काम की बात: दिल्ली में हर घर का होगा फायर सेफ्टी ऑडिट, गृह मंत्रालय ने MCD को दिए ये निर्देश

हिन्दुस्तान, नई दिल्ली
share

केंद्रीय गृह मंत्रालय दिल्ली में दिल्ली में हर इमारत का फायर सेफ्टी ऑडिट कराने की तैयारी कर रहा है। इसमें अनधिकृत कॉलोनियों की रिहायशी इमारतों से लेकर पॉश इलाकों के बिल्डिंगें भी शामिल की जाएंगी। इसके लिए एमसीडी को तैयारी करने के निर्देश दिए गए हैं।

Union Home Minister Amit Shah
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह

दिल्ली में बीते दिनों हुई आग लगने की बड़ी घटनाओं के चलते दिल्ली में प्रत्येक घर का फायर सेफ्टी ऑडिट (Fire Safety Audit) कराया जाएगा। गृह मंत्रालय ने दिल्ली नगर निगम (MCD) को इसके लिए खाका तैयार करने के निर्देश दिए हैं।

निगम को इसी महीने (अक्टूबर में) गृह मंत्रालय को बताना होगा कि इस ऑडिट के लिए उन्हें कितना समय, कितनी धन राशि और कितने लोगों की आवश्यकता होगी। इस रिपोर्ट के आधार पर गृह मंत्रालय ऑडिट के लिए आदेश जारी करेगा। बता दें कि दिल्ली में बीते दिनों पालम, मालवीय नगर, विवेक विहार आदि स्थानों पर आग लगने की बड़ी घटनाएं हुई थी। इनमें काफी लोगों को जान गंवानी पड़ी थी। दिल्ली सरकार इसके बाद से ही अग्नि सुरक्षा के बेहतर उपाय करने में जुटी हुई है। हाल ही में गृह सचिव गोविन्द मोहन की अध्यक्षता में गृह मंत्रालय में इसे लेकर बैठक आयोजित की गई थी। इसमें दिल्ली सरकार, नगर निगम, दमकल विभाग, डीडीए, एनडीएमसी आदि विभागों के अधिकारी शामिल हुए।

बैठक में नगर निगम को निर्देश दिया गया कि वह दिल्ली के सभी घरों का स्ट्रक्चरल ऑडिट और अग्नि सुरक्षा मानदंडों की अनुपालन स्थिति का आकलन करने के लिए घर-घर ऑडिट करने की योजना तैयार करे। इस योजना में दिल्ली की अनधिकृत कॉलोनियों को भी शामिल किया जाए। इस रिपोर्ट को गृह मंत्रालय के समक्ष पेश किया जाएगा, जिसके बाद ऑडिट किस तरह से होगा, यह निर्णय लिया जाएगा।

मजबूत होगा दमकल विभाग

बैठक में निर्देश दिए गए कि दमकल विभाग कर्मचारियों, दमकल केंद्रों एवं अत्याधुनिक उपकरणों को लेकर अगले तीन वर्षों में काम करे ताकि मजबूत व्यवस्था तैयार हो सके। इसके लिए चरणबद्ध योजना तैयार करने को कहा गया है। इस योजना के लिए बजट दिल्ली सरकार देगी। दमकल विभाग को बेंगलुरु, मुंबई एवं अन्य राज्यों में प्रयोग होने वाले उपकरणों, तरीकों का भी अध्ययन करने को कहा गया है।

आग की बड़ी घटनाएं

जून 2026 : मालवीय नगर इलाके में ब्रेड एंड ब्रेकफॉस्ट रेस्तरां में लगी आग से 23 लोगों की मौत

मार्च 2026 : पालम इलाके में लगी आग के चलते 9 लोगों की मौत

मई 2024 : विवेक विहार के अस्पताल में आग से 8 नवजात बच्चों की मौत

मई 2022 : मुंडका की फैक्ट्री में लगी आग के चलते 27 लोगों की मौत

इनका आकलन होगा

दिल्ली सरकार से जुड़े एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि ऑडिट के दौरान घरों में देखा जाएगा कि बिजली का कितना लोड है। मकान कितने वर्ष पुराना है, आग से बचाव को लेकर किस तरह की व्यवस्था है। प्रवेश से लेकर निकास तक के रास्ते, आसपास मौजूद बिजली की तारों से आग लगने की आशंका का भी आकलन होगा।

डीडीए को भूमि उपलब्ध कराने के निर्देश दिए

बैठक में डीडीए को निर्देश दिया गया कि वह उन स्थानों पर भूमि जल्द उपलब्ध कराए जहां पर नए दमकल केंद्र खोलने की योजना है। दिल्ली में दमकल केंद्रों की संख्या बढ़ाने को लेकर काम चल रहा है और इसके लिए सरकार ने डीडीए से भूमि मांगी है।

Praveen Sharma

लेखक के बारे में

Praveen Sharma
प्रवीण शर्मा लाइव हिन्दुस्तान में स्टेट टीम का हिस्सा हैं। एक दशक से भी अधिक समय से पत्रकारिता के क्षेत्र में सेवाएं दे रहे प्रवीण साल 2014 में डिजिटल पत्रकारिता में आने से पहले प्रिंट मीडिया में भी काम कर चुके हैं। प्रवीण ने अपने करियर की शुरुआत हरिभूमि अखबार से की थी और वर्ष 2018 में लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े। प्रवीण मूलरूप से उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ जिले के निवासी हैं, लेकिन इनका जन्म और स्कूली शिक्षा दिल्ली से हुई है। हालांकि, पत्रकारिता की पढ़ाई इन्होंने हरियाणा के हिसार स्थित गुरु जम्भेश्वर विश्वविद्यालय से की है। वह दिल्ली-एनसीआर की सियासी घटनाओं के साथ ही जन सरोकार से जुड़ी सभी छोटी-बड़ी खबरों पर भी पैनी नजर रखते हैं। और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News , Delhi News , Ghaziabad News , Noida News , Gurgaon News , Faridabad News और दिल्ली में आज का मौसम सहित पूरे NCR की खबरें पढ़ने के लिए Live Hindustan App अभी डाउनलोड करे और पाएं पल-पल की ताज़ा खबर
Hindi Newsएनसीआर Newsदिल्ली में हर घर का होगा फायर सेफ्टी ऑडिट, गृह मंत्रालय ने MCD को दिए ये निर्देश