
दिल्ली: इंफ्लुएंसर रोहित खत्री के जिम पर फायरिंग, लॉरेंस गैंग ने सोशल मीडिया पर ली जिम्मेदारी
ये जिम सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर रोहित खत्री का बताया जा रहा है। फायरिंग की सूचना मिलते ही दिल्ली पुलिस मौके पर मौजूद है और मामले की जांच कर रही है। एक सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए जिम संचालक को भविष्य में गंभीर अंजाम भुगतने की चेतावनी भी दी गई है।
दिल्ली के पश्चिम विहार में आरके फिटनेस जिम पर अज्ञात बदमाशों ने ताबड़तोड़ फायरिंग की है। हमले में किसी के भी घायल होने की खबर नहीं है। सोमवार और मंगलवार की दरमियानी रात की गई फायरिंग में गोलियां जिम के शीशे पर लगी हैं। बताया जा रहा है कि बदमाश बाइक पर सवार थे।
लॉरेंस बिश्नोई गैंग ने कथित तौर पर सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए फायरिंग की जिम्मेदारी ली है। पोस्ट के अनुसार, जिम को इसलिए निशाना बनाया गया क्योंकि जिम का मालिक गैंग द्वारा फोन कॉल का जवाब नहीं दे रहा था। खुद को गैंगस्टर बताने वाले रणदीप मलिक के नाम से पोस्ट में दावा किया है कि फायरिंग उसने ही करवाई है। साथ ही पोस्ट में जिम संचालक नाम लेते हुए भविष्य में गंभीर अंजाम भुगतने की चेतावनी भी दी गई है।

पोस्ट में दी खुली धमकी
पोस्ट में रणदीप ने कहा कि ‘जिम में फायरिंग मैंने (रणदीप मलिक) और अनिल पंडित यूएसए ने करवाई है। इसको (जिम संचालक) मैंने कॉल की थी इग्नोर की तो ये करना पड़ा। अगर अगली बार कॉल नहीं उठाई तो धरती से उठवा लूंगा जिम के गेट पर ही जैसे कि नादिर शाह को उठवाया था।’
जांच में जुटी पुलिस
यही नहीं धमकी में लिखा गया, 'जो भी लॉरेंस भाई के दुश्मन हैं, वे आजीवन दुश्मन ही रहेंगे। मरते दम तक अपने भाई के लिए जिंदा हूं। मैं बोलकर नहीं, करके दिखाने में विश्वास रखता हूं।'
बहरहाल ये जिम सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर रोहित खत्री का बताया जा रहा है। फायरिंग की सूचना मिलते ही दिल्ली पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच कर रही है। अबतक इस मामले में किसी की भी गिरफ्तारी नहीं हुई है।





