
दोषियों को पकड़कर कड़ी से कड़ी सजा दीजिए; एसिड अटैक पर LG के सख्त निर्देश
Delhi DU Student Acid Attack: ताजा अपडेट के अनुसार,राजनिवास के आधिकारिक अकाउंट से यह बताया गया कि उपराज्यपाल वी.के.सक्सेना ने राजधानी में हाल ही में हुए तेजाब हमले की दुर्भाग्यपूर्ण घटना को अत्यंत गंभीरता से लिया है।
डीयू की छात्रा के साथ हुई एसिड अटैक की घटना ने एलजी वीके सक्सेना को भी परेशान कर दिया है। उन्होंने मामले को गंभीरता से लेते हुए दिल्ली पुलिस को आरोपियों को जल्द पकड़ने के साथ कड़ी से कड़ी सजा देने को कहा है। दिल्ली यूनिवर्सिटी के द्वितीय वर्ष की छात्रा की हालत फिलहाल स्थिर है और संभवत: सोमवार को उसे अस्पताल से छुट्टी भी मिल जाएगी।

ताजा अपडेट के अनुसार,राजनिवास के आधिकारिक अकाउंट से यह बताया गया कि उपराज्यपाल वी.के.सक्सेना ने राजधानी में हाल ही में हुए तेजाब हमले की दुर्भाग्यपूर्ण घटना को अत्यंत गंभीरता से लिया है। उन्होंने पुलिस कमिश्नर को निर्देश दिया है कि वे सुनिश्चित करें कि दोषियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जाए और उन्हें कानून के तहत सबसे कड़ी सजा दिलाई जाए।
पुलिस अधिकारियों ने आगे बताया,"जब वह कॉलेज की ओर जा रही थी,तो मुकुंदपुर निवासी उसका परिचित जितेंद्र अपने साथियों ईशान और अरमान के साथ मोटरसाइकिल पर आया। आरोप है कि ईशान ने एक बोतल अरमान को दी,जिसने तेजाब फेंक दिया। पीड़िता ने अपना चेहरा बचाने की कोशिश की,लेकिन उसके दोनों हाथों पर चोटें आईं। आरोपी मौके से फरार हो गए।"
"पीड़िता ने यह भी खुलासा किया कि जितेंद्र उसका पीछा करता था और लगभग एक महीने पहले उन दोनों के बीच तेज बहस भी हुई थी। क्राइम टीम और FSL टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। उसके बयान और चोटों की प्रकृति के आधार पर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं के तहत एक मामला दर्ज किया गया है और जांच जारी है।"





