Hindi Newsएनसीआर Newsdelhi colder than shimla mussoorie temperature drops to 4 5 imd yellow alert for coldwaves
पहाड़ों पर बर्फबारी का असर, शिमला-मसूरी से भी ज्यादा ठंडी हुई दिल्ली; अगले दो दिनों का IMD येलो अलर्ट

पहाड़ों पर बर्फबारी का असर, शिमला-मसूरी से भी ज्यादा ठंडी हुई दिल्ली; अगले दो दिनों का IMD येलो अलर्ट

संक्षेप: Delhi Weather: दिल्ली में गुरुवार को दूसरे दिन भी कड़ाके की ठंड का प्रकोप रहा। ठंडी हवाओं ने लोगों को ठिठुरन का अहसास कराया। जिससे न्यूनतम तापमान 4.5 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जो इस मौसम का सबसे निचला स्तर है। कुछ इलाकों में शीतलहर की स्थिति देखी गई।

Fri, 13 Dec 2024 05:31 AMSneha Baluni हिन्दुस्तान, नई दिल्ली
share Share
Follow Us on

दिल्ली में गुरुवार को दूसरे दिन भी कड़ाके की ठंड का प्रकोप रहा। ठंडी हवाओं ने लोगों को ठिठुरन का अहसास कराया। जिससे न्यूनतम तापमान 4.5 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जो इस मौसम का सबसे निचला स्तर है। कुछ इलाकों में शीतलहर की स्थिति देखी गई। गुरुवार राजधानी में तीन सालों बाद दिसंबर का सबसे ठंडा दिन रहा, जब न्यूनतम तापमान सामान्य से चार डिग्री कम रहा। यह हिल स्टेशनों शिमला (जहां न्यूनतम तापमान 5 डिग्री सेल्सियस रहा) और मसूरी (6.9 डिग्री सेल्सियस) सहित कुछ पर्वतीय स्टेशनों से भी कम रहा। दिल्ली में आखिरी बार दिसंबर में न्यूनतम तापमान 20 दिसंबर, 2021 को 3.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।

येलो अलर्ट जारी

भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने शनिवार तक के लिए येलो अलर्ट जारी किया है, जिसमें पूर्वानुमान जताया गया है कि शीतलहर की स्थिति बनी रहेगी और दिल्ली के बेस वेदर स्टेशन सफदरजंग में न्यूनतम तापमान 4 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहेगा। एजेंसी ने कहा कि अन्य स्टेशनों पर तापमान में एक या दो डिग्री की गिरावट आ सकती है। दिल्ली का तापमान बुधवार को इस मौसम में पहली बार 5 डिग्री सेल्सियस से नीचे गिरकर 4.9 डिग्री सेल्सियस पर आ गया, जो 1987 के बाद से सबसे कम गिरावट है।

बर्फबारी का असर

देश के उत्तरी हिस्से में आए सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के चलते उच्च हिमालयी क्षेत्रों में कई स्थानों पर अच्छा हिमपात हुआ है। इसका असर दिल्ली समेत पूरे उत्तर भारत के मौसम पर देखने को मिल रहा है। दिल्ली की तरफ आने वाली हवा की दिशा आमतौर पर उत्तरी पश्चिमी है। यह हवा अपने साथ बर्फ की गलन भरी ठंड लेकर आ रही है, जिसके चलते तापमान में खासी गिरावट आई है। दिल्ली की मानक वेधशाला सफदरजंग में गुरुवार को न्यूनतम तापमान 4.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। अधिकतम तापमान 22.2 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से एक डिग्री कम है। आयानगर का न्यूनतम तापमान 3.8 डिग्री सेल्सियस और पूसा का न्यूनतम तापमान 3.2 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया।

अभी ऐसी ही स्थिति रहेगी

मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले दो दिनों के बीच दिल्ली में कड़ाके की ठंड की स्थिति बनी रही। सुबह के समय हल्की धुंध रहेगी। दिन के समय आसमान आमतौर पर साफ रहेगा। गलन भरी हवाओं के चलते रात और सुबह के समय खासी ठंड रहेगी। कुछ इलाकों में शीतलहर की स्थिति बन सकती है। इसके लिए येलो अलर्ट भी जारी किया गया है। येलो अलर्ट मौसम बिगड़ने की संभावना को देखते हुए जारी किया जाता है। मुख्य मकसद लोगों को सतर्क करना होता है। इसके तहत लगातार मौसम संबंधित अपडेट लेने की सलाह दी जाती है।

Sneha Baluni

लेखक के बारे में

Sneha Baluni
पत्रकारिता का करीब एक दशक का अनुभव। दिल्ली यूनिवर्सिटी, भारतीय जनसंचार संस्थान और गुरु जम्बेश्वर विश्वविद्यालय से पत्रकारिता की पढ़ाई। दिल्ली-एनसीआर से जुड़ी खबरों पर विशेष नजर। समय मिलने पर बैंडमिंटन खेलना, प्रकृति की सैर पसंद है। लाइव हिन्दुस्तान से पहले लाइव इंडिया, जनसत्ता, अमर उजाला में अलग-अलग भूमिकाओं में काम करने का मौका मिला। एनजीओ में भी काम का अनुभव। स्नेहा मूलरूप से उत्तराखंड के कोटद्वार जिले की रहने वाली हैं। और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News, बॉलीवुड न्यूज , बिजनेस न्यूज , क्रिकेट न्यूज , धर्म ज्योतिष , एजुकेशन न्यूज़ , राशिफल और पंचांग पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।