ध्रुव राठी हाजिर हों! दिल्ली की कोर्ट ने 8 साल पुराने केस में जारी किया वारंट; क्या है मामला
दिल्ली की साकेत कोर्ट ने मानहानि के एक केस में यूट्यूबर ध्रुव राठी के खिलाफ जमानती वारंट जारी किया है। भाजपा आईटी सेल के एक सदस्य विकास पांडे ने 8 साल पहले यह मामला दर्ज कराया था।

दिल्ली की साकेत कोर्ट ने यूट्यूबर ध्रुव राठी के खिलाफ शनिवार को जमानती वारंट जारी किया है। ज्यूडिशियल मजिस्ट्रेट राहुल जैन की अदालत ने भाजपा आईटी सेल के सदस्य विकास पांडे द्वारा 2018 में दायर किए गए मानहानि मामले में यह जमानती वारंट जारी किया है।
कोर्ट ने राठी से वारंट की तामील करते हुए 31 अक्टूबर को अदालत में पेश होने को कहा है। शिकायतकर्ता विकास पांडे ने आरोप लगाया था कि ध्रुव राठी ने अपने यूट्यूब चैनल पर एक वीडियो अपलोड करके उनकी मानहानि की है। इस वीडियों में उन्हें रिश्वत देने की पेशकश की बात कही गई है।
5 दिन पहले भेजा था नया समन
बता दें कि, कोर्ट ने ध्रुव राठी के खिलाफ इस मामले में 5 दिन पहले 12 अक्टूबर को एक बार फिर से नया समन जारी किया था। कोर्ट ने गौर किया कि शिकायतकर्ता कई सालों से उन्हें समन तामील कराने की कोशिश कर रहा था। अदालत ने अपने आदेश में यह निर्देश दिया कि हरियाणा के गुरुग्राम स्थित राठी के आवास पर नया समन भेजा जाए। कोर्ट के एक कर्मचारी ने बताया कि जब वे समन (नोटिस) देने उनके घर गए थो तो घर पर ताला लगा हुआ था।
राठी को 2019 में पहली बार भेजा गया था समन
शिकायतकर्ता विकास पांडे की तरफ से पेश हुए वकील समक्ष शर्मा ने कोर्ट को बताया था कि ध्रुव राठी आमतौर पर ऑस्ट्रिया में रहते हैं, लेकिन फिलहाल दिल्ली में हो रहे कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के विरोध प्रदर्शनों में शामिल होने के लिए भारत आए हुए हैं। उन्होंने कहा कि नया समन जारी करना जरूरी है, ताकि उसे तामील कराने के लिए तत्काल कदम उठाए जा सकें। अदालत ने ध्यान दिलाया कि राठी को पहली बार जुलाई 2019 में समन जारी किया गया था। कोर्ट ने निर्देश दिया कि राठी को हरियाणा के गुरुग्राम स्थित उनके पते पर नया समन जारी किया जाए।
इस केस में केजरीवाल को SC से मांगनी पड़ी थी माफी
ज्ञात रहे कि यह वही पुराना मामला है, जिसमें दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने वीडियो को रीट्वीट करने के लिए वर्ष 2024 में सुप्रीम कोर्ट के समक्ष माफी मांगी थी, जबकि राठी के खिलाफ कार्यवाही अभी भी लंबित है।
बता दें कि, दिल्ली में सीजेपी द्वारा 10 अक्टूबर को जंतर-मंतर पर बुलाए गए विरोध प्रदर्शन से पहले ही दिल्ली पुलिस ने ध्रुव राठी को हिरासत में ले लिया था और शाम को छोड़ दिया गया था। इसके बाद ध्रुव राठी ने मीडिया के सामने आकर दिल्ली पुलिस द्वारा उन्हें घर से किडनैप करने के आरोप भी लगाए थे।

