
दिल्ली-देहरादून हाईवे पार्किंग के नियम और फीस में बदलाव, देखें नई रेट लिस्ट
दिल्ली-देहरादून हाईवे (Delhi Dehradun Highway) पर प्रस्तावित पार्किंग व्यवस्था में अब नए संशोधन लागू किए गए हैं, ताकि जनता को अधिक सुविधा मिल सके। एनएचएआई ने बताया कि अब पार्किंग में बस और ट्रक भी खड़े किए जा सकेंगे, जिसके लिए मासिक पास जारी होंगे।
Delhi Dehradun Highway : दिल्ली-देहरादून नेशनल हाईवे पर प्रस्तावित पार्किंग व्यवस्था में अब नए संशोधन लागू किए गए हैं, ताकि जनता को अधिक सुविधा मिल सके और एजेंसियों को संचालन के लिए आकर्षित किया जा सके। नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया (एनएचएआई) ने बताया कि अब पार्किंग में बस और ट्रक भी खड़े किए जा सकेंगे, जिसके लिए मासिक पास जारी होंगे।
टेंपो और ऑटो के लिए भी पहले के घंटेवार शुल्क के बजाय मासिक पास सुविधा दी गई है। निजी कार और दोपहिया वाहनों के लिए मासिक डे, नाइट और डे-पास की व्यवस्था की गई है।
अधिकारियों के अनुसार यह कदम गांधी नगर मार्केट में ट्रकों के सड़क पर खड़े होने से यातायात प्रभावित होने की समस्या को भी कम करेगा।
एनएचएआई की सहयोगी कंपनी, नेशनल हाईवे लॉजिस्टिक्स मैनेजमेंट लिमिटेड ने हाईवे के एलिवेटेड हिस्से, फुटओवर ब्रिज के नीचे और किनारे, पूर्वी जिलाधिकारी कार्यालय, गीता कालोनी व गांधी नगर मार्केट के पास एक हजार वाहनों की पार्किंग के लिए एजेंसियों से आवेदन मांगे हैं।
पिछले वर्ष आवेदन की प्रक्रिया पूरी नहीं हो सकी थी क्योंकि शुल्क और शर्तों में कठिनाई थी। इस बार संशोधन के जरिये एजेंसियों को आकर्षित करने और पार्किंग संचालन में सुगमता लाने की योजना बनाई गई है।

‘निगम की टीमें निगरानी करेंगी’
वहीं, दिल्ली नगर निगम अवैध पार्किंग, अतिक्रमण और अवैध निर्माण के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने जा रहा है। मेयर राजा इकबाल सिंह ने कहा कि निगम की टीमें हर क्षेत्र में निगरानी करेंगी और अवैध पार्किंग पाए जाने पर एफआईआर दर्ज की जाएगी। अभियान के तहत दिल्ली को अतिक्रमण मुक्त बनाने के लिए अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं और कार्रवाई तेज की जाएगी।





