दिल्ली के बुराड़ी में सूटकेस में लड़की की लाश मिलने से सनसनी, रिश्तेदार ही हत्यारा
दिल्ली के बुराड़ी इलाके में एक लड़की की हत्या कर के उसकी लाश एक सूटकेस में रखा गया था। पुलिस को गुप्त सूचना मिली, जिसके आधार पर आरोपी को पकड़ लिया गया। विस्तृत जानकारी के लिए पढ़ें यह रिपोर्ट…

दिल्ली के बुराड़ी इलाके में एक सूटकेस में लड़की की लाश मिलने के मामले में पुलिस ने मृतका के एक रिश्तेदार को ही गिरफ्तार किया है। एक अधिकारी ने बताया कि इस हत्या की जानकारी पहले नहीं मिली थी लेकिन पुलिस टीम ने जाल बिछाकर आरोपी रिश्तेदार को दबोच लिया। आरोपी रिश्तेदार पुलिस टीम को उस जगह तक ले गया जहां लाश छिपाई गई थी।
खुफिया जानकारी पर ऐक्शन
पुलिस के मुताबिक, यह मामला तब सामने आया जब बाहरी उत्तरी जिले की स्पेशल स्टाफ टीम को इस अपराध के बारे में खुफिया जानकारी मिली। सूचना मिलने पर टीम ने जाल बिछाया और आरोपी को पकड़ लिया। इस वारदात की रिपोर्ट पहले नहीं हुई थी।
रिश्तेदार ही निकला हत्यारा
पुलिस ने बताया कि लगातार पूछताछ के बाद आरोपी रिश्तेदार ने कथित तौर पर हत्या में अपनी भूमिका कबूल कर ली। आरोपी पुलिस टीम को बुराड़ी के अजीत विहार में उस जगह ले गया जहां लड़की की लाश एक सूटकेस में छिपाई गई थी।
बुराड़ी पुलिस थाने के हवाले मामला
अधिकारी ने बताया कि आरोपी लड़की का रिश्तेदार है। उसको गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपी की निशानदेही पर लाश बरामद कर ली गई है। मामले में जरूरी कानूनी कार्रवाई की जा रही है। केस बुराड़ी पुलिस थाने को सौंपा गया है। पुलिस FIR दर्ज कर रही है। आगे की जाच जारी है। पुलिस लड़की की मौत की वजह और हत्या के मकसद का पता लगा रही है।
फोरेंसिक और अन्य सबूतों की जांच
पुलिस घटनास्थल से मिले फोरेंसिक और अन्य सबूतों की जांच कर रही है। घटनाओं का सही क्रम भी पता लगाया जा रहा है। आरोपी पुलिस हिरासत में है। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है ताकि उन वजहों का पता लगाया जा सके जिसके चलते लड़की की कथित तौर पर हत्या की गई और उसकी लाश छिपाई गई। पुलिस ने कहा कि जांच के दौरान मिले सबूतों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
एक दिन पहले ही हुई थी सनसनीखेज वारदात
एक दिन पहले रविवार को पूर्वी दिल्ली के कल्याणपुरी में महज शक और गलतफहमी के कारण नगर निगम की टिपर गाड़ी के 28 वर्षीय एक सफाईकर्मी की चाकू से गोदकर हत्या कर दी गई। बताया जाता है कि आरोपी की असली दुश्मनी गाड़ी के चालक से थी। उसे शक था कि सफाईकर्मी उसकी पत्नी से बात करता है।
धोखे में ली गई थी सफाईकर्मी की जान
सफाईकर्मी का चेहरा गुलशन से मिलने के कारण आरोपी ने धोखे से उस पर हमला कर दिया। यह पूरी घटना सीसीटीवी में कैद हो गई। वारदात के समय आसपास मौजूद लोग मूकदर्शक बने रहे, जिससे आरोपी आसानी से फरार हो गया। बाद में अस्पताल में इलाज के दौरान सफाईकर्मी की मौत हो गई। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।


