मुर्दा बन सेना से की ठगी; दिल्ली में पूर्व सैनिक और पत्नी पर FIR, खुद की 'मौत' का रचा था स्वांग!

Mar 10, 2026 06:39 am ISTPraveen Sharma हिन्दुस्तान, नई दिल्ली, राजन शर्मा
share

दिल्ली के वसंत विहार थाने में भारतीय सेना के पूर्व सैनिक और उनकी पत्नी के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया गया है। आरोप है कि उन्होंने मिलकर आर्मी ग्रुप इंश्योरेंस फंड से लाखों रुपये निकालने के लिए पूर्व सैनिक की मौत का नाटक किया था। 

मुर्दा बन सेना से की ठगी; दिल्ली में पूर्व सैनिक और पत्नी पर FIR, खुद की 'मौत' का रचा था स्वांग!

राजधानी दिल्ली के वसंत विहार थाने में भारतीय सेना के पूर्व सैनिक और उनकी पत्नी के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया गया है। आरोप है कि उन्होंने मिलकर आर्मी ग्रुप इंश्योरेंस फंड से लाखों रुपये निकालने के लिए पूर्व सैनिक की मौत का नाटक किया। पत्नी ने फर्जी मृत्यु प्रमाणपत्र, शपथपत्र और अन्य दस्तावेज जमा कर बीमा राशि का दावा किया।

पुलिस के अनुसार, अखिलेश कुमार वर्ष 1998 में बिहार रेजिमेंट में भर्ती हुए थे और 2010 में सेवा से मुक्त हुए। सेवा के दौरान उन्होंने अपनी पत्नी ज्ञानती देवी को बीमा योजना में नामांकित किया था। आरोप है कि 2011 में पत्नी ने दावा किया कि अखिलेश की 17 सितंबर को करंट लगने से मौत हो गई। ग्राम पंचायत से बनवाए गए फर्जी मृत्यु प्रमाणपत्र और अन्य दस्तावेज जमा कर तीन लाख रुपये का क्लेम किया गया। देरी से भुगतान पर 21,750 रुपये अतिरिक्त ब्याज भी प्राप्त हुए।

बिहार पुलिस की जांच में जिंदा होने का पता चला

बाद में बिहार के जहानाबाद जिले की पुलिस जांच में सामने आया कि अखिलेश कुमार जिंदा हैं। साथ ही यह भी पता चला कि बीमा राशि फर्जी दस्तावेजों के आधार पर पत्नी ने ही प्राप्त की थी। इसके बाद आर्मी ग्रुप इंश्योरेंस फंड के अधिकारियों ने पुलिस से कार्रवाई की मांग की।

दंपती और ग्राम सरपंच के खिलाफ एफआईआर दर्ज

अदालत के आदेश पर वसंत विहार पुलिस ने अखिलेश कुमार, ज्ञानती देवी और जहानाबाद के एक ग्राम सरपंच के खिलाफ भारतीय दंड संहिता (आईपीसी) की धारा 420, 468 और 471 के तहत एफआईआर दर्ज की। पुलिस ने बताया कि मामले की जांच जारी है और सभी आरोपियों की भूमिका की गहन पड़ताल की जा रही है। आरोपी वर्तमान में गिरफ्तारी के दायरे में हैं और पुलिस जल्द ही उन्हें कोर्ट में पेश कर सकती है। इस मामले से पता चलता है कि बीमा धोखाधड़ी के जरिए बड़ी रकम निकालने के लिए फर्जी दस्तावेज और प्रमाणपत्र का इस्तेमाल किया जा रहा है।

Praveen Sharma

लेखक के बारे में

Praveen Sharma
प्रवीण शर्मा लाइव हिन्दुस्तान में स्टेट टीम का हिस्सा हैं। एक दशक से भी अधिक समय से पत्रकारिता के क्षेत्र में सेवाएं दे रहे प्रवीण साल 2014 में डिजिटल पत्रकारिता में आने से पहले प्रिंट मीडिया में भी काम कर चुके हैं। प्रवीण ने अपने करियर की शुरुआत हरिभूमि अखबार से की थी और वर्ष 2018 में लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े। प्रवीण मूलरूप से उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ जिले के निवासी हैं, लेकिन इनका जन्म और स्कूली शिक्षा दिल्ली से हुई है। हालांकि, पत्रकारिता की पढ़ाई इन्होंने हरियाणा के हिसार स्थित गुरु जम्भेश्वर विश्वविद्यालय से की है। वह दिल्ली-एनसीआर की सियासी घटनाओं के साथ ही जन सरोकार से जुड़ी सभी छोटी-बड़ी खबरों पर भी पैनी नजर रखते हैं। और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News , Delhi News , Ghaziabad News , Noida News , Gurgaon News और Faridabad News सहित पूरी NCR News पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।