
दिल्ली में डिलीवरी बॉय की बेरहमी से हत्या, चाकू से किए कई वार
दिल्ली के मयूर विहार स्थित आचार्य निकेतन में सोमवार रात एक डिलीवरी ब्वॉय की चाकू से गोदकर निर्मम हत्या कर दी गई। मृतक 22 साल के अरुण राज के ऊपर आरोपियों ने चाकू से ताबड़तोड़ कई बार किए और फिर फरार हो गए
दिल्ली के मयूर विहार स्थित आचार्य निकेतन में सोमवार रात एक डिलीवरी ब्वॉय की चाकू से गोदकर निर्मम हत्या कर दी गई। मृतक 22 साल के अरुण राज के ऊपर आरोपियों ने चाकू से ताबड़तोड़ कई बार किए और फिर फरार हो गए। पुलिस ने तीन नाबालिग आरोपियों को पकड़ लिया है। शुरुआती जांच में आपसी रंजिश की आशंका जताई जा रही है। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है।
पुलिस उपायुक्त अभिषेक धानिया ने बताया कि पांडव नगर थाने में 8:15 बजे पीसीआर कॉल मिली। इसके आधार पर पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची, जहां पटपड़गंज निवासी राज शेखर के बेटे अरुण राज खून से लथपथ हालत में मिले। उन्हें तुरंत एलबीएस अस्पताल ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
अरुण राज एक प्राइवेट कंपनी में डिलीवरी बॉय के तौर पर काम करता था प्रारंभिक जांच में पता चला कि तीन नाबालिग बदमाश एक मोटरसाइकिल पर सवार होकर आए। उन्होंने अरुण से किसी बात को लेकर छोटी सी नोकझोंक की और फिर तेज धार वाले हथियार से उसके गले और छाती पर कई वार कर दिए। वारदात को अंजाम देकर आरोपी मौके से फरार हो गए।
घटना स्थल पर पहुंची क्राइम टीम ने मौका मुआयना किया और सबूत इकट्ठे किए। आसपास के रास्तों और घटनास्थल के सीसीटीवी फुटेज की छानबीन की जा रही है। पुलिस ने कई टीमें गठित कर संदिग्ध ठिकानों पर छापेमारी करते हुए तीनों नाबालिग को हिरासत में ले लिया है और पूछताछ जारी है।





