दिल्ली के शाहदरा में बुजुर्ग कपल के डबल मर्डर से सनसनी, अलग-अलग कमरों में मिले शव

Jan 04, 2026 11:24 am ISTPraveen Sharma नई दिल्ली, रजनीश पांडेय
share Share
Follow Us on

राजधानी दिल्ली के शाहदरा में बुजुर्ग दंपती के डबल मर्डर का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस को दोनों के शव अलग-अलग कमरों में पड़े मिले। 

दिल्ली के शाहदरा में बुजुर्ग कपल के डबल मर्डर से सनसनी, अलग-अलग कमरों में मिले शव

राजधानी दिल्ली के शाहदरा में आज बुजुर्ग दंपती के डबल मर्डर का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। वारदात की जानकारी मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस को पति-पत्नी के शव अलग-अलग कमरों में पड़े मिले। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है। मृतकों की पहचान रिटायर्ड टीचर वीरेंद्र कुमार बंसल (75 साल) और उनकी पत्नी प्रवेश बंसल (65 साल) के रूप में हुई है। पुलिस मृतकों के परिजनों से पूछताछ कर रही है।

पीसीआर को रात 12.30 बजे मिली डबल मर्डर की सूचना

दिल्ली पुलिस रविवार सुबह इस बारे में जानकारी देते हुए बताया कि मानसरोवर पार्क थाने में रविवार देर रात 12.30 बजे एक पीसीआई कॉल आई थी, जिसमें कॉलर ने बताया कि "कॉलर के पिता और मां दोनों बेहोश पड़े हुए हैं, शायद मर गए हैं।"

इसके बाद जांच अधिकारी पुलिस स्टाफ के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे, जहां पीसीआर को कॉल करने वाले वैभव बंसल निवासी राम नगर एक्सटेंशन, शाहदरा ने दिल्ली पुलिस टीम से मिले। वैभव ने बताया कि किसी ने उनके माता-पिता की हत्या कर दी है।

वीरेंद्र बंसल के चेहरे पर चोट के निशान मिले

पुलिस टीम द्वारा जांच करने पर उस घर की तीसरी मंजिल पर दो अलग-अलग कमरों में दो लाशें पड़ी मिलीं। एक लाश 75 साल के रिटायर्ड टीचर वीरेंद्र कुमार बंसल की थी तो दूसरी लाश उनकी और गृहिणी 65 वर्षीय पत्नी प्रवेश बंसल की थी।

पुलिस की शुरुआती जांच-पड़ताल में मृतक वीरेंद्र कुमार बंसल के चेहरे पर चोट के निशान पाए गए। इसके बाद, क्राइम टीम और फॉरेंसिक साइंस लैब टीम को भी मौके पर बुलाया गया। क्राइम सीन का अच्छी तरह से निरीक्षण किया गया और तस्वीरें ली गईं।

पुलिस ने दोनों शवों को सुरक्षित रखने और पोस्टमॉर्टम के लिए मोर्चरी भेज दिया है। पुलिस परिजनों और आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है। लूटपाट के मकसद से इनकार नहीं किया जा सकता, हालांकि पुलिस टीमें मामले की सभी एंगल से जाँच कर रही हैं। इस मामले में आगे की जांच जारी है।

Praveen Sharma

लेखक के बारे में

Praveen Sharma
प्रवीण शर्मा लाइव हिन्दुस्तान में स्टेट टीम का हिस्सा हैं। एक दशक से भी अधिक समय से पत्रकारिता के क्षेत्र में सेवाएं दे रहे प्रवीण साल 2014 में डिजिटल पत्रकारिता में आने से पहले प्रिंट मीडिया में भी काम कर चुके हैं। प्रवीण ने अपने करियर की शुरुआत हरिभूमि अखबार से की थी और वर्ष 2018 में लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े। प्रवीण मूलरूप से उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ जिले के निवासी हैं, लेकिन इनका जन्म और स्कूली शिक्षा दिल्ली से हुई है। हालांकि, पत्रकारिता की पढ़ाई इन्होंने हरियाणा के हिसार स्थित गुरु जम्भेश्वर विश्वविद्यालय से की है। वह दिल्ली-एनसीआर की सियासी घटनाओं के साथ ही जन सरोकार से जुड़ी सभी छोटी-बड़ी खबरों पर भी पैनी नजर रखते हैं। और पढ़ें