दिल्ली के टिकरी कलां में CNG स्टेशन पर जोरदार धमाका; तीन की मौत, कई जख्मी
दिल्ली के टिकरी कलां में एक ट्रक में अचानक जोरदार धमाका हो गया। हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई है जबकि कई अन्य घायल हो गए हैं। घायलों को तुरंत पास के अस्पताल में ले जाया गया है। पुलिस घटना की जांच कर रही है।
दिल्ली के टिकरी कलां में बुधवार को दोपहर के वक्त एक सीएनजी पंप पर जोरदार धमाका हो गया। विस्फोट में तीन लोगों की मौत हो गई जबकि 5 अन्य जख्मी हो गए हैं। विस्फोट ट्रक के सीएनजी सिलेंडर में हुआ। घायलों को नजदीकी अस्पताल ले जाया गया। घटना की सूचना पर पुलिस की टीमें तुरंत मौके पर पहुंचीं। घटना टिकरी कलां मेट्रो स्टेशन के पास CNG पंप पर उस वक्त हुई जब ट्रक में गैस भरी जा रही थी। धमाके के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
CNG भराने पहुंचा था ट्रक
प्राप्त जानकारी के मुताबिक, दिल्ली के टिकरी कलां मेट्रो स्टेशन के पास CNG पंप पर एक ट्रक गैस भरवाने के लिए पहुंचा था। गैस भरी जाने के दौरान अचानक ट्रक में जोरदार धमाका हो गया। पुलिस ने बताया कि विस्फोट में एक शख्स की मौत हो गई जबकि 5 अन्य जख्मी हो गए।
दहल गया पूरा इलाका
विस्फोट से इतनी जोरदार आवाज हुई कि इलाका दहल गया। घायलों को नजदीकी अस्पताल ले जाया गया है। घटना की सूचना मिलते ही दमकल टीमों ने भी मोर्चा संभाल लिया।
तीन की मौत, 3 जख्मी
दिल्ली फायर सर्विस ने बताया कि उसे बुधवार को दोपहर 3.37 बजे घटना की सूचना मिली। इसके बाद 6 दमकल गाड़ियां मौके पर भेजी गईं। CNG स्टेशन पर ट्रक का गैस टैंक रिफिलिंग के दौरान फट गया। धमाके में पास खड़े 6 लोग घायल हो गए जिनमें से तीन की मौत हो गई। एक अधिकारी ने बताया कि फायर सर्विस के जवानों ने मौके पर जरूरी सावधानी बरती और स्थिति पर जल्द ही काबू पा लिया।
कुछ घायलों की हालत नाजुक
अस्पताल में भर्ती कराए गए कुछ घायल लोगों की हालत नाजुक बताई जाती है। बाहरी दिल्ली के DCP ने बताया कि कुछ घायलों की हालत गंभीर है। अधिकारी घटना से जुड़ी परिस्थितियों की जांच कर रहे हैं। अधिकारी पता लगा रहे हैं कि रिफिलिंग की प्रक्रिया में कहीं कोई चूक तो नहीं हो गई।
मृतक की हुई पहचान
इस भीषण विस्फोट में जान गंवाने वाले मृतक की पहचान मनीष के तौर पर हुई है। उसकी उम्र 25 साल थी। वह पश्चिमी दिल्ली की बाबा हरिदास कॉलोनी में रहता था। मनीष सीएनजी पंप पर गैस भरने का काम करता था। विस्फोट तब हुआ जब वह ट्रक के CNG सिलेंडर में गैस भर रहा था। सूत्रों की मानें तो उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया।


