
केजरीवाल ने किया था उद्घाटन, अब 'खतरनाक', दिल्ली की किस स्कूल पर मचा घमासान?
दिल्ली के शिक्षा मंत्री आशीष सूद ने लिखा कि 2020 में पिछली AAP सरकार के बनाए गए घटिया इंफ्रास्ट्रक्चर की कीमत आज मासूम बच्चे चुका रहे हैं। लाल स्कूल, शाहबाद डेयरी की इमारत को Dangerous Building भी घोषित किया जा चुका है।
दिल्ली के शाहबाद डेयरी स्थित लाल स्कूल के बहाने भारतीय जनता पार्टी आम आदमी पार्टी पर हावी है। लाल स्कूल के खतरनाक बिल्डिंग घोषित होने के बाद आज शिक्षा मंत्री आशीष सूद इसे देखने पहुंचे। बच्चों और बाकी स्टाफ से मिलने के बाद मंत्री सूद ने अधिकारियों को भवन को सुरक्षित करने और बेहतर बनाने के तत्काल निर्देश दिए हैं। आशीष सूद ने इस बहाने आप पर भी हमला बोला।
दिल्ली के शिक्षा मंत्री आशीष सूद ने लिखा कि 2020 में पिछली AAP सरकार के बनाए गए घटिया इंफ्रास्ट्रक्चर की कीमत आज मासूम बच्चे चुका रहे हैं। लाल स्कूल, शाहबाद डेयरी की इमारत को Dangerous Building भी घोषित किया जा चुका है। आज मेरे सहयोगी मंत्री रविंदर इंद्रराज सिंह के साथ स्थल निरीक्षण कर हालात का निरीक्षण किया गया। भवन को सुरक्षित और बेहतर बनाने के लिए अधिकारियों को तत्काल और स्पष्ट निर्देश दिए गए। हमारी सरकार में बच्चों की सुरक्षा से कोई समझौता नहीं होगा। आशीष सूद ने इस बीच वहां पढ़ रहे बच्चों और स्टाफ सदस्यों से भी मुलाकात की।
आशीष सूद ने कहा कि हमारे स्थानीय विधायक और कैबिनेट मंत्री रवींद्र इंद्रराज भी अतीत में कई बार इस जगह का दौरा कर चुके हैं। जुलाई में, इस स्कूल के लगभग 5,000 छात्रों को रोहिणी के दूसरे स्कूल में शिफ्ट कर दिया गया था, जो अब उनके लिए भारी परेशानी का कारण बन गया है।
मंत्री ने आगे कहा कि प्रशासन के तौर पर हमारी जो भी जिम्मेदारियां थीं, हमने उन्हें पूरी ईमानदारी से निभाया है। बच्चों को शिफ्ट करना और इमारत की जांच करवाना बहुत जरूरी कदम थे। मौजूदा स्थिति को देखते हुए, बच्चों की जान के साथ जोखिम कौन लेगा? हम बच्चों को एक असुरक्षित इमारत में नहीं पढ़ा सकते।
बता दें कि साल 2020 में अरविंद केजरीवाल और तब के शिक्षा मंत्री मनीष सिसोदिया ने शाहबाद डेयरी इस सरकारी स्कूल का उद्घाटन किया था। केजरीवाल ने तब फोटो शेयर कर लिखा था कि 148 शानदार कमरों में हमारे 4500 बच्चे पढ़ेंगे। मनीष सिसोदिया ने तो बच्चों से इस नई बिल्डिंग के बारे में भी पूछा था। अब इस बिल्डिंग को खतरनाक बिल्डिंग की श्रेणी में रखा गया है। खुद आप सांसद स्वाति मालीवाल ने इसके निर्माण पर सवाल उठाते हुए कई वीडियो हाल में जारी किए हैं।





