी को दौड़ा-दौड़ाकर गोली मारी
बाहरी दिल्ली के बवाना इलाके में सोमवार दोपहर दिनदहाड़े एक कारोबारी की उसकी फैक्टरी के सामने दौड़ा-दौड़ाकर गोली मारकर हत्या कर दी गई। वारदात से औद्योगिक क्षेत्र में दहशत फैल गई। मृतक की पहचान 35 वर्षीय वैभव गांधी के रूप में हुई है, जो बवाना में डीएसआईआईडीसी सेक्टर-4, प्लास्टिक दाने के कारोबार से जुड़ा था। पुलिस उपायुक्त (आउटर नॉर्थ) हरेश्वर वी. स्वामी ने बताया कि सोमवार दोपहर 12:51 बजे बवाना थाना पुलिस को पूठ खुर्द स्थित महर्षि वाल्मीकि अस्पताल से सूचना मिली। अस्पताल कर्मचारियों ने बताया कि गोली लगने से घायल एक युवक को उपचार के लिए लाया गया था, जिसे डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस शव को पोस्टमॉर्टम के लिए मोर्चरी में सुरक्षित रखवा दिया है।
दो बाइक पर सवार थे हमलावर: शुरुआती जांच में सामने आया कि वारदात के समय वैभव अपनी फैक्टरी के बाहर मौजूद था। तभी दो बाइकों पर सवार होकर आए तीन से चार बदमाशों ने उस पर अचानक ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। गोली लगने से वैभव मौके पर ही गिर पड़ा और गंभीर रूप से घायल हो गया। इसके बाद आरोपी उसका एक बैग उठाकर फरार हो गए। बताया जा रहा है कि बैग में लैपटॉप और कुछ नकदी मौजूद थी। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस के साथ मोबाइल क्राइम टीम और रोहिणी एफएसएल की टीम को भी मौके पर बुलाया गया। टीमों ने घटनास्थल से कारतूस के खोखे समेत अन्य अहम सुराग जुटाए हैं। पुलिस ने हत्या, आर्म्स एक्ट और अन्य संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है।
सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही पुलिस: पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि हमलावरों की पहचान की जा सके। कई टीमों को अलग-अलग दिशाओं में आरोपियों की तलाश में लगाया गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि कारोबार या आपसी रंजिश समेत सभी एंगल से मामले की जांच की जा रही है। जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी का दावा किया जा रहा है।
2. मंगोलपुरी इलाके में चाकू से गोदकर छात्र की हत्या
बाहरी दिल्ली के मंगोलपुरी इलाके में एक सरकारी स्कूल के बाहर सोमवार दोपहर 10वीं के छात्र के सिर में चाकू घोंपकर हत्या कर दी गई। वारदात के बाद हमलावर फरार हो गए। जानकारी के अनुसार, 15 वर्षीय सुधांशु मंगोलपुरी के एस ब्लॉक में अपने परिवार के साथ रहता था। वह सर्वोदय बाल विद्यालय में 10वीं का छात्र था और इस साल बोर्ड परीक्षा देने वाला था। सोमवार को स्कूल में विदाई समारोह में शामिल होने के बाद करीब एक बजे बाहर निकला। इसी दौरान अज्ञात हमलावरों ने उस पर हमला किया। चाकू सिर में फंस जाने के कारण हमलावर उसे छोड़कर भागे। घटना के दौरान अज्ञात हमलावर पहले से घात लगाए हुए थे। स्थानीय लोगों की मदद से सुधांशु को नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर शव को पोस्टमॉर्टम के लिए मोर्चरी में सुरक्षित रखवा दिया। प्रारंभिक जांच में रंजिश के चलते हत्या की संभावना जताई गई है। क्राइम और फॉरेंसिक टीमों ने वारदातस्थल से खून के नमूने, चाकू पर फिंगरप्रिंट और अन्य साक्ष्य जुटाए हैं। साथ ही, स्कूल के पास लगे सीसीटीवी फुटेज की जांच की जा रही है ताकि हमलावरों की पहचान की जा सके। पुलिस अधिकारी ने बताया कि मामले की जांच जारी है। स्थानीय सुरक्षा और स्कूलों के आसपास निगरानी बढ़ाने के निर्देश भी जारी किए गए हैं।
3. पत्नी के दोस्त की डंडे से ताबड़तोड़ वार कर हत्या
गोकुलपुरी इलाके में पत्नी के दोस्त की हत्या का मामला सामने आया है। जानकारी के अनुसार, पति ने पत्नी पर शक के चलते उसके दोस्त 28 वर्षीय रवि शर्मा को डंडे से वार कर मौत के घाट उतार दिया। आरोपी एक दिन पहले ही गुजरात से लौटकर घर आया था। रविवार सुबह 08:12 बजे पुलिस को सूचना मिली कि डी-ब्लॉक में एक युवक घायल पड़ा है। रवि को तत्काल जीटीबी अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। जांच में पता चला है कि महिला अपने परिवार के साथ किराए के घर में रहती है। महिला का पति गौरी शंकर बेरोजगार है।
महिला ने पुलिस को बताया कि पति को घर पर उसके दोस्त की मौजूदगी को लेकर झगड़ा किया था। शनिवार रात महिला ने दोनों को भोजन दिया, लेकिन पति ने खाने से इनकार कर दिया। रात में रवि और पति छत पर सोने चले गए। रविवार सुबह महिला ने छत पर जाकर देखा तो रवि का शव खून से लथपथ पड़ा था, सिर पर डंडे के निशान थे और पास में खून सना डंडा पड़ा था।महिला ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। शव को मोर्चरी में सुरक्षित रखवा दिया है।
4. डीडीए पार्क में कहासुनी के बाद किशोर को मार डाला
मोती नगर स्थित डीएलएफ के पास डीडीए पार्क में रविवार देर रात नाबालिग समेत दो युवकों पर चाकू से जानलेवा हमला किया गया। हमले में 17 वर्षीय जावेद की मौत हो गई, जबकि 25 वर्षीय मोहम्मद दानिश गंभीर रूप से घायल है। आरोपियों से बचने के लिए दोनों ने काफी दूर तक भागे, लेकिन बदमाशों ने पीछा कर चाकू से वार कर उन्हें लहूलुहान कर दिया और फरार हो गए। पार्क में मौजूद लोगों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। दोनों घायलों को आचार्य भिक्षु अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जावेद को मृत घोषित कर दिया। दानिश की हालत गंभीर होने पर उसे एम्स ट्रॉमा सेंटर रेफर किया गया, जहां वह आईसीयू में भर्ती है। मोती नगर थाना पुलिस ने हत्या और हत्या के प्रयास समेत संबंधित धाराओं में एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान करने में जुटी है।
5. मोबाइल चार्ज करने से मना किया तो ले ली जान
पूर्वी दिल्ली के कल्याणपुरी थाना क्षेत्र के त्रिलोकपुरी इलाके में सोमवार सुबह मामूली बात पर हुए विवाद ने एक ऑटो मैकेनिक की जान ले ली। मोबाइल चार्ज करने से मना करने पर दो युवकों ने ऑटो मैकेनिक और उसके सहायक पर चाकू से हमला कर दिया। इस वारदात में 45 वर्षीय मैकेनिक वीर सिंह की मौत हो गई, जबकि उसका सहायक रामकिशन घायल हो गया। घटना के बाद इलाके में दहशत फैल गई। पुलिस के अनुसार, सोमवार सुबह करीब नौ बजे 13/31, त्रिलोकपुरी स्थित एक ऑटो मरम्मत की दुकान पर दो युवक मोबाइल चार्ज करने पहुंचे थे। दुकान पर मौजूद मैकेनिक वीर सिंह ने चार्जर देने से मना कर दिया। इस बात पर आरोपियों और मैकेनिक के बीच बहस शुरू हो गई, जो देखते ही देखते हिंसक हो गई। आरोप है कि गुस्से में आकर एक युवक ने चाकू निकालकर वीर सिंह पर ताबड़तोड़ वार कर दिए। बीच-बचाव करने आए सहायक रामकिशन को भी चाकू लग गया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को एलबीएस अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने वीर सिंह को मृत घोषित कर दिया। रामकिशन को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई। पुलिस उपायुक्त अभिषेक धानिया ने बताया कि मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है।
आरोपियों की पहचान त्रिलोकपुरी निवासी 31 वर्षीय यामीन और 28 वर्षीय यासीन के रूप में हुई है। पुलिस ने उनके कब्जे से वारदात में इस्तेमाल किया गया चाकू भी बरामद कर लिया है। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। सीसीटीवी फुटेज, स्थानीय सूचना और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान की गई। फिलहाल दोनों से पूछताछ की जा रही है और पुलिस यह भी जांच कर रही है कि आरोपियों का कोई आपराधिक रिकॉर्ड है या नहीं।
6. ख्याला में नाबालिग की हत्या
वेस्ट दिल्ली के ख्याला इलाके में कल देर रात सोहेल नाम के एक नाबालिग लड़के की चाकू घोंपकर हत्या कर दी गई। पुलिस हत्या करने वालों की तलाश कर रही है और क्राइम सीन के आसपास के इलाके से CCTV फुटेज की पड़ताल कर रही है।





