
दिल्ली में आग ने कैसे लील ली 4 जिंदगियां, हादसे की कहानी लोगों की जुबानी- VIDEO
दक्षिणी दिल्ली के तिगड़ी एक्सटेंशन में शनिवार शाम को एक इमारत में आग चपेट में आकर 4 लोगों की मौत हो गई जबकि कुछ अन्य घायल हो गए। एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि आग ग्राउंड फ्लोर पर जूते की दुकान से शुरू होकर ऊपरी मंजिल तक फैल गई।
दिल्ली के तिगड़ी एक्सटेंशन में शनिवार शाम को एक 4 मंजिला इमारत में भीषण आग लग गई। आग चपेट में आकर भाई-बहन समेत 4 लोगों की मौत हो गई जबकि एक अन्य महिला झुलस गई। एक अधिकारी ने बताया कि आग ग्राउंड फ्लोर पर जूते की दुकान से भड़की और देखते ही देखते ऊपरी मंजिल तक फैल गई। सर्च ऑपरेशन के दौरान जूते की दुकान से दो शव बुरी तरह से जली हालत में मिले हैं। उनके बारे में पता नहीं चल पाया है कि वे पुरुष हैं या महिलाएं।
ग्राउंड फ्लोर से शुरू हुई आग
पुलिस और दमकल विभाग के अधिकारियों ने बताया कि आग शनिवार शाम को करीब 6:24 बजे तिगड़ी एक्सटेंशन के ब्लॉक बी में चार मंजिला इमारत के बेसमेंट में स्थित फुटवियर शॉप में लगी। इसकी सूचना पुलिस को पीसीआर कॉल के जरिए मिली। पुलिस की टीम तुरंत मौके पर पहुंची जहां आग ने ग्राउंड फ्लोर को पूरी तरह अपनी चपेट में ले लिया था। आग इतनी भयानक थी कि इमारत के ग्राउंड फ्लोर पर ही 2 लोगों के झुलसे शव मिले।
रो रहे थे बच्चे, भीतर से आ रही थी लपटें
एक प्रत्यक्षदर्शी ने बताया कि हम घटनास्थल के पास ही खड़े थे। हमने देखा की बच्चे रो रहे थे और आग की लपटें आ रही थीं। हमने भीतर से लपटें निकलते हुए देखी। बच्चे भीतर भागने की कोशिश कर रहे थे लेकिन मैं तब तक पहुंच गया। मैंने दो महिलाओं और एक बच्चे को बचाया। एक महिला बुरी तरह से घायल थी। उसे बाइक से अस्पताल भिजवाया गया। वहीं अधिकारियों ने बताया कि दो महिलाओं को घायल हालत में अस्पताल ले जाया गया है।
पास की इमारतें बनी सहारा
स्थानीय लोगों ने बताया कि आग इतनी भीषण थी कि लोग निकल ही नहीं पाए। इमारत के ऊपरी मंजिलों पर कई लोग फंस गए थे। ये लोग छत की ओर भागे। ये लोग छत के सहारे पास के सटे दूसरे मकानों तक पहुंचे। छत के सहारे पड़ोसियों के मकान में पहुंचे और वहां से उतर कर अपनी जान बचाई। लोगों का कहना था कि नीचे के फ्लोर में आग लगने के चलते बाहर निकलने का रास्ता ब्लॉक हो गया था। धुंआ ऊपर तेजी से बढ़ रहा था ऐसे छत ही बचने का सहारा था।
देवदूत बने पड़ोसी
स्थानीय लोगों ने बताया कि लोगों को बचाने में पड़ोसियों ने बहुत मदद की। यदि स्थानीय लोगों ने तत्परता नहीं दिखाई होती तो मरने वालों का आंकड़ा बढ़ सकता था। पड़ोसियों ने छत के सहारे से इस मकान में फंसे लोगों को इमारत से बाहर खींचा। इस तरह से इमारत में फंसे लोगों को बचाया जा सका। एक महिला तो जान बचाने के लिए दूसरी मंजिल से ही नीचे कूद गई। इसकी वजह से उसे गंभीर चोटें आई हैं।
बाहर निकलने का मौका तक नहीं दिया
लोगों को बचाने में शामिल एक स्थानीय नागरिक ने कहा कि ग्राउंड फ्लोर से आग निकली हम जब मौके पर पहुंचे तो लपटें इतनी विकराल थीं कि इनको काबू करना मुश्किल था। हम भागो-निकलो चिल्लाने लगे। बच्चों और महिला को तो मैंने बचा लिया लेकिन बाकी जो भीतर या ऊपर फंस गए थे उनको मकाने के गेट से निकालना संभव नहीं था क्योंकि लपटें उसी से निकल रही थीं। आग ने किसी को बाहर निकलने का मौका तक नहीं दिया।
VIDEO वायरल
आग लगने की घटना का एक वीडियो भी वायरल हो रहा है। इसमें लोग भागो और उतरो-उतरो चिल्ला रहे हैं। वायरल वीडियो में एक शख्स चिल्लाता दिख रहा है कि आरे कोई ऊपर हो तो आ जइयो भैया। वहीं बाहर गली में एक घायल को लोग किनारे ले जाते दिख रहे हैं। मृतकों में दो की पहचान नहीं हो सकी है। आग कैसे लगी। इसकी जांच की जा रही है।
मृतकों में मकान मालिक और उसकी बहन
पीटीआई-भाषा की रिपोर्ट के मुताबिक, मृतकों की पहचान इमारत के मालिक सतेंद्र उर्फ जिमी (38) और उसकी बहन अनीता (40) के रूप में हुई है। घायल की पहचान ममता (40) के रूप में हुई है जो 25 फीसदी तक झुलस गई है। मरने वालों में दो अन्य की पहचान बाकी है। अपराध शाखा और फॉरेंसिक विभाग की टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। आग लगने के कारणों का पता लगाने के लिए साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।





