काम की बात: सावधान! दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे के एलिवेटेड सेक्शन पर बाइक चलाई तो कटेगा मोटा चालान

Praveen Sharma हिन्दुस्तान, नई दिल्ली, आशीष गुप्ता
share

Delhi-Dehradun Expressway : एनएचएआई ने दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे गीता कॉलोनी से बागपत (खेकड़ा) के बीच एलिवेटेड हिस्से में मोटरसाइकिल चलाने पर प्रतिबंध लगा दिया है। एनएचएआई द्वारा इसे लेकर नोटिफिकेशन भी जारी कर दिया गया है।

सावधान! दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे के एलिवेटेड सेक्शन पर बाइक चलाई तो कटेगा मोटा चालान

दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे (Delhi-Dehradun Expressway) के एलिवेटेड सेक्शन पर गीता कॉलोनी से बागपत (खेकड़ा) के बीच मोटरसाइकिल से यात्रा नहीं कर पाएंगे। भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) ने इस हिस्से में मोटरसाइकिल चलाने पर प्रतिबंध लगा दिया है। साथ ही ऑटोरिक्शा, ट्रैक्टर और गैर मोटर चालित वाहनों को भी इस दायरे में लाया गया है। एनएचएआई द्वारा इसे लेकर नोटिफिकेशन भी जारी कर दिया गया है।

एनएचएआई का तर्क है कि इस एक्सप्रेसवे को हाई स्पीड कॉरिडोर के रूप में विकसित किया गया है। ऐसे में धीमी गति के वाहन दौड़ने पर दुर्घटना का खतरा है। इस तरह के खतरे की आशंकाओं पर विराम लगाने के लिए यह कदम उठाया गया है। एनएचएआई के वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि बागपत से आगे भी यह प्रतिबंध लागू करने पर सहमति बनी है।

गीता कॉलोनी से शुरू होता एलिवेटेड सेक्शन

210 किलोमीटर लंबा यह दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे अक्षरधाम मंदिर के पास एनएच-नौ से शुरू हो रहा है। गीता कॉलोनी से इसका एलिवेटेड सेक्शन प्रारंभ होता है। यह सेक्शन शास्त्री पार्क, न्यू उस्मानपुर, खजूरी चौक, लोनी बॉर्डर, मंडोला होते हुए बागपत (खेकड़ा) तक जाता है। करीब 26 किलोमीटर के एलिवेटेड हिस्से में मोटरसाइकिल के साथ ऑटो, ट्रैक्टर चलाना प्रतिबंधित कर दिया है। एनएचएआई ने राष्ट्रीय राजमार्ग (भूमि और यातायात) अधिनियम 2002 की धारा 35 के तहत यह निर्णय लिया गया है। इसमें एनएचएआई को अधिकार है कि वह जरूरत के अनुसार किसी भी प्रकार के वाहन प्रतिबंधित कर सकता है।

20 हजार तक जुर्माना

प्रतिबंध लागू कर दिया गया है। अब कोई व्यक्ति मोटरसाइकिल व अन्य प्रतिबंधित वाहन लेकर इस एक्सप्रेसवे पर चलता है तो उस पर मोटर वाहन अधिनियम के तहत कार्रवाई होगी। दिल्ली ट्रैफिक पुलिस की मानें तो मोटर वाहन अधिनियम के धारा 115 व 194 के तहत 20 हजार रुपये तक जुर्माना लगाया जा सकता है।

हादसों के कारण निर्णय

एक्सप्रेसवे पर बाइक से दुर्घटनाएं होती रही हैं। बीते वर्ष अगस्त में इसके बनकर तैयार होने के बाद स्टंट करने के दौरान लोनी क्षेत्र में दो मोटरसाइकिल दुर्घटनाग्रस्त हुई थीं, जिसमें दो युवकों की मौत हुई थी। फिर दिसंबर में एक्सप्रेसवे के ट्रायल के शुरुआती दिन पर ही मोटरसाइकिल दुर्घटनाग्रस्त हुई थी।

गति कम करने पर विचार

एक्सप्रेसवे को 100 किलोमीटर प्रति घंटा की गति के लिए डिजाइन किया गया है। लेकिन एनएचएआई दिल्ली की सीमा में एक्सप्रेसवे पर गति सीमा 70 किलोमीटर प्रति घंटा करने पर विचार कर रही है। इसके लिए दिल्ली यातायात पुलिस के साथ मशविरा किया जा रहा है।

Praveen Sharma

लेखक के बारे में

Praveen Sharma
प्रवीण शर्मा लाइव हिन्दुस्तान में स्टेट टीम का हिस्सा हैं। एक दशक से भी अधिक समय से पत्रकारिता के क्षेत्र में सेवाएं दे रहे प्रवीण साल 2014 में डिजिटल पत्रकारिता में आने से पहले प्रिंट मीडिया में भी काम कर चुके हैं। प्रवीण ने अपने करियर की शुरुआत हरिभूमि अखबार से की थी और वर्ष 2018 में लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े। प्रवीण मूलरूप से उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ जिले के निवासी हैं, लेकिन इनका जन्म और स्कूली शिक्षा दिल्ली से हुई है। हालांकि, पत्रकारिता की पढ़ाई इन्होंने हरियाणा के हिसार स्थित गुरु जम्भेश्वर विश्वविद्यालय से की है। वह दिल्ली-एनसीआर की सियासी घटनाओं के साथ ही जन सरोकार से जुड़ी सभी छोटी-बड़ी खबरों पर भी पैनी नजर रखते हैं। और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News , Delhi News , Ghaziabad News , Noida News , Gurgaon News और Faridabad News सहित पूरी NCR News पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।