दिल्ली में दिनदहाड़े डेढ़ करोड़ की लूट, हथियारबंद बाइक सवार बदमाशों ने दिया घटना को अंजाम
दिल्ली में दिनदहाड़े लूट की बड़ी घटना सामने आई है। हथियारबंद बाइक सवार बदमाशों ने रियल एस्टेट फर्म के एक कैशियर से डेढ़ करोड़ रुपए लूट लिए। पुलिस को आशंका है कि बदमाशों को पैसे की खबर पहले से ही थी और वे ऑफिस से ही कैशियर का पीछा कर रहे थे।

दिल्ली के सराय रोहिल्ला इलाके में बुधवार दोपहर दिनदहाड़े डेढ़ करोड़ रुपए की लूट की सनसनीखेज वारदात सामने आई है। बाइक सवार दो बदमाशों ने पिस्टल के बल पर एक रियल एस्टेट फर्म के कैशियर से नकदी से भरा बैग लूट लिया और फरार हो गए। मामले की जांच में जिला पुलिस के साथ क्राइम ब्रांच, स्पेशल स्टाफ और एएटीएस की टीमें जुटी हैं।
चांदनी चौक ले जाई जा रही थी रकम
पुलिस के अनुसार, नितिन और करण पश्चिम विहार स्थित एक रियल एस्टेट फर्म में कैशियर हैं। फर्म मालिक निशांत ने दोनों को डेढ़ करोड़ रुपये से भरा बैग देकर कूचा घासीराम स्थित एक फर्म तक पहुंचाने का निर्देश दिया था। दोनों स्कूटी से पश्चिम विहार से रवाना हुए थे। घटना के बाद पीड़ितों ने पुलिस और फर्म मालिक को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों कर्मचारियों से अलग-अलग पूछताछ की और घटनास्थल के आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालने शुरू कर दिए।
पीछा किए जाने की आशंका
पुलिस अधिकारियों का मानना है कि बदमाशों को रकम की जानकारी पहले से थी और संभवतः वे पश्चिम विहार स्थित फर्म कार्यालय से ही दोनों कर्मचारियों का पीछा कर रहे थे। इसी पहलू को ध्यान में रखते हुए पुलिस कार्यालय और आसपास के सीसीटीवी कैमरों की भी जांच कर रही है।
ओवरटेक कर वारदात को दिया अंजाम
नितिन ने पुलिस को बताया कि जब वे अशोका पार्क मेट्रो स्टेशन से इंद्रलोक की ओर बढ़ रहे थे, तभी लाल रंग की पल्सर बाइक पर सवार दो हेलमेटधारी युवक उनके पास पहुंचे। बदमाशों ने स्कूटी को ओवरटेक कर रोक लिया। इसके बाद एक आरोपी ने पिस्टल तानकर नकदी से भरा बैग छीन लिया और जान से मारने की धमकी देते हुए पंजाबी बाग की ओर फरार हो गया।
पहले भी हो चुकी हैं बड़ी लूट
सराय रोहिल्ला, गुलाबी बाग और बाड़ा हिंदूराव क्षेत्र लंबे समय से नकदी और कीमती सामान लूट की वारदातों के लिए संवेदनशील माने जाते हैं। हाल के वर्षों में इस इलाके में करोड़ों रुपये और सोने के आभूषणों की कई बड़ी लूट की घटनाएं सामने आ चुकी हैं।
लेखक के बारे में
Subodh Kumar Mishraसुबोध कुमार मिश्रा पिछले 19 साल से हिंदी पत्रकारिता में योगदान दे रहे हैं। वर्तमान में वह 'लाइव हिन्दुस्तान' में स्टेट डेस्क पर बतौर चीफ कंटेंट प्रोड्यूसर अपनी सेवाएं दे रहे हैं। दूरदर्शन के 'डीडी न्यूज' से इंटर्नशिप करने वाले सुबोध ने पत्रकारिता की विधिवत शुरुआत 2007 में दैनिक जागरण अखबार से की। दैनिक जागरण के जम्मू एडीशन में बतौर ट्रेनी प्रवेश किया और सब एडिटर तक का पांच साल का सफर पूरा किया। इस दौरान जम्मू-कश्मीर को बहुत ही करीब से देखने और समझने का मौका मिला। दैनिक जागरण से आगे के सफर में कई अखबारों में काम किया। इनमें दिल्ली-एनसीआर से प्रकाशित होने वाली नेशनल दुनिया, नवोदय टाइम्स (पंजाब केसरी ग्रुप), अमर उजाला और हिन्दुस्तान जैसे हिंदी अखबार शामिल हैं। अखबारों के इस लंबे सफर में खबरों को पेश करने के तरीकों से पड़ने वाले प्रभावों को काफी बारीकी से समझने का मौका मिला।
ज्यादातर नेशनल और स्टेट डेस्क पर काम करने का अवसर मिलने के कारण राजनीतिक और सामाजिक विषयों से जुड़ी खबरों में दिलचस्पी बढ़ती गई। कई लोकसभा और विधानसभा चुनावों की खबरों की पैकेजिंग टीम का हिस्सा रहने के कारण भारतीय राजनीति के गुणा-भाग को समझने का मौका मिला।
शैक्षणिक योग्यता की बात करें तो सुबोध ने बीएससी (ऑनर्स) तक की अकादमिक शिक्षा हासिल की है। साइंस स्ट्रीम से पढ़ने के कारण उनके पास चीजों को मिथ्यों से परे वैज्ञानिक तरीके से देखने की समझ है। समाज से जुड़ी खबरों को वैज्ञानिक कसौटियों पर जांचने-परखने की क्षमता है। उन्होंने मास कम्यूनिकेशन में पोस्ट ग्रेजुएट डिप्लोमा किया है। इससे उन्हें खबरों के महत्व, खबरों के एथिक्स, खबरों की विश्वसनीयता और पठनीयता आदि को और करीब से सीखने और लिखने की कला में निखार आया। सुबोध का मानना है कि खबरें हमेशा प्रमाणिकता की कसौटी पर कसा होना चाहिए। सुनी सुनाई और कल्पना पर आधारित खबरें काफी घातक साबित हो सकती हैं, इसलिए खबरें तथ्यात्मक रूप से सही होनी चाहिए। खबरों के चयन में क्रॉस चेकिंग को सबसे महत्वपूर्ण कारक मानने वाले सुबोध का काम न सिर्फ पाठकों को केवल सूचना देने भर का है बल्कि उन्हें सही, सुरक्षित और ठोस जानकारी उपलब्ध कराना भी है।


