
दिल्ली में स्कूटी से टकराने का विरोध पर फायरिंग, तीन अरेस्ट
दिल्ली के जाफराबाद इलाके में स्कूटी से टक्कर के विवाद में एक युवक पर फायरिंग का मामला सामने आया है। जाफराबाद थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले में संबंधित धारा में केस दर्ज कर 3 आरोपियों को दबोच लिया।
दिल्ली के जाफराबाद इलाके में शुक्रवार शाम स्कूटी से टक्कर होने पर शुरू हुए विवाद में एक युवक पर फायरिंग करने का मामला सामने आया है। मामले की सूचना के बाद पहुंची जाफराबाद थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले में संबंधित धारा में केस दर्ज कर तीन आरोपियों को दबोच लिया। पकड़े गए आरोपियों में 45 वर्षीय यूसुफ और उसका 18 वर्षीय बेटा यासिर और नाबालिग शामिल है। पुलिस ने उनके पास से एक पिस्तौल और दो खाली कारतूस बरामद किए हैं।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि 21 वर्षीय अरमान अपने परिवार के साथ गली नंबर 37, जाफराबाद इलाके में रहता है। पुलिस को दिए बयान में अरमान ने बताया कि शुक्रवार शाम को 6.40 बजे नाबालिग अपनी स्कूटी से जा रहा था। इसी दौरान उसकी स्कूटी अरमान से टकरा गई। जिसके बाद दोनों में बहस शुरू हो गई। बहस के बाद अरमान और उसके चचेरे भाई ने नाबलिग पर हमला कर दिया और उसकी पिटाई कर दी।
नाबालिग उन्हें धमकी देकर वहां से चला गया और फिर अपने पिता व भाई के साथ मौके पर आया और अरमान के साथ झगड़ा करने लगा। इसी दौरान आरोपियों ने पिस्तौल निकाली और अरमान व उसके चचेरे भाई को निशाना बनाते हुए फायरिंग शुरू कर दी। हालांकि इस मामले में किसी को गोली नहीं लगी। मामले की सूचना पीड़ितों ने पुलिस को दी। जाफराबाद थाना पुलिस ने संबंधित धारा में केस दर्ज कर आरोपियों को दबोच लिया। फिलहाल पुलिस ने आरोपियों से पूछताछ कर रही है।





