LPG सिलेंडर को ही बना लिया हथियार, दिल्ली में पति ने पत्नी को पीट-पीटकर मार डाला

Praveen Sharma हिन्दुस्तान, नई दिल्ली, राजन शर्मा
share

दक्षिण-पूर्वी दिल्ली के पुल प्रहलादपुर थाना क्षेत्र में घरेलू विवाद ने खौफनाक रूप ले लिया। एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी की एलपीजी के छोटे सिलेंडर से सिर पर ताबड़तोड़ वार कर हत्या कर दी।

LPG सिलेंडर को ही बना लिया हथियार, दिल्ली में पति ने पत्नी को पीट-पीटकर मार डाला

दक्षिण-पूर्वी दिल्ली के पुल प्रहलादपुर थाना क्षेत्र में घरेलू विवाद ने खौफनाक रूप ले लिया। एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी की एलपीजी के छोटे सिलेंडर से सिर पर ताबड़तोड़ वार कर हत्या कर दी। पड़ोसियों ने मामले की सूचना पुलिस को दी, पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।

पुलिस अधिकारी ने बताया कि मृतका 32 वर्षीय पूनम अपने पति 35 वर्षीय सुरेश और दो मासूम बच्चियों (उम्र 2 और 4 वर्ष) के साथ पुल प्रहलादपुर स्थित डीडीए फ्लैट में रहती थी। सुरेश एक निजी कंपनी में काम करता है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि पति-पत्नी के बीच लंबे समय से घरेलू विवाद चल रहा था। अक्सर दोनों के बीच झगड़े होते थे, जिनका मुख्य कारण पारिवारिक मतभेद बताया जा रहा है। पूनम सुरेश के परिवार को पसंद नहीं करती थी, जिसके चलते दोनों के बीच विवाद था।

हिंसक झगड़े में बदल गई कहासुनी

पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, घटना वाली रात भी दोनों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते हिंसक झगड़े में बदल गई। गुस्से में आकर सुरेश ने घर में रखा छोटा एलपीजी सिलेंडर उठाकर पूनम के सिर पर कई बार वार कर दिए। हमले की गंभीरता इतनी ज्यादा थी कि पूनम का सिर बुरी तरह फट गया और वह मौके पर ही लहूलुहान होकर गिर पड़ी। शोर-शराबा सुनकर पड़ोसियों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने घायल महिला को तत्काल एम्स ट्रॉमा सेंटर पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए सुरक्षित रखवा दिया है।

फरार आरोपी थोड़ी देर में गिरफ्तार

घटना के बाद आरोपी पति मौके से फरार हो गया था, लेकिन पुलिस ने तेजी दिखाते हुए कुछ ही समय में उसे इलाके से गिरफ्तार कर लिया। फिलहाल आरोपी का मेडिकल परीक्षण कराया जा रहा है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि वारदात के समय वह शराब के नशे में था या नहीं।

पुलिस ने मृतका के परिजनों को सूचना दे दी है और बच्चों की देखभाल को लेकर भी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं। अधिकारियों का कहना है कि मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है।

Praveen Sharma

लेखक के बारे में

Praveen Sharma
प्रवीण शर्मा लाइव हिन्दुस्तान में स्टेट टीम का हिस्सा हैं। एक दशक से भी अधिक समय से पत्रकारिता के क्षेत्र में सेवाएं दे रहे प्रवीण साल 2014 में डिजिटल पत्रकारिता में आने से पहले प्रिंट मीडिया में भी काम कर चुके हैं। प्रवीण ने अपने करियर की शुरुआत हरिभूमि अखबार से की थी और वर्ष 2018 में लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े। प्रवीण मूलरूप से उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ जिले के निवासी हैं, लेकिन इनका जन्म और स्कूली शिक्षा दिल्ली से हुई है। हालांकि, पत्रकारिता की पढ़ाई इन्होंने हरियाणा के हिसार स्थित गुरु जम्भेश्वर विश्वविद्यालय से की है। वह दिल्ली-एनसीआर की सियासी घटनाओं के साथ ही जन सरोकार से जुड़ी सभी छोटी-बड़ी खबरों पर भी पैनी नजर रखते हैं। और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News , Delhi News , Ghaziabad News , Noida News , Gurgaon News और Faridabad News सहित पूरी NCR News पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।