
दिल्ली के छावला में लिव इन पार्टनर के कत्ल में आरोपी की पत्नी और साला भी अरेस्ट, बड़ा खुलासा
दिल्ली के छावला इलाके में 26 नवंबर की रात को अपनी लिव इन पार्टनर का कत्ल करने वाले वीरेन्द्र के दो सहयोगियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। ये सहयोगी कोई और नहीं आरोपी की पत्नी और साले हैं। मामले में कुछ खुलासे भी हुए हैं।
दिल्ली के छावला इलाके में 26 नवंबर की रात को अपनी लिव इन पार्टनर की हत्या के मामले में गिरफ्तार वीरेन्द्र के सहयोगियों को भी अरेस्ट कर लिया है। पुलिस ने हत्या आरोपी वीरेंद्र की पत्नी और उसके साले को भी रविवार को गिरफ्तार कर लिया। दोनों पर आरोपी वीरेन्द्र की मदद करने का आरोप है। पुलिस ने वीरेंद्र के साले चेतन (21) और पत्नी पूनम (31 साल) को फिलहाल कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया है।
शराब के नशे में हत्या, सीट पर छिपाई लाश
पुलिस उपायुक्त अंकित सिंह ने बताया कि 26 नवंबर की रात अपनी लिव इन पार्टनर के साथ झगड़े के बाद शराब के नशे में उसकी गला घोंट कर हत्या कर दी थी। हत्या के बाद शव को ठिकाने लगाने के लिए अपनी गाड़ी में पिछली सीट पर छिपा दिया।
लाश को कार तक ले गई पत्नी, भाई भी था साथ
पुलिस उपायुक्त अंकित सिंह ने बताया कि जांच के दौरानइ 28 नवंबर को वीरेन्द्र की पत्नी पूनम और साले चेतन के हत्या में शामिल होने के सुराग मिले। वीरेंद्र की पत्नी पूनम और उसके भाई चेतन ने हत्या के बाद महिला की लाश को घर के बाहर खड़ी वीरेंद्र कार तक ले गए। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर वारदात वाली रात के कपड़े और इलेक्ट्रिक स्कूटर भी जब्त कर लिया है।
पैसों को लेकर हो रहा था झगड़ा
पुलिस अधिकारी ने बताया कि वीरेंद्र महिला के साथ दो साल से रह रहा था। महिला पहले पालम इलाके में रहती थी, लेकिन वीरेन्द्र ने उस घर को बेच दिया था। उस पैसे से वीरेन्द्र ने अगस्त में छावला में एक तीन मंजिला इमारत खरीदी थी। जबकि बिक्री से मिले 21 लाख रुपये उसके पास ही रहे। इसी पैसे को लेकर दोनों के बीच झगड़ा होता था। वारदात वाली रात को दोनों के बीच झगड़ा हुआ और वीरेन्द्र ने शराब के नशे में महिला की हत्या कर दी थी।





