लाल किला ब्लास्ट मामले के 5 आरोपियों को दिल्ली की अदालत ने जेल भेजा, 2 अन्य की न्यायिक हिरासत बढ़ाई
NIA के अनुसार, जम्मू-कश्मीर का रहने वाला डार, इस हमले में मारे गए उमर-उन-नबी का करीबी साथी था। उमर-उन-नबी वही सुसाइड बॉम्बर था जो 10 नवंबर को रेड फोर्ट के बाहर धमाका करने वाली विस्फोटक से भरी कार चला रहा था।

दिल्ली की एक अदालत ने शुक्रवार को लाल किले के पास हुए कार धमाका मामले के आरोपी तीन डॉक्टरों और एक धार्मिक उपदेशक सहित पांच आरोपियों को 13 फरवरी तक न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया। इस दौरान स्पेशल जज प्रशांत शर्मा ने नेशनल इन्वेस्टिगेटिंग एजेंसी (NIA) की उस याचिका को स्वीकार कर लिया, जिसमें इन पांचों आरोपियों डॉ. अदील राथर, डॉ. शाहीन सईद, डॉ. मुज़म्मिल गनई, मौलवी इरफ़ान अहमद वागे और जासिर बिलाल वानी की न्यायिक हिरासत मांगी गई थी। इसके अलावा कोर्ट ने दो अन्य आरोपियों यासिर अहमद डार और नसीर बिलाल मल्ला की न्यायिक हिरासत भी बढ़ा दी।
NIA ने पिछले साल 17 नवंबर को श्रीनगर में वानी को गिरफ्तार किया था। उस पर आरोप है कि उसने ड्रोन को मॉडिफाई करके आतंकी हमलों के लिए टेक्निकल सपोर्ट दिया था और 10 नवंबर को लाल किला के पास हुए सुसाइड ब्लास्ट से पहले रॉकेट बनाने की कोशिश की थी, मेट्रो स्टेशन के पास हुए इस ब्लास्ट में 15 लोगों की जान चली गई थी।
NIA के अनुसार, जम्मू-कश्मीर का रहने वाला डार, इस हमले में मारे गए उमर-उन-नबी का करीबी साथी है। उमर-उन-नबी वही सुसाइड बॉम्बर था जो 10 नवंबर को रेड फोर्ट के बाहर धमाका करने वाली विस्फोटक से भरी कार चला रहा था। केन्द्रीय एजेंसी ने आरोप लगाया कि नसीर ने जानबूझकर उमर-उन-नबी को लॉजिस्टिकल सपोर्ट देकर पनाह दी थी और आतंकी हमले से जुड़े सबूतों को भी नष्ट कर दिया था। NIA ने इस मामले में अब तक नौ आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
ईडी ने अल फलाह विश्वविद्यालय की संपत्तियां कुर्क कीं
उधर इसी विस्फोट के बाद जांच एजेंसियों के रडार पर आए हरियाणा स्थित अल फलाह विश्वविद्यालय की लगभग 140 करोड़ रुपए मूल्य की संपत्तियां प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने शुक्रवार को कुर्क कर लीं। अधिकारियों ने बताया कि ईडी ने अल फलाह समूह के अध्यक्ष जवाद अहमद सिद्दीकी और उनके ट्रस्ट के खिलाफ आरोप-पत्र दाखिल किया है। अल फलाह विश्वविद्यालय राष्ट्रीय राजधानी में पिछले साल 10 नवंबर को लाल किले के निकट हुए कार बम विस्फोट के बाद केंद्रीय एजेंसियों की जांच के घेरे में है।
अधिकारियों ने बताया कि धनशोधन निवारण अधिनियम (पीएमएलए) के तहत जारी एक अंतरिम आदेश के तहत फरीदाबाद के धौज क्षेत्र में स्थित विश्वविद्यालय की 54 एकड़ भूमि, विश्वविद्यालय की इमारतों, विभिन्न स्कूलों और विभागों से संबंधित इमारतों और छात्रावासों को कुर्क कर लिया गया है।
सिद्दीकी को नवंबर में ईडी ने उनके ट्रस्ट द्वारा संचालित शिक्षण संस्थानों के छात्रों के साथ धोखाधड़ी से जुड़े धनशोधन के आरोपों में गिरफ्तार किया था। एजेंसी ने दावा किया कि शिक्षण संस्थानों के पास शिक्षण के लिए आवश्यक वैध मान्यता नहीं थी।
अल फलाह विश्वविद्यालय उस सफेदपोश आतंकवादी मॉड्यूल के खिलाफ जांच के दौरान सुर्खियों में आया है, जिसके सिलसिले में राष्ट्रीय अन्वेषण अभिकरण (NIA) और जम्मू-कश्मीर पुलिस ने तीन चिकित्सकों सहित कम से कम 10 लोगों को गिरफ्तार किया है। लाल किले के करीब हुए विस्फोट को अंजाम देने वाला उमर उन नबी भी इसी अल फलाह मेडिकल कॉलेज में बतौर डॉक्टर सेवा दे रहा था।
लेखक के बारे में
Sourabh Jainसौरभ जैन पिछले 16 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं और वर्तमान में लाइव हिन्दुस्तान में स्टेट टीम में कार्यरत हैं। वह दिल्ली-एनसीआर, उत्तराखंड, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, राजस्थान, झारखंड, हिमाचल प्रदेश और गुजरात से जुड़े घटनाक्रम पर खबरें और विश्लेषण लिखते हैं।
विस्तृत बायो
परिचय और अनुभव: सौरभ जैन भारतीय डिजिटल मीडिया जगत का एक हिस्सा हैं, जिन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में 16 वर्षों से ज्यादा का अनुभव है। वर्तमान में, वह भारत के अग्रणी समाचार संस्थान 'लाइव हिन्दुस्तान' (हिन्दुस्तान टाइम्स ग्रुप) में स्टेट सेक्शन में अपनी सेवाएं दे रहे हैं। वे पिछले लगभग तीन सालों से यहां कार्यरत हैं। सौरभ का करियर टीवी मीडिया से शुरू होकर डिजिटल मीडिया की गतिशीलता तक फैला हुआ है, जो उन्हें खबरों को गहराई और सटीकता के साथ प्रस्तुत करने में सक्षम बनाता है।
शैक्षणिक पृष्ठभूमि और कार्य अनुभव
सौरभ ने बैचलर ऑफ कॉमर्स की डिग्री लेने के बाद पत्रकारिता के क्षेत्र में कदम रखा और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया से पोस्ट ग्रेजुएशन का कोर्स किया। इस क्षेत्र में साल 2009 से सक्रिय होने के बाद सौरभ ने पहले टीवी के क्षेत्र में अलग-अलग डेस्क पर कार्य अनुभव लिया, इस दौरान उन्होंने टिकर डेस्क से शुरुआत करने के बाद न्यूज डेस्क में कॉपी राइटिंग का अनुभव हासिल किया, इस दौरान क्षेत्रीय विषयों से लेकर राष्ट्रीय व अंतर्राष्ट्रीय विषयों पर खबरें लिखीं। इसके बाद उन्हें बॉलीवुड और हेल्प-लाइन डेस्क में भी काम करने का मौका मिला। हेल्प लाइन डेस्क में काम करने के दौरान उन्हें स्वास्थ्य, करियर और आम लोगों से जुड़े कई विषयों को जानने व समझने का मौका मिला।
इसके बाद साल 2016 में उन्होंने डिजिटल मीडिया की दुनिया में कदम रखा और स्पोर्ट्स डेस्क के साथ शुरुआत की। सौरभ ने अपने करियर की शुरुआत ZEE24 छत्तीसगढ़ न्यूज चैनल से की थी। इसके बाद वे IBC24 और दैनिक भास्कर जैसी संस्थाओं में भी सेवाएं दे चुके हैं। सौरभ साल 2023 से लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े हुए हैं और यहां पर स्टेट डेस्क में कार्यरत हैं। सौरभ मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के रहने वाले हैं और उन्होंने अपनी स्कूली पढ़ाई और ग्रेजुएशन दोनों यहीं से किया है। इसके बाद उन्होंने माखनलाल चतुर्वेदी पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय से पत्रकारिता में मास्टर्स की डिग्री ली है।
सौरभ जैन का मानना है कि एक पत्रकार की पहली जिम्मेदारी सही तथ्यों व आसान भाषा में पाठकों तक खबरें पहुंचाना है। इस काम में तेजी जितनी जरूरी है, सटीकता भी उतनी ही महत्वपूर्ण है। फिर चाहे वह आम जीवन की खबरें हों, राजनीति की खबरें हों, खेल की खबरें हों या फिर चकाचौंध से भरे बॉलीवुड की खबरें हों। कोई भी खबर सही तथ्यों के साथ रीडर्स तक पहुंचनी चाहिए। हड़बड़ी में तथ्यों की पुष्टि ना होने पर गलत जानकारी पाठकों तक पहुंचने का खतरा बना रहता है। इसलिए सौरभ का मानना है कि पत्रकारिता का मतलब केवल पाठकों तक सूचना पहुंचाना ही नहीं, बल्कि सही और निष्पक्ष जानकारी पहुंचाते हुए उनकी बुद्धिमत्ता और विवेक को भी जागृत करना होता है।


