दिल्ली की आधी आबादी ने किस पार्टी का दिया साथ, एक्सिस माय इंडिया के पोल में क्या पता चला?
- Exit Polls Delhi 2025: दिल्ली चुनाव को लेकर एक्सिस माय इंडिया एग्जिट पोल ने बताया कि महिलाओं ने इस बार बीजेपी को ज्यादा वोट दिया है। हालांकि आप के नंबर ज्यादा कम नहीं हैं। पोल में 46 फीसदी बीजेपी को तो वहीं 44 फीसदी आप के साथ आधी आबादी गई है।

दिल्ली चुनाव मतदान के बाद अब एग्जिट पोल भी अपने अनुमान के साथ सामने आ रहे हैं। आज शाम एक्सिस माय इंडिया पोल ने आज अलग-अलग तरीके से विश्लेषण कर आपने आंकड़े जारी किए हैं। इसमें भी बीजेपी की सरकार बनती दिख रही है। इसके अलावा इस बार दिल्ली की महिलाओं ने किस पार्टी को अपना मत दिया है,इसका भी एक मोटा-मोटी अनुमान सामने आया है। इसके अनुसार, महिलाओं ने इस बार बीजेपी को अपनी पहली पसंद के रूप में चुना है। एक्सिस माय इंडिया पोल नतीजों में पुरुषों ने भी भाजपा को ही वोट दिया है।
महिलाएं भाजपा की तरफ, पुरुष किस तरफ?
एक्सिस माय इंडिया के जारी आंकड़ों को देखें तो 46 फीसदी महिलाओं ने इस बार भाजपा को वोट दिया है। वहीं 44 फीसदी महिलाओं ने आम आदमी पार्टी को वोट दिया है। 7 फीसदी ऐसी महिलाएं भी रहीं जिन्होंने कांग्रेस को वोट दिया है। अन्य का पर्सेंटेज 3 फीसदी है। पुरुषों की बात करें तो 50 फीसदी पुरुष वोटरों ने बीजेपी को वोट दिया है, तो वहीं 40 फीसदी आप के साथ गए हैं। कांग्रेस के साथ 7 फीसदी पुरुष गए हैं। अन्य का प्रतिशत यहां भी 3 फीसदी है।
एक्सिस माय इंडिया में भगवा लहर
एक्सिस माय इंडिया ने अपने एग्जिट पोल में भी बीजेपी की सरकार बनती दिख रही है। भारतीय जनता पार्टी को 70 में से 45-55 सीटें मिलती दिख रही हैं। आम आदमी पार्टी को मात्र 15-25 सीटें ही मिलती दिख रही हैं। कांग्रेस को 0-1 सीट ही मिल सकती है। अन्य के खाते में भी 0-1 सीट आती दिख रही है। वहीं दिल्लीवालों की पहली पसंद अभी भी अरविंद केजरीवाल हैं। 33 फीसदी के साथ वह टॉप पर हैं। दूसरे नंबर पर बीजेपी के प्रवेश वर्मा हैं जिन्हें 13 फीसदी लोगों ने अपनी सीएम पसंद बताया है।