दिल्ली में यूट्यूबर ने सुसाइड ब्लॉग बना सिलेंडर ब्लास्ट कर दी जान, हुआ था तलाक

लाइव हिन्दुस्तान, नई दिल्ली
Follow us on Google News
share

दिल्ली के तिलक नगर में सिलेंडर ब्लास्ट और आग लगने से 64 वर्षीय यूट्यूब ब्लॉगर की मौत हो गई। घटना से पहले उन्होंने व्हाट्सएप पर सुसाइड नोट भेजा और यूट्यूब वीडियो बनाकर इसे अपना आखिरी वीडियो बताया। 

दिल्ली में यूट्यूबर ने सुसाइड ब्लॉग बना सिलेंडर ब्लास्ट कर दी जान, हुआ था तलाक
दिल्ली में 64 वर्षीय यूट्यूबर ने सुसाइड वीडियो बनाकर सिलेंडर ब्लास्ट के जरिए आत्महत्या कर ली।

राजन शर्मा, नई दिल्ली

दिल्ली के तिलक नगर के शाहपुरा इलाके में शनिवार तड़के एक मकान में लगी आग के बाद हुए सिलेंडर ब्लास्ट में 64 वर्षीय यूट्यूब ब्लॉगर की जलकर मौत हो गई। प्रारंभिक जांच में पुलिस को ऐसे संकेत मिले हैं कि व्यक्ति ने आत्महत्या करने से पहले कथित तौर पर इसकी तैयारी की थी। इसी तैयारी के तहत आग लगने से पहले मृतक ने व्हाट्सऐप पर सुसाइड नोट साझा किया था। इसके अलावा उसने यूट्यूब पर एक वीडियो भी अपलोड किया था, जिसमें उसने इसे अपना आखिरी वीडियो बताया था।

सिलेंडर में विस्फोट के कारण हादसा

तिलक नगर थाना पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए डीडीयू अस्पताल भेज दिया है। पुलिस फिलहाल यह जांच कर रही है कि आग जानबूझकर लगाई गई थी या सिलेंडर में विस्फोट के कारण हादसा हुआ।

यूट्यूब पर बनाथा ब्लॉग

पुलिस उपायुक्त हरेश्वर वी स्वामी ने बताया कि 64 वर्षीय विजय शाहपुरा, गली नंबर-11, तिलक नगर इलाके में पिछले पांच साल से किराए के मकान में रह रहा था। विजय का अपनी पत्नी से तलाक हो चुका था और दोनों लंबे समय से अलग रहते थे। विजय लगातार यूट्यूब पर ब्लॉग बनाकर अपलोड करता था।

4 गाड़ियां मौके पर पहुंचीं

पुलिस उपायुक्त ने बताया कि शनिवार तड़के करीब 3:26 बजे पुलिस को पुराने शाहपुरा, गली नंबर-11, तिलक नगर इलाके में मकान में आग और सिलेंडर फटने की सूचना मिली। पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची और दमकल विभाग को सूचना दी गई। दमकल की 4 गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।

डीडीयू अस्पताल भेजा

आग मकान के भूतल पर लगी थी। आग बुझाने के बाद अंदर तलाशी लेने पर एक व्यक्ति का बुरी तरह जला हुआ शव मिला। शव को कब्जे में लेकर डीडीयू अस्पताल भेजा गया। मृतक की पहचान पड़ोस में रहने वाले प्रकाश चौहान ने की। पहचान होने के बाद मामले में आगे की जांच शुरू की गई।

पहले व्हाट्सऐप पर मैसेज फिर यूट्यूब पर डाला वीडियो

पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि घर में आग लगने से कुछ समय पहले मृतक विजय ने व्हाट्सऐप पर सुसाइड नोट साझा किया था। इसके बाद यूट्यूब पर एक वीडियो अपलोड किया गया। वीडियो में उसने इसे अपना आखिरी वीडियो बताया था। उसके बाद घर में आग लग लगने की वारदात हुई। वीडियो और व्हाट्सऐप मैसेज को देखकर पुलिस इस घटना को आत्महत्या के एंगल से देख रही है।

सिलेंडर में धमाके से फैली आग

उधर, दमकल विभाग के प्रारंभिक आकलन के अनुसार, आग लगने के दौरान मकान में रखा एलपीजी सिलेंडर फट गया। सिलेंडर में धमाका होने से आग तेजी से फैल गई। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि सिलेंडर में धमाका आग लगने के बाद हुआ या आग लगाने के दौरान ही उसे जानबूझकर नुकसान पहुंचाया गया। घटनास्थल से मिले साक्ष्यों और एफएसएल जांच के बाद ही इसकी स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

मोबाइल और वीडियो की जांच करेगी पुलिस

पुलिस अब मृतक के मोबाइल फोन, व्हाट्सऐप चैट और यूट्यूब चैनल की जांच कर रही है। इससे यह पता लगाने का प्रयास किया जाएगा कि घटना से पहले उसने किन लोगों से बातचीत की थी और कथित सुसाइड नोट कब और किसे भेजा था। यूट्यूब पर अपलोड किए गए वीडियो की सामग्री की भी जांच की जा रही है। पुलिस यह भी पता लगाएगी कि वीडियो घटना से कितनी देर पहले अपलोड किया गया था।

अंतिम संस्कार न करना पड़े इसलिए लगाई आग

पुलिस सूत्रों ने बताया कि विजय ने अपने वीडियो में घर में आग लगने का कारण स्पष्ट किया है। विजय ने अपने वीडियो में बताया कि वह खुद को आग के हवाले इसलिए कर रहे हैं ताकि उनके परिवार को उनके अंतिम संस्कार की वजह से किसी भी तरह के तनाव या परेशानी का सामना न करना पड़े। उन्होंने अपनी बेटी से अपनी अस्थियों को यमुना में विसर्जित करने की इच्छा भी जताई। साथ ही वीडियो में अपनी बेटी से बहुत प्यार करने की बात कहते हुए कहा है कि उसे बेटी की बहुत याद आती थी।

फोरेंसिक जांच से सच आएगा सामने

घटनास्थल पर क्राइम टीम और एफएसएल टीम ने जांच की है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फोरेंसिक जांच के साथ डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर मौत की परिस्थितियों को स्पष्ट किया जाएगा। जिसके बाद घटना की सच्चाई सामने आ सकेगी। फिलहाल मामले में आत्महत्या और आकस्मिक आग, दोनों पहलुओं से जांच जारी है।

Krishna Bihari Singh

लेखक के बारे में

Krishna Bihari Singh

कृष्ण बिहारी सिंह वरिष्ठ पत्रकार और स्टेट टीम का हिस्सा (दिल्ली-NCR, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, झारखंड, राजस्थान और गुजरात )


संक्षिप्त विवरण

कृष्ण बिहारी सिंह पिछले 15 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं। कृष्ण बिहारी सिंह लाइव हिन्दुस्तान में कार्यरत हैं। वह स्टेट टीम के साथ काम कर रहे हैं। कृष्ण बिहारी सिंह भारतीय मीडिया जगत में केबी उपनाम से चर्चित हैं। यूपी के मऊ जिले से ताल्लुक रखने वाले केबी महाराष्ट्र और हरियाणा में पत्रकारिता कर चुके हैं। मौजूदा वक्त में वह दिल्ली-एनसीआर में सक्रिय हैं।


विस्तृत बायो

परिचय और अनुभव: कृष्ण बिहारी सिंह लोकमत, आज समाज, राष्ट्रीय सहारा, अमर उजाला और दैनिक जागरण अखबार में विभिन्न पदों पर काम कर चुके हैं। उन्होंने साल 2019 में जागरण डॉट कॉम से डिजिटल मीडिया में कदम रखा। कृष्ण बिहारी सिंह मौजूदा वक्त में भारत के प्रसिद्ध समाचार संस्थान 'लाइव हिन्दुस्तान' (हिन्दुस्तान टाइम्स ग्रुप) की स्टेट टीम में डिप्टी चीफ एडिटर (कंटेंट क्रिएटर) के रूप में अपनी सेवाएं दे रहे हैं।

शैक्षणिक पृष्ठभूमि: लॉ (एलएलबी) और साइंस (बी.एससी, बायोलॉजी) से ग्रेजुएट कृष्ण बिहारी सिंह ने महात्मा गांधी अंतरराष्ट्रीय हिंदी विश्वविद्यालय से मास कम्युनिकेशन में एमए और एमफिल किया है। कृष्ण बिहारी सिंह भारतीय राजनीति और वैश्विक मामलों के साथ विधि विषय की गहरी समझ रखते हैं। अखबार से लेकर टेलीविजन और अब डिजिटल मीडिया के बदलावों के साक्षी रहे कृष्ण बिहारी सिंह पाठकों की पसंद और बदलते ट्रेंड को बारीकी से समझते हैं।

रिपोर्टिंग एवं विशेषज्ञता: कृष्ण बिहारी सिंह राजनीति, जिओ पॉलिटिक्स, जन सरोकार और क्राइम की खबरों पर पैनी नजर रखते हैं। कृष्ण बिहारी सिंह ने अब तक विभिन्न मीडिया संस्थानों में नेशनल, इंटरनेशनल, बिजनेस, रिसर्च एवं एक्सप्लेनर और संपादकीय टीमों के साथ लंबे समय तक काम किया है। यही वजह है कि खबर के पीछे छिपे एजेंडे की समझ रखने वाले केबी समसामयिक घटनाक्रमों पर गहरा विश्लेषण करते हैं।

पत्रकारिता का उद्देश्य: कृष्ण बिहारी सिंह 'राष्ट्र प्रथम' की भावना के साथ काम करते हैं। केबी का मानना है कि एक पत्रकार की पहली जिम्मेदारी उसका राष्ट्र और लोक कल्याण है। केबी खबरों को पहले प्रमाणिकता की कसौटी पर कसते हैं, फिर आम जनमानस की भाषा में उसे परोसने का काम करते हैं। केबी का मानना है कि रिपोर्टिंग का उद्देश्य पाठकों को न केवल सूचना देना वरन उन्हें सही और असल जानकारी देना है।

और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News , Delhi News , Ghaziabad News , Noida News , Gurgaon News , Faridabad News , Delhi Protest Live और दिल्ली में आज का मौसम सहित पूरे NCR की खबरें पढ़ने के लिए Live Hindustan App अभी डाउनलोड करे और पाएं पल-पल की ताज़ा खबर
Hindi Newsएनसीआर Newsदिल्ली में यूट्यूबर ने सुसाइड ब्लॉग बना सिलेंडर ब्लास्ट कर दी जान, हुआ था तलाक