दिल्ली में थाने के पास युवक की हत्या, बदमाशों ने ताबड़तोड़ 7 गोलियां मारीं

हिन्दुस्तान, नई दिल्ली
share

दिल्ली में बदमाशों के हौसले इतने बुलंद हैं कि वे थाने के नजदीक भी अपराध करने से नहीं डर रहे हैं। बदमाशों ने थाने के पास ही एक युवक को गोलियों से भून दिया। बदमाशों ने युवक को 7 गोलियां मारीं। पुलिस को अभी तक वारदात की वजह का पता नहीं चल पाया है। घटना रात करीब एक बजे के आसपास की बताई जा रही है।

दिल्ली में थाने के पास युवक की हत्या।
दिल्ली में थाने के पास युवक की हत्या।

दिल्ली में बेखौफ बदमाशों ने सोमवार देर रात को आदर्श नगर थाने के पास 28 साल के युवक की गोली मारकर हत्या कर दी। इसके बाद हमलवार फरार हो गये। मृतक की पहचान मोहम्मद आलम के तौर पर हुआ है। हमलावरों ने युवक को सात गोलियां मारी हैं। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया है। अभी तक वारदात के पीछे कारणों का पता नहीं चल पाया है। जानकारी के अनुसार, आलम परिवार सहित जहांगीरपुरी एच ब्लाक की एच ब्लाक की झुग्गियों में रहता था। परिवार में दो पत्नियां और तीन बच्चे हैं। वह आजादपुर सब्जी मंडी में ट्रक पर सामान लादने का काम करता था। बताया जाता है कि आलम सोमवार रात को अपने चचेरे भाई वाहिद के साथ आदर्श नगर थाने के पीछे ट्रांस्पोर्ट नगर में काम कर रहा था।

सिर पर गोली मारने की बात कहकर फायरिंग की

वाहिद ने बताया कि कि रात करीब एक बजे के आसपास तीन चार युवक पार्किंग में आए। उन्होंने आलम से झगड़ा करना शुरू किया। फिर एक ने पीछे से आलम के सिर में गोली मारने को कहा। इसके बाद हमलावरों ने ताबडतोड़ फायरिंग करनी शुरू कर दी। हालांकि आलम अपनी जान बचाने के लिए भागा लेकिन हमलावरों ने पीछा करना नहीं छोड़ा। वे तबतक गोली मारते रहे जबतक कि वह गिर नहीं गया। फिर हमलावर पैदल ही सड़क की तरफ भागे। पुलिस के अनुसार वे बाइक से फरार हो गये। उधर, वाहिद ने घायल भाई को बीजेआरएम अस्पताल में भर्ती कराया लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। अस्पताल से आदर्श नगर पुलिस को घटना की सूचना मिली। इफारेंसिक टीम ने सबूत आदि जमा किए और कारतूस के खाली खोल को कब्जे में ले लिया।

इसी ट्रक पार्किंग में महिला की हुई थी हत्या

इसी ट्रक पार्किंग में बीते साल 22 अक्तूबर को बदमाशों ने महिलाओं को चाकू से गोद दिया था। इस हमले में एक महिला की मौत हो गई थी जबकि दूसरी महिला गंभीर रूप से घायल हो गई थी। पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया था। स्थानीय निवासी आसिफ ने बताया कि रात होते ही यहां असामाजिक तत्वों का जमावड़ा लग जाता है। इसी जगह से कुछ दूरी पर रेलवे ट्रैक के पास बदमाशों ने दम्पत्ति पर हमला किया था जिसमें महिला की मौत हो गई थी।

प्रोटेक्शन मनी मांगने पर फायरिंग, 6 गिरफ्तार

उधर, मदनपुर खादर के बबलू डेयरी स्थित जेजे कॉलोनी में गांजा बेचने के लिए प्रोटेक्शन मनी मांगने से नाराज आरोपियों ने दूसरे पक्ष पर फायरिंग कर दी। फायरिंग में रोहित नामक युवक के बाएं हाथ में गोली लग गई थी। कालिंदी कुंज थाना पुलिस ने चार आरोपियों भूपेंद्र उर्फ धोलवाला, दीपक, अविनाश और राज को गिरफ्तार किया है। गोली चलाने वाले बताए जा रहे मोनू और अभिषेक उर्फ बच्चन को आउटर जिले के स्पेशल स्टाफ ने एक अन्य मामले में गिरफ्तार किया है। पुलिस अब दीपक उर्फ पर्चा सहित अन्य फरार आरोपियों की तलाश कर रही है। पुलिस उपायुक्त विनीत कुमार ने बताया कि दो सितंबर की रात करीब 11:45 बजे ऑफिस में फायरिंग की सूचना मिली थी। आरोपियों से पूछताछ में पुलिस को फायरिंग के पीछे ‘प्रोटेक्शन मनी’ से जुड़े विवाद की जानकारी मिली है।

Subodh Kumar Mishra

लेखक के बारे में

Subodh Kumar Mishra

सुबोध कुमार मिश्रा पिछले 19 साल से हिंदी पत्रकारिता में योगदान दे रहे हैं। वर्तमान में वह 'लाइव हिन्दुस्तान' में स्टेट डेस्क पर बतौर चीफ कंटेंट प्रोड्यूसर अपनी सेवाएं दे रहे हैं। दूरदर्शन के 'डीडी न्यूज' से इंटर्नशिप करने वाले सुबोध ने पत्रकारिता की विधिवत शुरुआत 2007 में दैनिक जागरण अखबार से की। दैनिक जागरण के जम्मू एडीशन में बतौर ट्रेनी प्रवेश किया और सब एडिटर तक का पांच साल का सफर पूरा किया। इस दौरान जम्मू-कश्मीर को बहुत ही करीब से देखने और समझने का मौका मिला। दैनिक जागरण से आगे के सफर में कई अखबारों में काम किया। इनमें दिल्ली-एनसीआर से प्रकाशित होने वाली नेशनल दुनिया, नवोदय टाइम्स (पंजाब केसरी ग्रुप), अमर उजाला और हिन्दुस्तान जैसे हिंदी अखबार शामिल हैं। अखबारों के इस लंबे सफर में खबरों को पेश करने के तरीकों से पड़ने वाले प्रभावों को काफी बारीकी से समझने का मौका मिला।

ज्यादातर नेशनल और स्टेट डेस्क पर काम करने का अवसर मिलने के कारण राजनीतिक और सामाजिक विषयों से जुड़ी खबरों में दिलचस्पी बढ़ती गई। कई लोकसभा और विधानसभा चुनावों की खबरों की पैकेजिंग टीम का हिस्सा रहने के कारण भारतीय राजनीति के गुणा-भाग को समझने का मौका मिला।

शैक्षणिक योग्यता की बात करें तो सुबोध ने बीएससी (ऑनर्स) तक की अकादमिक शिक्षा हासिल की है। साइंस स्ट्रीम से पढ़ने के कारण उनके पास चीजों को मिथ्यों से परे वैज्ञानिक तरीके से देखने की समझ है। समाज से जुड़ी खबरों को वैज्ञानिक कसौटियों पर जांचने-परखने की क्षमता है। उन्होंने मास कम्यूनिकेशन में पोस्ट ग्रेजुएट डिप्लोमा किया है। इससे उन्हें खबरों के महत्व, खबरों के एथिक्स, खबरों की विश्वसनीयता और पठनीयता आदि को और करीब से सीखने और लिखने की कला में निखार आया। सुबोध का मानना है कि खबरें हमेशा प्रमाणिकता की कसौटी पर कसा होना चाहिए। सुनी सुनाई और कल्पना पर आधारित खबरें काफी घातक साबित हो सकती हैं, इसलिए खबरें तथ्यात्मक रूप से सही होनी चाहिए। खबरों के चयन में क्रॉस चेकिंग को सबसे महत्वपूर्ण कारक मानने वाले सुबोध का काम न सिर्फ पाठकों को केवल सूचना देने भर का है बल्कि उन्हें सही, सुरक्षित और ठोस जानकारी उपलब्ध कराना भी है।

और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News , Delhi News , Ghaziabad News , Noida News , Gurgaon News , Faridabad News और दिल्ली में आज का मौसम सहित पूरे NCR की खबरें पढ़ने के लिए Live Hindustan App अभी डाउनलोड करे और पाएं पल-पल की ताज़ा खबर
Hindi Newsएनसीआर Newsदिल्ली में थाने के पास युवक की हत्या, बदमाशों ने ताबड़तोड़ 7 गोलियां मारीं