दिल्ली पुलिस को कामयाबी, लगरपुरिया गैंग के दो गुर्गों को एनकाउंटर के बाद दबोचा

Apr 19, 2026 01:40 pm ISTPraveen Sharma नई दिल्ली, एएनआई
share

दिल्ली के द्वारका इलाके में हुई मुठभेड़ के बाद पुलिस ने लगरपुरिया गैंग के दो वॉन्टेड बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने बताया कि आरोपियों की पहचान रॉकी (22) और सुमित उर्फ कोकी (24) के रूप में की गई है। दोनों पर शुक्रवार को हत्या के प्रयास की घटना में शामिल होने का आरोप है।

दिल्ली पुलिस को कामयाबी, लगरपुरिया गैंग के दो गुर्गों को एनकाउंटर के बाद दबोचा

दिल्ली पुलिस के द्वारका एंटी-ऑटो थेफ्ट स्क्वाड (AATS) ने लगरपुरिया गैंग के दो संदिग्ध गुर्गों को रविवार सुबह एनकाउंटर के बाद गिरफ्तार कर लिया। अधिकारियों ने शनिवार को बताया कि पकड़े गए दोनों बदमाश श्याम विहार इलाके में हुई एक फायरिंग की घटना में वॉन्टेड थे। इस एनकाउंटर के दौरान दोनों बदमाशों में से एक के पैर में गोली लग गई। घायल हालत में उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पकड़े गए इन दोनों आरोपियों की पहचान रॉकी (22) और सुमित उर्फ ​​कोकी (24) के रूप में हुई है।

फायरिंग के मामले में वॉन्टेड थे दोनों

दिल्ली पुलिस के अनुसार, आरोपियों की आने के संबंध में मिली खुफिया जानकारी के आधार पर यह कार्रवाई की गई। दोनों आरोपी छावला थाना अंतर्गत आने वाले श्याम विहार फेज-2 में हाल ही में हुई फायरिंग की एक घटना के सिलसिले में वॉन्टेड थे। यह मामला एफआईआर संख्या 129/26, दिनांक 18/04/26 के तहत BNS की धारा 109(1)/3(5) और आर्म्स ऐक्ट की धारा 25/27 के अंतर्गत दर्ज किया गया था। पुलिस ने बताया कि पिछली घटना में एक मोटरसाइकिल पर आए दो हथियारबंद हमलावरों में से एक ने कथित तौर पर शिकायतकर्ता पर बहुत करीब से गोली चलाने की कोशिश की थी, लेकिन गनीमत रही कि हथियार से गोली नहीं चली पाई।

रोकने पर पुलिस पर चलाई गोली

इसके बाद, अपराध की गंभीरता को देखते हुए अपराधियों की तलाश के लिए एक अभियान शुरू किया गया। मुखबिर से मिली जानकारी पर कार्रवाई करते हुए एक पुलिस टीम ने रविवार सुबह करीब 5:35 बजे अर्बन एक्सटेंशन रोड (UER) के पास संदिग्धों को रोक लिया। पुलिस ने बताया कि रॉकी और सुमित उर्फ ​​कोकी नाम के दोनों आरोपी एक ही मोटरसाइकिल पर सवार थे। पुलिस टीम ने जब उन्हें सरेंडर करने के लिए कहा तो रॉकी ने कथित तौर पर पुलिस टीम पर गोली चला दी। उसने तीन राउंड फायर किए, जो पुलिसकर्मियों को लगने से बाल-बाल बच गए और एक हेड कॉन्स्टेबल मनीष द्वारा पहनी गई बुलेटप्रूफ जैकेट पर जा लगे।

रॉकी के पैर में लगी गोली

इसके बाद पुलिस टीम द्वारा आत्मरक्षा में की गई जवाबी कार्रवाई में रॉकी के बाएं घुटने के नीचे गोली लग गई और थोड़ी-सी हाथापाई के बाद उसे काबू कर लिया गया। सुमित को भी एक लोडेड पिस्तौल के साथ पकड़ लिया गया।

हथियार बरामद

पुलिस ने रॉकी के पास से दो जिंदा कारतूसों वाली 7.65 mm की पिस्तौल और कुछ खाली कारतूस बरामद किए, जबकि सुमित के पास से एक जिंदा कारतूस वाला देसी कट्टा बरामद किया गया। अपराध में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी जब्त कर ली गई। घायल आरोपी को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया और आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

Praveen Sharma

लेखक के बारे में

Praveen Sharma
प्रवीण शर्मा लाइव हिन्दुस्तान में स्टेट टीम का हिस्सा हैं। एक दशक से भी अधिक समय से पत्रकारिता के क्षेत्र में सेवाएं दे रहे प्रवीण साल 2014 में डिजिटल पत्रकारिता में आने से पहले प्रिंट मीडिया में भी काम कर चुके हैं। प्रवीण ने अपने करियर की शुरुआत हरिभूमि अखबार से की थी और वर्ष 2018 में लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े। प्रवीण मूलरूप से उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ जिले के निवासी हैं, लेकिन इनका जन्म और स्कूली शिक्षा दिल्ली से हुई है। हालांकि, पत्रकारिता की पढ़ाई इन्होंने हरियाणा के हिसार स्थित गुरु जम्भेश्वर विश्वविद्यालय से की है। वह दिल्ली-एनसीआर की सियासी घटनाओं के साथ ही जन सरोकार से जुड़ी सभी छोटी-बड़ी खबरों पर भी पैनी नजर रखते हैं। और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News , Delhi News , Ghaziabad News , Noida News , Gurgaon News और Faridabad News सहित पूरी NCR News पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।