दिल्ली के सीआर पार्क में पड़ोसी असद ने पुरानी रंजिश में ली बाप-बेटे की जान, आरोपी पकड़ा
साउथ दिल्ली के पॉश इलाके चित्तरंजन पार्क (CR Park) में शुक्रवार की रात डबल मर्डर की एक खौफनाक वारदात सामने आई। यहां तारा अपार्टमेंट में रहने वाले पड़ोसी ने पुरानी रंजिश के चलते पिता-पुत्र पर चाकू से हमला कर उनकी हत्या कर दी।

दिल्ली पुलिस ने साउथ दिल्ली के पॉश इलाके सीआर पार्क में हुए पिता-पुत्र के डबल मर्डर के आरोपी आरोपी युवक असद को हिरासत में ले लिया है। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है। आरोपी असद भी उसी तारा अपार्टमेंट का निवासी है, जहां पीड़ित परिवार रहता है। पुलिस इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही ताकि आरोपी की गतिविधियों का पता लगाया जा सके।
डीसीपी साउथ अनंत मित्तल ने आज प्रेस रिलीज जारी कर बताया कि 17 अप्रैल की रात 9:30 बजे सीआर पार्क थाने को साकेत स्थित मैक्स हॉस्पिटल से घटना के संबंध में सूचना मिली थी। सूचना में बताया गया था कि सीआर पार्क के अलकनंदा स्थित तारा अपार्टमेंट्स में रहने वाले 3 लोगों को उनके रिश्तेदारों द्वारा अस्पताल भर्ती कराया गया है। जांच के बाद डॉक्टरों ने 62 वर्षीय राकेश सूद और उनके 27 वर्षीय बेटे करण सूद को मृत घोषित कर दिया, जबकि चचेरे भाई राहुल को चोटें आई थीं और उनका इलाज चल रहा है।
दिल्ली पुलिस सीआर पार्क थाने में उचित धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज कर मामले की जांच कर रही है। पुलिस की जांच-पड़ताल के दौरान यह बात सामने आई है कि यह घटना पिछले विवादों से उपजी पुरानी रंजिश के कारण हुई थी। पुलिस ने हमले के आरोपी असद को हिरासत में ले लिया है। असद भी तारा अपार्टमेंट्स का ही रहने वाला है।
पैसों के लेन-देन को लेकर हुआ विवाद
गौरतलब है कि सीआर पार्क इलाके में शुक्रवार देर शाम कथित तौर पर पैसों के लेन-देन को लेकर हुए विवाद ने हिसंक रूप ले लिया। तारा अपार्टमेंट में एक युवक ने पिता-पुत्र पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर उनकी हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया था। पुलिस ने दोनों शव कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिए हैं।
प्रॉपर्टी के कारोबार से जुड़े थे पिता-पुत्र
पुलिस अधिकारी ने बताया कि मृतक करण सूद अपने परिवार के साथ सीआर पार्क के तारा अपार्टमेंट में रहता है। करण प्रॉपर्टी के कारोबार से जुड़ा हुआ है। यह उसके पिता राकेश सूद का कारोबार है, जिसमें वह मदद करता है।
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी और पीड़ितों के बीच लंबे समय से पैसों के लेन-देन को लेकर विवाद चल रहा था। शुक्रवार को इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते हिंसक झगड़े में बदल गई। इसी दौरान आरोपी युवक ने गुस्से में आकर चाकू निकाल लिया और पहले करण पर हमला किया। राकेश अपने बेटे को बचाने आए तो आरोपी ने उन्हें भी चाकू से गोद दिया। आरोपी ने दोनों पर आधा दर्जन से ज्यादा वार किए हैं। अचानक हुए इस हमले से दोनों गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़े। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी और घायलों को अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।


