delhi cm rekha gupta convoy stopped cows on road रेखा गुप्ता का गायों ने रोक लिया रास्ता! एक दिन पहले ही बजट में किया था इन पर ऐलान, Ncr Hindi News - Hindustan
Hindi Newsएनसीआर न्यूज़delhi cm rekha gupta convoy stopped cows on road

रेखा गुप्ता का गायों ने रोक लिया रास्ता! एक दिन पहले ही बजट में किया था इन पर ऐलान

एक दिन पहले ही दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने बजट में जिस एक बड़ी समस्या का जिक्र किया था और आज उनका इससे खुद सामना भी हो गया।

Sudhir Jha लाइव हिन्दुस्तान, नई दिल्ली, एएनआईWed, 26 March 2025 01:50 PM
share Share
Follow Us on
रेखा गुप्ता का गायों ने रोक लिया रास्ता! एक दिन पहले ही बजट में किया था इन पर ऐलान

एक दिन पहले ही दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने बजट में जिस एक बड़ी समस्या का जिक्र किया था और आज उनका इससे खुद सामना भी हो गया। दिल्ली की सड़कों पर मवेशियों के घूमने की समस्या का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने इनके लिए आश्रय स्थल बनाने की बात कही थी और बुधवार को उनके काफिले के सामने कई गायें आ गईं। मुख्यमंत्री काफिले को रुकवाकर सड़क पर उतर आईं और इस समस्या को दूर करने के लिए अधिकारियों को दिशा निर्देश दिए।

दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता शालीमार बाग के पास हैदरपुर फ्लाईओवर से अपने काफिले के साथ गुजर रही थीं। तभी अचानक फ्लाइओवर पर कई गायें आ गईं। सीएम के काफिले को रोकना पड़ा। इस दौरान मुख्यमंत्री अपनी गाड़ी से बाहर निकल आईं। उन्होंने अपने साथ चल रहे अधिकारियों को निर्देश दिया कि इन गायों को आश्रय स्थल ले जाया जाए। सीएम ने अधिकारियों को इस दिशा में ठोस उपाय करने को कहा ताकि आम लोगों को इस तरह की समस्या का सामना ना करना पड़े।

एक दिन पहले ही अपना पहला बजट पेश करते हुए दिल्ली की मुख्यमंत्री ने इस समस्या को लेकर अपनी चिंता जाहिर की थी और उपायों की घोषणा भी की। उन्होंने इसके लिए मॉर्डन गौशाला बनाने का ऐलान किया। मुख्यमंत्री ने घुम्मन खेड़ा में आधुनिक गौशाला बनाने के लिए 40 करोड़ रुपए का प्रावधान किया। उन्होंने इसके अलावा दिल्ली में और भी नई गौशालाएं बनाने और सड़कों से मवेशियों को दूर करने का भरोसा दिया है।

अगला लेखऐप पर पढ़ें